भक्त की यात्रा के चरण
- १. कनिष्ठ स्तर का भक्त:
जो केवल भौतिक सुख प्राप्त करने के लिए भक्ति करता है; जो भौतिक सुख मिल जाने पर परमात्मा की ओर ध्यान नहीं देता या उन्हें भूल जाता है और फिर आवश्यकता पड़ने पर उनका स्मरण करता है, वह कनिष्ठ स्तर का भक्त माना जाता है।
- २. भक्त:
भक्तिमार्ग में भक्त के पास जितनी और जैसी श्रद्धा होती है, वह उसी श्रद्धा से अपनी यात्रा आरंभ करता है। वह अपने सामर्थ्य के अनुसार अपने इष्टदेवता की भक्ति करता रहता है और सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि वह सदैव भगवान के प्रति कृतज्ञ रहता है। वह भगवान से बार-बार कहता रहता है, ‘हे भगवन्, आप ही मेरे जीवन के सूत्रधार हैं’ और भजन, पूजन, अर्चन, पठन, ग्रंथ-पारायण, मंत्रजप तथा नामजप करता रहता है।
भक्तिमार्ग में वह भक्त अपने मन में इस बोध को अधिकाधिक दृढ़ करते हुए जीवन की प्रत्येक परिस्थिति का सामना करता है कि ‘मैं अल्प हूँ, मैं साधारण हूँ; किंतु मेरे भगवान अनंत हैं, अपार सामर्थ्य से युक्त हैं और मेरे भगवान प्रेम से रीझ जाते हैं।’
ऐसे भक्त का केवल एक ही ध्येय होता है—‘मुझे अपने भगवान का दास और सखा बनना है, उनकी भरपूर सेवा करनी है और उनकी शरण में रहना है।’
- ३. श्रद्धावान:
जब भक्त के मन में दास्य, सख्य और शरणागति के भाव, भले ही कभी-कभी, प्रकट होने लगते हैं, तब स्वयंभगवान उस भक्तिमार्गी को तीव्र गति से आगे ले जाते हैं और उसकी थोड़ी-सी सेवा को भी दस गुना करके स्वीकार करते रहते हैं। वे अत्यंत कोमलता से उस भक्तिमार्गी को श्रद्धावान बनाते हैं, अर्थात अपना सखा बनाकर उसे भक्तिभाव चैतन्य में ले आते हैं। जो भक्तिभाव चैतन्य में रहता है, वही सच्चा भक्त अर्थात श्रद्धावान है।
भक्तिमार्ग में आदिमाता जगदंबा के आदेशानुसार, श्रद्धावान के जीवन में स्वयंभगवान कहीं भी और कभी भी हस्तक्षेप करते रहते हैं।
सच्चा श्रद्धावान
जो श्रद्धावान स्वयंभगवान से सदैव जुड़ी हुई उनकी शक्ति अर्थात दैवी प्रकृति, अर्थात स्वयंभगवान की प्रेमशक्ति का आश्रय लेता है, स्वयंभगवान के चरणों में शरणागत होता है, स्वयंभगवान के मुख की मुस्कान से प्रसन्न होता है और स्वयंभगवान की दृष्टि में बसे प्रेम को स्वीकार करता है, वही सच्चा श्रद्धावान है; वही स्वयंभगवान का निरंतर दास और सखा बन सकता है।

