हर गुरुवार असंख्य श्रद्धावान अपने प्रिय सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के श्रीहरिगुरुग्राम इस पवित्र स्थान पर आगमन की उत्कंठा से प्रतीक्षा करते हैं। सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि बापूजी श्रद्धावानों से केवल और केवल श्रीहरिगुरुग्राम में ही मिलते हैं। यहाँ भक्तगण अपने सद्गुरु के स्वागत के लिए इकट्ठा होते हैं और उनके दर्शन, उनके अमूल्य प्रवचनों तथा उनके दिव्य सान्निध्य के असंख्य अनमोल क्षणों का लाभ प्राप्त करते हैं। सँजोकर रखी गई ये स्मृतियाँ और अनुभव जीवनभर श्रद्धावानों को सामर्थ्य, आनंद और प्रेरणा प्रदान करते रहते हैं।

श्रीहरिगुरुग्राम वह पवित्र स्थान है, जहाँ सद्गुरु बापूजी के पवित्र संकल्प के अनुसार हर गुरुवार सामूहिक उपासना की जाती है। इस सामूहिक उपासना के लिए श्रद्धावान बड़ी संख्या में यहाँ इकट्ठा होते हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह से भर जाता है।

श्रीहरिगुरुग्राम में भक्ति-सेवा के लिए आने वाला प्रत्येक श्रद्धावान प्रवेशद्वार पर उपलब्ध उदी अपने माथे पर लगाकर श्रीहरिगुरुग्राम में प्रवेश करता है। इसी प्रकार सद्गुरु के संकल्प के अनुसार श्रीहरिगुरुग्राम का स्वयंसेवक अपनी सेवा का बॅज लेने के बाद अपने माथे पर दत्तयंत्र का स्पर्श करवाता है और उसके बाद अपनी सेवा आरंभ करता है।

श्री हरिगुरुग्राम में प्रवचन देते हुए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी

श्रीहरिगुरुग्राम में हर गुरुवार होने वाले उपक्रम

1. श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज का आगमन

सबसे पहले सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा लिखित श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज अर्थात् सत्यप्रवेश, प्रेमप्रवास और आनंदसाधना इन तीनों खंडों की मूल हस्तलिखित प्रतियाँ हर गुरुवार श्रीहरिगुरुग्राम में लाई जाती हैं।

ग्रंथराज को प्रवेशद्वार से मुख्य व्यासपीठ के निकट स्थित मेघडंबरी तक पालकी में शोभायात्रा द्वारा ‘जय जय अनिरुद्ध हरि’ के नामघोष के साथ ले जाया जाता है। इस समय श्रद्धावान ग्रंथराज पर पुष्पवर्षा करते हैं। मुख्य व्यासपीठ के समीप स्थित मेघडंबरी में ग्रंथराज को विराजमान किया जाता है। दर्शन के समय ग्रंथराज के समीप चँवर डुलाने की सेवा भी श्रद्धावान भक्तिभाव से करते हैं।

Arrival of the Shreemadpurushartha Grantharaj at Shree Harigurugram
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा लिखित मूल ‘श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज’ का श्रीहरिगुरुग्राम में आगमन

2. श्रीदत्तात्रेय की मूर्ति का आगमन

सद्गुरु बापूजी के निवासस्थान के देवघर में पूजी जाने वाली श्रीदत्तात्रेय की मूर्ति उपासना से पहले श्रीहरिगुरुग्राम में लाई जाती है। शंख और घंटियों की गूँज के बीच प्रवेशद्वार से मुख्य व्यासपीठ तक श्रीदत्तात्रेय की मूर्ति पर श्रद्धावान पुष्पवर्षा करते हैं। यह मूर्ति भी मुख्य व्यासपीठ पर उपासना की व्यवस्था में विराजमान की जाती है।

गुरुवार की सामूहिक उपासना आरंभ होने से पहले सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के निवासस्थान से लाई गई श्रीसाईसच्चरित्र की पोथी और रुद्राक्ष माला भी मुख्य व्यासपीठ की उपासना-व्यवस्था में रखी जाती है।

Arrival of the idol of Shree Dattatreya
श्रीदत्तात्रेय की मूर्ति का आगमन

3. मुख्य व्यासपीठ पर उपासना की व्यवस्था

मुख्य व्यासपीठ पर बाईं ओर की व्यवस्था में श्रीदत्तात्रेय की बड़ी तसवीर मध्य में विराजमान होती है और उनकी दाईं ओर अक्कलकोटनिवासी श्रीस्वामी समर्थ तथा बाईं ओर श्रीसाईनाथ की छोटी तसवीर विराजमान होती है। इस उपासना-व्यवस्था में आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण अनेक पवित्र वस्तुएँ सम्मिलित होती हैं।

इनमें सप्तशृंग गढ़ का पवित्र विष्णुपाद पाषाण, रुद्राक्ष माला, शालिग्राम, त्रिशूल जैसी हेमाडपंत को श्रीसाईनाथ से प्राप्त पवित्र वस्तुएँ, दो सिक्के और भिक्षा के लिए निकले श्रीसाईनाथ के स्वरूप वाली तसवीर सम्मिलित हैं। श्रद्धावान हर गुरुवार इन सभी के दर्शन कर सकते हैं।

1) पवित्र विष्णुपाद पाषाण का महत्त्व

जब डॉ. सुचितदादा एम.बी.बी.एस. की पढ़ाई कर रहे थे, उसी समय वे डॉ. अनिरुद्ध धैर्यधर जोशीजी (बापूजी) के संपर्क में आए। बापूजी के असामान्य दिव्यत्व का अनुभव करते समय उनके मन में जो अनेक प्रश्न उठे थे, उनके उत्तर उन्हें मंगलवार, १६ फरवरी १९९४ को हनुमान पूर्णिमा के ब्राह्ममुहूर्त में मिले।

इस ब्राह्ममुहूर्त में बापूजी के कहे अनुसार १०८ बार श्रीहनुमानचालीसा का पाठ करने के बाद उन्हें श्रीसाईनाथ ने प्रत्यक्ष दिव्य दर्शन देकर कहा, ‘आज से तुम सदैव श्रीअनिरुद्ध के साथ ही रहना।’”

इसके बाद श्रीसप्तशृंग गढ़ पर जब सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी सुचितदादा को श्रीविष्णुसहस्रनाम के ‘श्रीनरसिंह’ नाम का संकीर्तन करा रहे थे, तब वहीं समीप स्थित एक पाषाण पर शंख, चक्र, गदा और पद्म धारण किए हुए श्रीमहाविष्णु के स्वरूप के दर्शन हुए। इस पाषाण की पवित्रता को पहचानकर सुचितदादा उस पवित्र पाषाण को श्रीसप्तशृंग गढ़ से मुंबई ले आए।

बुधवार, २५ फरवरी १९९८ को महाशिवरात्रि के दिन सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने इस विष्णुपाद पाषाण की विधिपूर्वक स्थापना साईनिवास, बांद्रा में की। इस अवसर पर वहाँ तीन दिनों की विशेष उपासना की गई। इस उपासना के बाद विष्णुपाद पाषाण पर श्रीमहाविष्णु के चरण स्वयं सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने अंकित किए।

साईनिवास में जिस डेस्क पर हेमाडपंत ने श्रीसाईसच्चरित का लेखन किया था, उसी पर यह श्रीविष्णुपाद पाषाण स्थापित है। प्रत्येक गुरुवार पितृवचन के समय श्रीहरिगुरुग्राम, बांद्रा में तथा अन्य दिनों में श्रीसाईनिवास, बांद्रा में इस विष्णुपाद पाषाण के दर्शन किए जा सकते हैं।

2) दो सिक्कों का महत्त्व

सन १८७८ में बापूजी के परदादा के पिता श्री. जगन्नाथराव पाध्येजी, श्री स्वामी समर्थ की आज्ञा के अनुसार अक्कलकोट आए। उन पर दिव्य कृपा की वर्षा करने के बाद श्री स्वामी समर्थ ने उन्हें शिर्डी जाकर उनसे मिलने के लिए कहा और आशीर्वादस्वरूप चाँदी के दो सिक्के दिए।

इसके बाद जब जगन्नाथराव के पुत्र श्री गोपीनाथशास्त्री पाध्येजी शिर्डी गए, तब श्रीसाईनाथ ने अपनी झोली से चाँदी के दो सिक्के निकालकर गोपीनाथशास्त्रीजी के हाथ में रखे और पहली ही भेंट में प्रेमपूर्वक पूछा, “आता तरी खूण पटली का?” (क्या तुम्हें अब सच का पता चल गया है?) ये सिक्के देकर श्रीसाईनाथ ने श्री. गोपीनाथशास्त्री पाध्येजी पर कृपा की।

बापूजी के परदादा के पिता श्री जगन्नाथराव पाध्येजी को श्री स्वामी समर्थ से प्राप्त चाँदी के दो सिक्के और बापूजी के परदादा श्रीविद्यामकरंद गोपीनाथशास्त्री पाध्येजी (१८६६–१९३८) को श्रीसाईनाथ से प्राप्त चाँदी के दो सिक्के इन चार पवित्र सिक्कों में से श्री स्वामी समर्थ द्वारा दिया गया एक सिक्का और श्री साईनाथ द्वारा दिया गया एक सिक्का हर गुरुवार बांद्रा स्थित श्री हरिगुरुग्राम के मुख्य व्यासपीठ पर रखा जाता है।

3) जपमाला, शालिग्राम और त्रिशूल

साईनिवास हेमाडपंत का अर्थात् श्री गोविंद रघुनाथ दाभोलकर (सेवानिवृत्त दंडाधिकारी) का निवासस्थान है, जहाँ सन १९२१ से १९२९ के दौरान पवित्र अपौरुषेय ग्रंथ श्रीसाईसच्चरित का लेखन हुआ। सन १९१८ में समाधि लेने से पहले श्री साईनाथ ने हेमाडपंत को तीन पवित्र वस्तुएँ सौंपी थीं - एक छोटा त्रिशूल, एक जपमाला और एक शालिग्राम। २८ मई १९९६ को सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने सूचक शब्द कहे और हेमाडपंत के पोते श्री आप्पासाहेब दाभोलकर से ये पवित्र वस्तुएँ माँगकर लीं।

ये तीनों पवित्र वस्तुएँ हर गुरुवार बांद्रा स्थित श्रीहरिगुरुग्राम में श्रद्धावानों के दर्शन के लिए रखी जाती हैं।

उपासना आरंभ होने से पहले श्रीअनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् का पवित्र जल भरा कलश लाकर व्यासपीठ पर उपासना की व्यवस्था में रखा जाता है और उपासना पूर्ण होने के बाद उसे तीर्थ-प्रसाद के रूप में सभी को वितरित किया जाता है। सभी श्रद्धावानों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक नियुक्त उपासक इस पवित्र व्यवस्था के सामने बैठकर सभी श्रद्धावानों की ओर से उपासना करता है।

4. मुख्य व्यासपीठ

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी इसी व्यासपीठ से हर गुरुवार श्रद्धावानों से संवाद करते हैं। व्यासपीठ के दाईं ओर सद्गुरु का आसन (सोफा) होता है और उसके पीछे बापूजी के रक्षकगुरु श्रीहनुमानजी की तसवीर होती है। मुख्य व्यासपीठ के मध्य में आदिमाता जगदंबा महिषासुरमर्दिनी की प्रतिमा (द्विमितीय मूर्ति) विराजमान होती है और उसके तथा उपासना-व्यवस्था के बीच माता शिवगंगागौरी की तसवीर विराजमान होती है।

मुख्य उपासना आरंभ होने से पहले श्रीअनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् से लाया गया एक श्रीफल आदिमाता महिषासुरमर्दिनी के सामने और एक श्रीफल माता शिवगंगागौरी के सामने रखा जाता है। उपासना के समय इन दोनों श्रीफलों पर पूजनोपचार अर्पित किए जाते हैं।

इन दो श्रीफलों और श्रीअनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में आदिमाता महिषासुरमर्दिनी को अर्पित तीन श्रीफलों को, इस प्रकार कुल पाँच श्रीफलों की गिरी को प्रसाद काउंटर पर रखे मुरमुरों के प्रसाद में मिलाया जाता है और दर्शन के बाद यह प्रसाद श्रद्धावानों को तीर्थ के साथ दिया जाता है।

5. सामूहिक उपासना

हर गुरुवार श्रीहरिगुरुग्राम में श्रद्धावान पवित्र मन्त्र, श्लोक और स्तोत्रों का पाठ करते हुए सामूहिक उपासना करते हैं। प्रत्येक पवित्र नामोच्चारण हृदय में गूँजता रहता है और भक्त का परमेश्वर के साथ संबंध अधिक दृढ़ करता जाता है।

6. श्री स्वस्तिक्षेम संवाद

श्री स्वस्तिक्षेम संवाद एक अनोखा और विलक्षण आध्यात्मिक अनुभव है। श्री स्वस्तिक्षेम संवाद में प्रत्येक श्रद्धावान आँखें बंद करके चण्डिकाकुल के किसी भी देवता से मुक्त भाव से संवाद करता है। लगभग पाँच मिनट तक चलने वाला यह संवाद आदिमाता, सद्गुरु और चण्डिकाकुल के प्रत्येक सदस्य से प्रत्यक्ष और सीधा संपर्क स्थापित करता है, ऐसी श्रद्धावानों की भावना है। श्रीहरिगुरुग्राम में किया गया संवाद हो अथवा किसी भी अधिकृत उपासना केंद्र में किया गया संवाद, दोनों की आध्यात्मिक फलश्रुति समान ही होती है।

7. माता शिवगंगागौरी और आदिमाता महिषासुरमर्दिनी की उपासना एवं पूजन

श्रीशिवगंगागौरी गदास्तोत्र का पाठ करते हुए शिवगंगागौरी के सामने रखे श्रीफल पर आर्द्र हरिद्रा (गीली हल्दी), हरिद्रा, कुंकुम, चंदन, उदी, हरिद्रा-अक्षत, कुंकुम-अक्षत, बिल्वपत्र, तुलसीपत्र और पुष्प अर्पित किए जाते हैं।

इसके बाद सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी की आवाज़ में ‘जयन्ती मंगला काली भद्रकाली कपालिनी। दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तु ते॥’ इस श्लोक के ३६ आवर्तन होते समय आदिमाता महिषासुरमर्दिनी के सामने रखे श्रीफल पर हरिद्रा, कुमकुम, चंदन, उदी, हरिद्रा-अक्षत, कुंकुम-अक्षत, बिल्वपत्र, तुलसीपत्र और पुष्प अर्पित करके आदिमाता महिषासुरमर्दिनी का पूजन किया जाता है।

8. सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी की कृपा के भक्तों को प्राप्त अनुभव और भक्तिरचनाएँ

'जया मनी जैसा भाव । तया तैसा अनुभव ।'

(‘जिसके मन में जैसा भाव। उसे वैसा ही अनुभव।’)

श्रद्धावानों को बापूजी की कृपा का बार-बार अनुभव करने का अवसर मिलता है। उन्हें जीवन की कठिनाइयाँ दूर करने वाले अथवा संकटों से उनकी रक्षा करने वाले अनेक आश्चर्यजनक अनुभव होते हैं। ऐसे अनुभव प्राप्त करने वाले श्रद्धावान स्वाभाविक रूप से उन्हें दूसरों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित होते हैं और अन्य श्रद्धावान सद्गुरु की कृपा के इन विस्मयकारी अनुभवों को उत्कंठा से सुनते हैं। श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज में ऐसे दैवी अनुभवों के कथन को ‘संकीर्तन’ कहा गया है, जो नवविधा भक्ति का दूसरा रूप है।

भक्तों को हुए अनुभवों की वीडियो रिकॉर्डिंग हर गुरुवार श्रीहरिगुरुग्राम में दिखाई जाती है। सहश्रद्धावानों द्वारा अनुभव की गई सद्गुरुलीलाओं को सुनने से उपस्थित सभी लोगों के हृदय में भक्ति और कृतज्ञता अधिक दृढ़ होती है। प्रत्येक अनुभव-कथन के बाद अभंग और अन्य भक्तिरचनाएँ प्रस्तुत की जाती हैं। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के प्रति असीम प्रेम और भक्ति से प्रेरित ये भावपूर्ण रचनाएँ प्रेम, शरणागति और कृतज्ञता के भाव जगाती हैं तथा प्रत्येक भक्त को भक्तिभावचैतन्य के आनंद में तल्लीन कर देती हैं।

9. सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी का श्रीहरिगुरुग्राम में आगमन

हर गुरुवार सभी भक्तगण जिस क्षण की उत्कंठा से प्रतीक्षा करते हैं, वह क्षण होता है सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के आगमन का। ‘आला रे हरि आला रे’ के जयघोष के बीच सद्गुरु बापूजी का आगमन होता है। श्रीहरिगुरुग्राम में बापूजी के प्रथम दर्शन होते ही प्रत्येक का हृदय प्रेम, कृतार्थता और उत्साह से भर जाता है और पूरा वातावरण आनंद के सागर में परिवर्तित हो जाता है। बापूजी द्वारा हाथ की एक छोटी-सी मुद्रा भी कृपा की वर्षा बन जाती है और उनकी उपस्थिति से प्रत्येक का अंतःकरण प्रफुल्लित हो उठता है।

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी का श्रीहरिगुरुग्राम में आगमन

10. आरती

बापूजी के आगमन के बाद, उनके मुख्य व्यासपीठ पर पधारने से पहले आरती होती है। मुख्य व्यासपीठ पर विराजमान देवताओं और श्रीग्रंथराज के सामने आरती करने का सुअवसर श्रद्धावान स्वयंसेवकों को प्राप्त होता है। इस पवित्र विधि में सहभागी होते समय श्रद्धावान भगवान के चरणकमलों में अपने अंतःकरण की कृतज्ञता अर्पित करते हैं।

जिन श्रद्धावान स्वयंसेवकों का जन्मदिन उस सप्ताह होता है, उन्हें भी मुख्य व्यासपीठ के सामने खड़े होकर आरती करने का अवसर मिलता है। इसी प्रकार ‘अनिरुद्धाज युनिव्हर्सल बैंक ऑफ रामनाम’ की रामनाम पुस्तिकाएँ लिखने की निर्धारित संख्या पूर्ण करने वाले श्रद्धावानों को भी उसके लाभ के रूप में मुख्य व्यासपीठ के सामने खड़े होकर आरती करने का अवसर मिलता है।

सबसे पहले ‘दुर्गे दुर्घट भारी’ यह आदिमाता जगदंबा की आरती और उसके बाद ‘आरती साईबाबा’ यह सद्गुरु श्रीसाईनाथ की आरती की जाती है।

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी श्रद्धावानों के साथ आरती करते हुए

11. सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी का श्रद्धावानों से संवाद - बापूजी का पितृवचन

जब बापूजी श्रद्धावानों से संवाद करते हैं, तब वह केवल कोई भाषण या प्रवचन नहीं होता। वह एक प्रेमपूर्ण पिता का मार्गदर्शन - उनका पितृवचन होता है। असंख्य श्रद्धावानों को बापूजी की चैतन्यमय वाणी से उनके मन में उठने वाले असंख्य प्रश्नों के उत्तर मिलते हैं। पहले मराठी और उसके बाद अंग्रेज़ी में दिए जाने वाले प्रवचनों के माध्यम से बापूजी लौकिक तथा आध्यात्मिक दोनों पहलुओं पर मार्गदर्शन करते हैं और जीवन को स्पष्टता, बल और दिशा प्रदान करते हैं। बापूजी के इन प्रवचनों का विशेष रूप से युवा पीढ़ी में महत्त्वपूर्ण स्थान है।

उनके प्रत्येक मार्गदर्शक शब्द को अपनाने के लिए युवा वर्ग बड़ी आतुरता और लगन के साथ इकट्ठा होता है।

Sadguru Aniruddha Bapu delivering pravachan at Shree Harigurugram
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी का श्री हरिगुरुग्राम में प्रवचन

सन १९९५ से आज तक बापूजी द्वारा दिए गए प्रवचन निम्न विषयों पर हुए हैं :

  1. सद्गुरु श्रीसाईनाथ के ११ वचन
  2. विष्णुसहस्रनामावलि
  3. संसद पर हमला, मुझे आया स्वप्न, Self Health जैसे विशेष प्रवचन
  4. ललितासहस्रनामावलि (हिंदी)
  5. राधासहस्रनामावलि (हिंदी)
  6. महासंकटमोचन महापापनिवारक दिव्यप्रकाश आराधनाज्योति पुस्तक के मंत्र एवं स्तोत्र
  7. श्रीरामरक्षा स्तोत्र
  8. श्रीगुरुक्षेत्रम् मन्त्र
  9. त्रिविक्रम के अल्गोरिदम्स (Algorithms)
  10. श्रीशब्दध्यानयोग
  11. श्रीसाईसच्चरित (हिन्दी)
  12. पंचमुखहनुमत्-कवच
  13. श्रीसूक्त
  14. स्वयंभगवान त्रिविक्रम (हरिहर) अनंत-नामावलि
  15. नारदीय भक्तिसूत्र (अंग्रेज़ी)
  16. विभिन्न भक्तों की कथाएँ (मराठी और हिंदी)

12. सद्गुरु-वंदन, प्रदक्षिणा, दर्शन और ‘झाल’ का महत्त्व

पितृवचन के बाद श्रद्धावान ‘ॐ अनिरुद्धाय श्रीसप्तचक्रनिवासिनीपुत्राय दत्तपौत्राय नमः’ इस मंत्रोच्चार के साथ सद्गुरु के सामने नतमस्तक होते हैं और फिर स्वयं के चारों ओर तीन प्रदक्षिणाएँ करते हैं। इसके बाद सभी मिलकर तीन बार ‘जय जगदंब जय दुर्गे’ का जयघोष करते हैं तथा ‘नाथसंविध्’ का तीन बार उच्चारण करके पुनः सद्गुरु को वंदन करते हैं।

इसके बाद श्रद्धावानों को भक्तिगंगा में आगे बढ़ते हुए सद्गुरु के दर्शन का सुअवसर मिलता है। सद्गुरु के दर्शन का आनंद तथा उनके प्रति प्रेम और कृतज्ञता श्रद्धावानों के चेहरों पर झलकती है। इस समय दर्शनार्थी श्रद्धावानों को आद्यपिपा के अंतःकरण से निकले ये शब्द सहज ही स्मरण हो आते हैं -

"भरल्या डोळ्यांनी मी घेतो दर्शन वारंवार। बापू रे जासी हृदयापार ॥"

( “भरी आँखों से मैं बार-बार दर्शन करता हूँ। बापूजी, आप मेरे हृदय के पार उतर जाते हैं॥”)

दर्शन वह पवित्र क्षण है, जब प्रत्येक श्रद्धावान को सद्गुरु के सामने अपना अंतःकरण खोलने का अवसर मिलता है। एक दृष्टि, जुड़े हुए हाथ, आँसुओं से भरी आँखें, एक मुस्कान या यहाँ तक कि मौन भी सद्गुरु और उनके भक्त के बीच प्रेम की भाषा बन जाता है। दर्शन-सभागृह भक्ति, प्रेम, कृतज्ञता और आनंद से छलकते पवित्र स्थान में परिवर्तित हो जाता है, जहाँ असंख्य हृदय अपने-अपने अनूठे ढंग से बापूजी से जुड़ते हैं।

श्रद्धावान सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के दर्शन करते हुए

13. पवित्र झाल का महत्त्व

दर्शन करने से पहले हॉल की दो मेहराबों पर और दर्शन के बाद बाहर मैदान की दो मेहराबों पर सद्गुरु के संकल्प के अनुसार ‘झाल’ लगाई जाती है। २१ मई २०१५ के प्रवचन में बापूजी ने झाल का महत्त्व स्पष्ट करते हुए कहा -

“झाल आदिमाता के आशीर्वाद का मूर्त स्वरूप है।”

जिस प्रकार माँ अपने बच्चे को प्रेमपूर्वक अपनी साड़ी के आँचल में आश्रय देती है, उसी प्रकार आदिमाता की झाल उनके सभी श्रद्धावान बच्चों को वही प्रेमपूर्ण संरक्षण प्रदान करती है। सद्गुरु बापूजी ने आगे स्पष्ट किया है कि श्रद्धावान जब झाल के नीचे से गुजरते हैं, तब उनके प्रभामंडल (ऑरा) की अशुद्धियाँ और किए गए कर्मों के दोषों के प्रभाव दूर होते हैं, साथ ही उनमें जिस आध्यात्मिक सामर्थ्य की कमी होती है, वह भी उन्हें प्राप्त होता है।

श्रीहरिगुरुग्राम में लगाई जाने वाली झालों को श्रीश्वासम् उत्सव के समय अभिमंत्रित किया गया था, जिससे इन झालों की पवित्रता और भी बढ़ जाती है। आध्यात्मिक मार्ग की प्रत्येक बात की तरह, इस झाल के माध्यम से भक्त को प्राप्त होने वाली कृपा भी उस भक्त की श्रद्धा के अनुरूप होती है।

श्रीहरिगुरुग्राम में भक्ति-उपक्रमों के विभिन्न मार्ग

1. सुदीप

सुदीप एक पवित्र दीप है, जो भक्तों के अंतःकरण की प्रार्थनाओं को प्रतीकात्मक रूप से उनके सद्गुरु तक पहुँचाता है। श्रद्धावान इच्छापूर्ति, बाधानिवारक, पीड़ानाशक, जन्मदिवस और दर्शन (षड्‍-रिपुओं को दूर करके उचित वस्तु प्राप्त करने तथा दैवी मार्ग पर चलने के लिए) सुदीप प्रज्वलित करते हैं। प्रत्येक ज्योति एक मौन संदेशवाहक बनकर भक्तों की प्रार्थनाओं और अंतःकरण के भावों को चण्डिकाकुल तक पहुँचाती है।

कुछ समय पहले तक सुदीप केवल श्रीहरिगुरुग्राम में ही प्रज्वलित किया जा सकता था। किंतु प्रत्येक श्रद्धावान के लिए हमेशा श्रीहरिगुरुग्राम आना संभव नहीं होता, इस बात को ध्यान में रखते हुए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने श्रद्धावानों को अपने घर, कार्यस्थल अथवा जहाँ भी वे चाहें, वहाँ सुदीप प्रज्वलित करने की कृपापूर्वक अनुमति दी है। प्रत्येक श्रद्धावान के हित में अध्यात्म को सरल, सुलभ और सहज रूप से आचरण में लाने योग्य बनाने का बापूजी का निरंतर प्रयास इस करुणामय संकल्प में दिखाई देता है।

श्रद्धावान अपनी प्रार्थनाएँ सद्गुरु तक पहुँचाने के भाव से सुदीप प्रज्वलित करते हुए

2. ऊद (धूप)

गुरुवार और उत्सवों के समय श्रद्धावान अनिरुद्ध अग्निहोत्र की पवित्र अग्नि में ऊद अर्पित करते हैं। देवयज्ञ का ही एक स्वरूप रहने वाली यह सरल क्रिया गृहस्थाश्रमियों को सांसारिक क्लेश कम करने तथा कठिन समय में सद्गुरु की कृपा और सहारा प्राप्त करने का अवसर देती है।

श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज के तीसरे खंड ‘आनंदसाधना’ में यज्ञसंबंधी अध्याय में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने धूप और ऊद को देवयज्ञ में अर्पित किए जाने वाले हवनद्रव्य बताया है। बापूजी लिखते हैं -

देवयज्ञ में परमात्मा की प्रतिमा के सामने प्रत्यक्ष अग्नि में धूप और ऊद का हवन करना चाहिए और उस समय श्रीमद्‌पुरुषार्थ में बताए गए भगवान के नाम, स्तोत्र अथवा मंत्र का उच्चारण करना चाहिए। ‘प्रत्यक्ष अग्नि’ अर्थात् धातु के छोटे हवनकुंड अथवा धूपदान में कपूर और अंगारों की सहायता से प्रज्वलित की गई अग्नि। किंतु इसमें सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह भाव होना है कि ‘हम यह धूप अथवा ऊद प्रत्यक्ष परमात्मा के सामने और परमात्मा के लिए प्रत्यक्ष अग्नि में अर्पित कर रहे हैं।’

श्रद्धावान अनिरुद्ध अग्निहोत्र में ऊद (धूप) अर्पित करते हुए

3. सत्संग

जब भक्तगण सद्गुरु के दर्शन कर रहे होते हैं, तब सत्संग समूह के श्रद्धावान संत श्रीतुलसीदासजी द्वारा रचित ‘श्रीहनुमानचलीसा’ और आद्यपिपा द्वारा रचित श्रीअनिरुद्धचलीसा का पाठ करते हैं। तबला, हार्मोनियम (पेटी) और मंजीरों की लयबद्ध ध्वनि के साथ होने वाला यह पवित्र संकीर्तन श्री हरिगुरुग्राम को दैवी स्पंदनों से भर देता है और प्रत्येक का अंतःकरण प्रफुल्लित कर देता है। वहाँ उपस्थित श्रद्धावान भी उत्साहपूर्वक इस गायन और पाठ में सहभागी होते हैं तथा सद्गुरु के सान्निध्य में सत्संग का आनंद और आशीर्वाद अनुभव करते हैं।

4. प्रदक्षिणा-सूर प्रार्थना

श्री हरिगुरुग्राम के खुले मैदान में हर गुरुवार होने वाला यह एक और आध्यात्मिक उपक्रम है। गुरुवार, १० मार्च २०१६ को सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने प्रदक्षिणा-सूर-प्रार्थना का महत्त्व स्पष्ट करते हुए कहा -

“इस प्रार्थना को सुनते समय अपने आप हमारे स्वयं के सप्तचक्रों की, साथ ही वसुंधरा (पृथ्वी) के सप्तचक्रों की तथा त्रिविक्रम और आदिमाता जगदंबा की भी प्रदक्षिणा हो जाती है।”

बापूजी के पितृवचन के तुरंत बाद प्रदक्षिणा-सूर-प्रार्थना आरंभ होती है और सद्गुरु-दर्शन के साथ चलती रहती है। सभी श्रद्धावानों के लिए खुले इस भक्ति-उपक्रम में श्री एकमुखी दत्तात्रेय की पवित्र तसवीर और श्रीत्रिविक्रमलिंग को मैदान में स्थित व्यासपीठ पर रखा जाता है।

श्रद्धावान सामूहिक प्रदक्षिणा-सूर प्रार्थना में सहभागी होते हुए

5. सद्गुरु चरणमुद्रा दर्शन और त्रिपुरारि त्रिविक्रम माला अर्पण

प्रत्येक गुरुभक्त अपने सद्गुरु की चरणमुद्राओं का असाधारण आध्यात्मिक महत्त्व जानता है। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज में त्रिपुरारि त्रिविक्रम चिह्न का महत्त्व विस्तार से स्पष्ट किया है। श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज के दूसरे खंड ‘प्रेमप्रवास’ में आज्ञाचक्र का विवेचन करते हुए बापूजी लिखते हैं -

“त्रिपुरारि त्रिविक्रम चिह्न विशुद्ध चक्र का चिह्न है, जबकि त्रिपुरासुर कलि चिह्न पूर्ण अशुद्ध चक्र का चिह्न है।”

सद्गुरु के चरणों की भक्ति करने से मेरा विशुद्ध चक्र अधिक से अधिक शुद्ध होकर मेरे जीवन से त्रिपुरासुर कलि का नाश होता है, यह श्रद्धावानों का दृढ़ विश्वास है।

इसी लिए वे प्रार्थना करते हैं कि सद्गुरु के चरण प्राप्त हों, परमेश्वरी मार्ग पर सफल यात्रा हो, सद्गुरुचरणभक्ति निरंतर बढ़ती रहे और दुष्प्रारब्ध के कारण जीवन में आने वाले सभी प्रकार के दुख दूर हों। वे सद्गुरु की चरणमुद्राओं पर त्रिपुरारि त्रिविक्रम माला अर्पित करते हैं और उनके सामने आदरपूर्वक नतमस्तक होते हैं। इस पवित्र क्रिया से सभी प्रकार के दुखों और प्रतिकूल प्रारब्ध के प्रभाव से मुक्त होने में सहायता मिलती है, ऐसी भक्तों की श्रद्धा है।

नमन करने के बाद सद्गुरु के संकल्प के अनुसार कार्यकर्ता-सेवकों द्वारा प्रत्येक व्यक्ति के माथे पर श्रीदत्तयंत्र का स्पर्श कराया जाता है।

Shraddhavans at the Sadguru Charanmudras
श्रद्धावान सद्गुरु की चरणमुद्राओं पर आदरपूर्वक मस्तक टेकते हुए

6. रामनाम बहियाँ लिखने के लाभ

भगवान का नामजप लिखने का लाभ सभी को मिले, इसी उत्कट भावना से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने ‘रामनाम बही’ और ‘अंजनामाता बही’ सभी श्रद्धावानों के लिए उपलब्ध कराईं। इन बहियों को पूर्ण करके जमा करने वाले श्रद्धावान निर्धारित चरण पूरे करने के बाद अनेक विशेष आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने के पात्र बनते हैं। इनमें सर्वोच्च लाभ सद्गुरु के चरणस्पर्श का है। १५१ रामनाम बहियाँ पूर्ण करने के बाद चरणस्पर्श का यह लाभ मिलता है। श्रीहरिगुरुग्राम में प्रत्येक महीने के पहले गुरुवार को श्रद्धावानों को ये लाभ प्रदान किए जाते हैं।

श्री हरिगुरुग्राम में अनुभव की जाने वाली कृपा

श्रीहरिगुरुग्राम के पवित्र परिसर में सद्गुरु की कृपा से भक्तों को सहारा, सामर्थ्य, शांति, चिंतामुक्ति, निर्भयता, संतोष तथा सार्थक और परिपूर्ण जीवन जीने के लिए वास्तव में आवश्यक सभी कुछ प्राप्त होता है। हर गुरुवार श्रीहरिगुरुग्राम श्रद्धावानों को सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के असीम प्रेम और भक्ति में सराबोर कर देता है। सद्गुरु के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद भक्त राहत, शांति और संतोष से भरे हृदय के साथ लौटते हैं।

प्रवचन के बाद जब सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी श्रीहरिगुरुग्राम से प्रस्थान करते हैं, तब श्रद्धावान उन्हें प्रेमपूर्वक विदा करते हैं। यह केवल विदाई नहीं होती; यह प्रेम, भक्ति, कृतज्ञता और विरह की अत्यंत भावस्पर्शी अभिव्यक्ति होती है। यह दृश्य प्रत्येक के हृदय को छू जाता है।

अपने प्रिय बापूजी से मिलने का आनंद और भक्ति से ओतप्रोत वे स्मृतियाँ हृदय में सँजोकर श्रद्धावान अपने घर लौटते हैं। फिर भी लौटते समय ही उनके मन में अगले गुरुवार की उत्कट प्रतीक्षा आरंभ हो चुकी होती है; क्योंकि अपने प्रिय सद्गुरु के प्रेमपूर्ण सान्निध्य में एक बार फिर रम जाने का यह पवित्र अवसर उन्हें हृदय से अत्यंत प्रिय होता है।

पता

श्री हरिगुरुग्राम, न्यू इंग्लिश स्कूल, गवर्नमेंट कॉलोनी, खेरवाड़ी, बांद्रा (पूर्व), मुंबई – ४०००५१

उपासना का समय

(हर गुरुवार) रात ८:०० बजे से आगे

Photo Gallery

Sadguru Shree Aniruddha Bapu delivering discourse on Thursdays at Shreeharigurugram.
Sadguru Shree Aniruddha Bapu delivering discourse on Thursdays at Shreeharigurugram.
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing Pradakshina Sur prarthana on Thursdays at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram
Shraddhavans performing aarti with Sadguru Aniruddha Bapu at Shree Harigurugram