श्रीसद्गुरु पुण्यक्षेत्रम् का निर्माण
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के संकल्प के अनुसार श्रीसद्गुरु पुण्यक्षेत्रम् के निर्माण का कार्य वर्ष २०१७ में मार्गशीर्ष पूर्णिमा से अर्थात् दत्तजयंती उत्सव से आरंभ हुआ। २९ नवंबर २०१७ को मुंबई से पूजन में रखी गई श्रीदत्तपंचायतन की तसवीरें अर्थात् -
- श्रीदत्तात्रेय
- श्रीपादश्रीवल्लभ
- श्रीनृसिंहसरस्वती
- श्रीअक्कलकोटनिवासी श्री स्वामी समर्थ
- श्रीसाईनाथ
इनकी तसवीरें और श्रीदत्तात्रेय उदी कुंभ अमलनेर (महाराष्ट्र) ले जाए गए। इस श्रीदत्तात्रेय उदी कुंभ में सद्गुरु बापूजी के संकल्प के अनुसार किए गए याग और हवन की उदी रखी गई है।
यह उत्सव अब प्रतिवर्ष यहाँ मनाया जाता है। इसी प्रकार वर्धमान व्रताधिराज की अवधि में यहाँ दत्तयाग भी किए जाते थे। अब ये दत्तयाग केवल वर्धमान व्रताधिराज की अवधि तक सीमित न रहकर अन्य दिनों में भी पूजकों की बुकिंग के अनुसार किए जाते हैं।
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के परदादा श्रीविद्यामकरंद गोपीनाथशास्त्री पाध्येजी ने इसी पवित्र स्थान पर लगातार तीन वर्षों तक, रामनवमी १९०६ से रामनवमी १९०९ तक तपश्चर्या की थी। इस अवधि में उन्हें दृष्टांत में ‘श्रीवर्धमान व्रताधिराज’ की प्राप्ति हुई। श्रीमद्पुरुषार्थ ग्रंथराज के तीसरे खंड ‘आनंदसाधना’ में श्रीवर्धमान व्रताधिराज के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई है। श्रीवर्धमान व्रताधिराज की अवधि में अनेक श्रद्धावान कम-से-कम एक बार इस श्रीपुण्यक्षेत्रम् में आते हैं और यहाँ व्रतपुष्प का पाठ करते हैं।
गुरुभक्ति को दृढ़ करने में श्रीसद्गुरु पुण्यक्षेत्रम् की भूमिका
‘मातृवात्सल्यविन्दानम्’ के अध्याय ३१ में बापूजी ने आदिमाता महिषासुरमर्दिनी के आठवें अवतार ‘दत्तमंगलचण्डिका’ का वर्णन किया है।
“यह दत्तमंगलचण्डिका अष्टादशभुजा ही थीं, किंतु उनके किसी भी हाथ में कोई शस्त्र नहीं था। उनके दक्षिण अर्थात दाईं ओर के नौ हाथों में नौ मंगल आशीर्वाद और वाम अर्थात बाईं ओर के नौ हाथों में नौ शाप थे।
दत्तमंगलचण्डिका के ये नौ आशीर्वाद देने वाले हाथ श्रद्धावानों को अभय प्रदान करने वाले और श्रीगुरुभक्तों को वर देने वाले थे, जबकि नौ शाप देने वाले हाथ श्रद्धाहीनों को भय देने वाले और श्रीगुरुभक्ति से द्रोह करने वालों को असफलता देने वाले थे। उनके दोनों नेत्रों में एक ही समय वीररस और वात्सल्यभाव जागृत रहते थे। कलियुग के मनुष्य का उद्धार करने वाली श्रीगुरुभक्ति अर्थात् दत्तात्रेयभक्ति ही जिनका हृदय है, ऐसी ये महिषासुरमर्दिनी ‘दत्तमंगलचण्डिका’ हैं।”
‘मातृवात्सल्यविन्दानम्’ में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा कहे गए अनुसार कलियुग में श्रीगुरुभक्ति उद्धार करने वाली है। श्रीगुरुभक्ति को दृढ़ करने, श्रीगुरु दत्तात्रेय और आदिमाता दत्तमंगलचण्डिका की कृपा प्राप्त करने तथा सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के संकल्प और इच्छाशक्ति से स्थापित श्रीसद्गुरु पुण्यक्षेत्रम् के इस पवित्र स्थान से मिलने वाले अथाह आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अत्यंत हार्दिक श्रद्धा से श्रद्धावान इस पावन पुण्यक्षेत्रम् में आते हैं।














