हर कोई उन्हें “बापू” क्यों कहता है?
हजारों लोगों ने उन्हें “बापू” कहना आरंभ करने से बहुत पहले, यह नाम उन्हें उनकी नानी ने प्यार से दिया था। आठ वर्ष की आयु में, जब वे मुंबई के वडाला स्थित विठ्ठल मंदिर में दर्शन के लिए गए थे, तब उनकी नानीने उन्हें प्रेम से “बापू” कहकर पुकारा था। यह नाम उनके साथ सदा के लिए जुड़ गया और तभी से लोग स्वाभाविक रूप से उन्हें “बापू” कहकर संबोधित करने लगे।
भक्ति के संस्कारों में रचा-बसा बचपन
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी अर्थात अनिरुद्ध धैर्यधर जोशी का जन्म 18 नवंबर 1956 को त्रिपुरारी पूर्णिमा के मंगलमय दिन प्रातः 4:35 बजे हुआ।
उनका जन्म ऐसे परिवार में हुआ, जहाँ भक्ति केवल कर्मकांडों तक सीमित नहीं थी, बल्कि दैनिक जीवन का अभिन्न अंग थी। उनके पिता डॉ. धैर्यधर हरेश्वर जोशी एक प्रतिष्ठित चिकित्सक थे, जो चिकित्सा क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के साथ-साथ रोगियों के प्रति अपनी करुणा के लिए भी उतने ही प्रसिद्ध थे। उनकी माँ श्रीमती अरुंधती जोशी अंग्रेज़ी की विदुषी प्राध्यापिका थीं, जिनकी विद्वत्ता और अनुशासन ने परिवार के संस्कारों और व्यक्तित्व-निर्माण को आकार दिया।
हालाँकि, उनका अधिकांश पालन-पोषण उनकी नानी श्रीमती शकुंतला नरेंद्र पंडित (पूर्व नाम मालती गोपीनाथशास्त्री पाध्ये) के स्नेहपूर्ण संरक्षण में हुआ। नानी के प्रेम और गहन आध्यात्मिक संस्कारों ने बापूजी के व्यक्तित्व पर अमिट प्रभाव डाला। बापूजी की परनानी श्रीमती द्वारकाबाई गोपीनाथशास्त्री पाध्ये, जिन्हें प्रेम से “माई” कहा जाता था, उनका भी बापूजी के व्यक्तित्व-निर्माण पर गहरा आध्यात्मिक प्रभाव था।
जिस वातावरण में बापूजी बचपन बीता, वहाँ आध्यात्मिक ग्रंथों का नित्य पठन होता था और निरंतर भगवान का नामस्मरण किया जाता था। इस प्रकार भक्ति स्वाभाविक रूप से दैनिक जीवन का हिस्सा बन गई थी। आगे चलकर यही समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा बापूजी की अपनी विचारधारा के विकास का आधार बनी।
एक सुसंस्कृत और प्रतिष्ठित परिवार में जन्म लेने के बावजूद, उनकी नानी ने जानबूझकर उन्हें किसी उच्चवर्गीय विद्यालय में न भेजकर परेल के डॉ. शिरोडकर हाई स्कूल में शिक्षा दिलाने का निर्णय लिया। नानी की इच्छा थी कि वे सामान्य बच्चों के साथ बड़े हों, जीवन की उन वास्तविकताओं को समझें जिनका सामना सीमित सुविधाएं होने वाले वर्गों को करना पड़ता है और समाज से उनका संबंध दृढ़ बना रहे। इस निर्णय ने बापूजी के दृष्टिकोण को गहराई प्रदान की और उनके भीतर विनम्रता तथा सरलता को और अधिक विकसित किया, जो आज भी उनके असाधारण व्यक्तित्व की विशेषता को उजागर करती है।
अत्यंत बुद्धिमान और बहुआयामी विद्यार्थी के रूप में पहचाने जाने वाले बापूजी ने 1972 में ग्यारहवीं की मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने रामनारायण रुइया महाविद्यालय से प्रथम वर्ष विज्ञान और इंटरसाइंस की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 1974 में यह शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने मुंबई के टोपीवाला नेशनल मेडिकल कॉलेज और बी.वाई.एल. नायर अस्पताल में प्रवेश लिया। वर्ष 1978 में उन्होंने एम.बी.बी.एस. की उपाधि (डीग्री) प्राप्त की।
उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने कुछ महीनों तक ग्रामीण महाराष्ट्र में सेवा की। सीमित सुविधाओं वाले क्षेत्रों में रोगियों का उपचार करते हुए उन्हें अत्यंत मूल्यवान व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इसके बाद वर्ष 1982 में उन्होंने मेडिसिन में एम.डी. की उपाधि प्राप्त की और संधिवात विज्ञान (रुमॅटोलॉजी) के क्षेत्र में विशेष प्रावीण्य प्राप्त किया।

केवल शरीर ही नहीं, मन का भी उपचार करने वाले चिकित्सक (डॉक्टर)
अपने आध्यात्मिक कार्य के माध्यम से असंख्य लोगों के जीवन को स्पर्श करने से पहले डॉ. अनिरुद्ध जोशी एक प्रख्यात संधिवात विशेषज्ञ के रूप में सर्वत्र आदर के साथ जाने जाते थे। दादर और परेल में अपना चिकित्सा व्यवसाय आरंभ करने से पहले वे वर्ष 1985 तक नायर अस्पताल में व्याख्याता के रूप में कार्यरत रहे।
बापूजी की ख्याति केवल उनकी चिकित्सा विशेषज्ञता के कारण नहीं थी, बल्कि हर एक रोगी के साथ असाधारण आत्मीयता से व्यवहार करने तथा उन्हें और उनके परिजनों को सहारा देने के कारण भी थी।
जिन असंख्य रोगियों के लिए उपचार का खर्च वहन करना संभव नहीं था, उनका उन्होंने निःशुल्क उपचार किया। प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण के प्रति उनकी गहरी संवेदना ने उनके चिकित्सा व्यवसाय को करुणा और सेवाभाव से जोड़ दिया था।
एक चिकित्सक के रूप में मानवीय दुःख को समझने में बिताए गए वर्ष आगे चलकर उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन की प्रमुख शक्तियों में से एक बने। आज भी उनके प्रवचनों में मानव-मन, मानवों के आपसी रिश्ते-नाते और दैनिक जीवन में मनुष्य के सामने आने वाले भावनात्मक संघर्षों के प्रति उनकी असाधारण समझ स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

आध्यात्मिक कार्य का आरंभ
आध्यात्मिकता पहले से ही उनके जीवन का केंद्रबिंदु थी, किंतु सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी ने अपने सार्वजनिक आध्यात्मिक कार्य का औपचारिक आरंभ वर्ष 1995 में किया।
अगले वर्ष मुंबई के दादर स्थित श्री समर्थ व्यायाम मंदिर में प्रत्येक गुरुवार बापूजी के प्रवचनों का आरंभ हुआ। उनकी सीख (शिक्षाओं) में होनेवाली सरलता, सुस्पष्टता और व्यावहारिकता के कारण समाज के विभिन्न वर्गों से अधिकाधिक लोग उनकी ओर आकर्षित होने लगे। श्रोताओं की संख्या बढ़ने पर प्रवचनों का स्थान डॉ. एंटोनियो डिसिल्वा हाई स्कूल और उसके बाद मुंबई के बांद्रा स्थित न्यू इंग्लिश स्कूल में स्थानांतरित किया गया, जहाँ आज भी गुरुवार के प्रवचन आयोजित होते हैं।
पारंपरिक धार्मिक प्रवचनों से अलग, उनके प्रवचन आधुनिक जीवन की चुनौतियों पर सीधे प्रकाश डालते हैं। वे गहन आध्यात्मिक सिद्धांतों को स्पष्ट और सहज समझ में आने वाली भाषा में समझाते हैं। इससे श्रोताओं को न केवल यह समझ में आता है कि अध्यात्म क्या है, बल्कि दैनिक जीवन के उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए अध्यात्म को अपने जीवन में कैसे उतारा जाए, यह भी समझ में आता है।
अध्यात्म और विज्ञान के बीच के सार्थक संबंध को स्पष्ट करते हुए सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी यह दिखाते हैं कि सनातन धर्म में निहित शाश्वत सत्य अंधविश्वास नहीं हैं, बल्कि तर्कसंगत, विवेकपूर्ण और मानव जीवन के अत्यंत अनुकूल सिद्धांत हैं।
अनेक श्रद्धावान बताते हैं कि उनके मन में अनायास उत्पन्न होने वाले प्रश्नों के उत्तर, बिना प्रश्न पूछे ही, प्रवचनों के दौरान उन्हें मिल जाते हैं। वहीं कुछ लोग प्रवचन से प्राप्त नए आत्मविश्वास, मानसिक स्पष्टता और जीवन की चुनौतियों का अधिक साहस के साथ सामना करने की शक्ति को लेकर लौटते हैं।
पिछले अनेक वर्षों में सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी ने विष्णुसहस्रनाम, ललितासहस्रनाम, राधासहस्रनाम, श्रीसाईसच्चरित, रामरक्षा, बीजमंत्र, नारदीय भक्तिसूत्र तथा अनेक अन्य पवित्र ग्रंथों और अलग अलग विषयों पर विस्तृत प्रवचन दिए हैं। इन प्रवचनों के माध्यम से उन्होंने इस शाश्वत ज्ञान को आज के जीवन के अनुकूल रूप में प्रस्तुत किया है।

दैनिक जीवन में अध्यात्म
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी की सीख की एक प्रमुख विशेषता उनका व्यावहारिक दृष्टिकोण है। वे बताते हैं कि गहन आध्यात्मिक ज्ञान दैनिक जीवन में किस प्रकार व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान कर सकता है।
वे अध्यात्म को हमारे दैनिक जीवन से अलग नहीं करते। इसके विपरीत, वे सिखाते हैं कि भक्ति से माता-पिता, पति-पत्नी, पेशेवर, नागरिक और एक मनुष्य के रूप में हमारे प्रत्येक उत्तरदायित्व को पूरा करने की क्षमता बढ़नी चाहिए।
वे बार-बार इस बात पर बल देते हैं कि सच्चे अध्यात्म की पहचान बाहरी दिखावे, कर्मकांडों या समाज से दूर चले जाने से नहीं होती। वे स्पष्ट करते हैं कि आध्यात्मिक प्रगति के लिए अपने परिवार अथवा सांसारिक उत्तरदायित्वों का त्याग करना आवश्यक नहीं है। संसार से दूर भागने में आध्यात्मिक प्रगति नहीं है, बल्कि भगवान द्वारा सौंपे गए प्रत्येक उत्तरदायित्व को ईमानदारी, प्रेम और भक्ति के साथ पूरा करते हुए स्वयं में परिवर्तन लाने में है।
मन को सामर्थ्यवान बनाने और दृढ़, सकारात्मक मनोवृत्ति विकसित करने पर बापूजी द्वारा विशेष रूप से दिया गया जोर, यह सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन का एक विशिष्ट पहलु है। बापूजी के अनुसार, जीवन की सबसे बड़ी विजय सबसे पहले अपने मन में प्राप्त की जाती है। इसी कारण श्रद्धावान बापूजी के तारक-मंत्र का जप करते हैं—
॥ ॐ मनःसामर्थ्यदाता श्रीअनिरुद्धाय नमः ॥
बापूजी को श्रद्धावान मन को सामर्थ्य, साहस और क्षमता प्रदान करने वाले सद्गुरु के रूप में मानते हैं।
बापूजी का मार्गदर्शन श्रद्धावानों को विवेक का साथ न छोड़ते हुए श्रद्धा, अंधविश्वास के लेशमात्र से रहित भक्ति, अहंकाररहित साहस और हृदय की करुणा को बनाए रखते हुए सफलता प्राप्त करने की निरंतर प्रेरणा देता है।
एक परिवारवत्सल व्यक्ति और आध्यात्मिक मार्गदर्शक
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी का अपना जीवन इस बात का सजीव उदाहरण है कि सच्चे अध्यात्म को पारिवारिक और सांसारिक जीवन से अलग करने की आवश्यकता नहीं होती। वे अपनी पत्नी, बच्चों और नाती-पोतों के साथ एक आदर्श परिवारवत्सल व्यक्ति के रूप में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनके पुत्र और पुत्री दोनों चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत हैं और अपने परिवार की निःस्वार्थ सेवा की दीर्घ परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
बापूजी अपने जीवन के माध्यम से यह दिखाते हैं कि सांसारिक उत्तरदायित्वों को छोड़े बिना भी सर्वोच्च आध्यात्मिक आदर्श को कैसे प्राप्त किया जा सकता है। वे असंख्य श्रद्धावानों को उत्तम माता-पिता, पति-पत्नी, व्यावसायिक और नागरिक बनते हुए आध्यात्मिक मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विज्ञान और अध्यात्म — दो मार्ग, एक ही सत्य
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के प्रवचनों और लेखन की कई विशिष्ट विशेषताओं में से एक है विज्ञान और अध्यात्म का उनके द्वारा किया गया सुंदर समन्वय।
श्रद्धा और विज्ञान एक-दूसरे के विरोधी हैं, इस धारणा को वे दृढ़ता से अस्वीकार करते हैं।
वे लिखते हैं—
“विज्ञान और भक्ति कभी भी एक-दूसरे की घातक नहीं होगी, बल्कि विज्ञान की समृद्धि से भक्ति के वैभव में वृद्धि ही होगी और भक्ति के सामर्थ्य से विज्ञान की संहारक शक्ति कमजोर होकर विधायक (रचनात्मक) आविष्कार अधिक से अधिक बलवान होंगे।
अपने प्रवचनों और लेखन के माध्यम से सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी ने श्रद्धावानों से विज्ञान, प्रौद्योगिकी (टेक्नॉलॉजी), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजन्स Artificial Intelligence), क्लाऊड कॉम्प्युटिंग (Cloud Computing), नॅनोटेक्नोलॉजी (Nano Technology) और वैश्विक घटनाक्रमों में हो रही प्रगति से निरंतर जुड़े रहने का आग्रह किया है। तेजी से बदलती दुनिया को समझना आवश्यक है, यह पहचानते हुए उन्होंने इन विषयों पर परिसंवाद भी आयोजित किए हैं। श्रद्धावान जानकारी के स्तर पर अद्यतन रहें, बौद्धिक रूप से जागरूक रहें और भविष्य का सामना करने के लिए तैयार रहें, इसके लिए बापूजी ने उन्हें प्रोत्साहित किया है।
बापूजी ने निकोला टेस्ला और अल्बर्ट श्वाइत्ज़र जैसे वैज्ञानिकों तथा दूरदर्शी व्यक्तित्वों के कार्य से श्रोताओं को अनेक बार परिचित कराया है और साथ ही सनातन धर्म में अंतर्भूत शाश्वत आध्यात्मिक सिद्धांतों को भी समझाया है।
उनका दृष्टिकोण है कि आधुनिक ज्ञान और प्राचीन ज्ञान-परंपरा मानवजाति के कल्याण के लिए एक-दूसरे के पूरक बनें।
निःस्वार्थ सेवा से अभिव्यक्त होने वाली भक्ति
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के अनुसार, भक्ति स्वाभाविक रूप से निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से अभिव्यक्त होती है।
उनके मार्गदर्शन में कार्यरत संस्थाओं द्वारा मानवता के हित में किए जाने वाले अनेक उपक्रम इसी विचारधारा से प्रेरित हैं।
इनमें बड़े स्तर पर आयोजित रक्तदान शिविर, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, अनिरुद्धाज अकैडमी ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट (AADM) के माध्यम से आपदा प्रबंधन की पूर्वतैयारी के कार्यक्रम, अन्नपूर्णा प्रसादम, पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाएँ बनाने जैसे पर्यावरणीय उपक्रम और अनेक अन्य समाजकल्याण परियोजनाएँ शामिल हैं।
बलविद्या के माध्यम से उन्होंने प्राचीन भारतीय बलविद्या का पुनरुत्थान किया है और महिलाओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण देने के लिए अहिल्या संघ की स्थापना की है।
वर्ष 2005 में बापूजी ने ‘अनिरुद्धाज यूनिवर्सल बैंक ऑफ रामनाम’ की स्थापना की और श्रद्धावानों को नियमित रूप से भगवान के नामस्मरण की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। समय के साथ जैसे-जैसे डिजिटल टेक्नॉलॉजी विकसित हुई, यह उपक्रम भी डिजिटल रामनाम वहियों के माध्यम से विकसित हुआ, जिससे यह आध्यात्मिक उपासना पहले की अपेक्षा अधिक सरल हो गई है।
बापूजी के पंचगुरु
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी अपनी पहचान मुख्य रूप से एक भक्त के रूप में देते हैं। उनका अपना जीवन अविचल और दृढ़ गुरुभक्ति तथा अपने पंचगुरुओं के चरणों में पूर्ण समर्पण का मूर्तिमान उदाहरण है। बापूजी अपने ‘श्रीमद्पुरुषार्थ ग्रंथराज’ में अपने पंचगुरुओं का वर्णन इस प्रकार करते हैं—
- दत्तगुरु बापूजी के करविता (कराने वाले) गुरु हैं।
- श्री गायत्रीमाता बापूजी की वात्सल्यगुरु हैं।
- श्रीराम बापूजी के कर्ता गुरु हैं।
- महाप्राण हनुमंत बापूजी के रक्षक गुरु हैं।
- श्री साईबाबा बापूजी के दिग्दर्शक गुरु हैं।
इन पंचगुरुओं के चरणों में उनका असीम प्रेम, अटूट श्रद्धा और पूर्ण समर्पण उनके आध्यात्मिक जीवन का मूल आधार है। इसी अविचल गुरुभक्ति से उनकी सीख, लेखन और निःस्वार्थ सेवा सहज रूप से प्रवाहित होती है, जो श्रद्धावानों को ईश्वर और गुरु के प्रति अपनी भक्ति को और अधिक दृढ़ बनाने की प्रेरणा देती है।

“मैं तुम्हारा मित्र हूँ”
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी और उनके श्रद्धावानों के बीच होने वाले रिश्ते का सबसे विशिष्ट पहलु यह है कि अपनी पहचान बताते हुए बापूजी कहते हैं—
“मैं तुम्हारा मित्र हूँ।”
वे आगे स्पष्ट करते हैं—
“मैं किसी का भी अवतार नहीं हूँ। मैं पहले भी अनिरुद्ध ही था, आज भी अनिरुद्ध ही हूँ और कल भी अनिरुद्ध ही रहूँगा।”
वे अपने श्रद्धावानों को बार-बार आश्वस्त करते हैं—
बापूजी के मार्गदर्शन को प्राप्त करने की इच्छा रखने वालों के साथ उनके रिश्ते का मर्म इन्हीं शब्दों में प्रकट होता है।

मर्यादा पुरुषार्थ
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन में कार्यरत संस्थाओं की स्थापना अध्यात्म, आधार (सहारा) और आत्मियता; इन तीन स्तंभों पर हुई है। इन और अनेक अन्य उपक्रमों के माध्यम से उनकी दृष्टि केवल व्यक्ति की आध्यात्मिक उन्नति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि संपूर्ण मानवजाति के कल्याण और हित तक विस्तारित होती है।
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी अपनी पहचान सदैव एक प्रेमपूर्ण मित्र के रूप में देते हैं। ‘श्रीमद्पुरुषार्थ ग्रंथराज’ में वे कहते हैं कि मानवजाति को मर्यादा पुरुषार्थ के आदर्श को समझाना, उसे आचरण में लाने में सहायता करना और मर्यादा पुरुषार्थ को दृढ़ता से स्थापित करना ही उनके जीवन का एकमात्र उद्देश्य है। संत ज्ञानेश्वर महाराज के अभंग की एक ओवी में इस अवधारणा का सुंदर प्रतिबिंब दिखाई देता है—
“अवघाचि संसार सुखाचा करीन । आनंदे भरीन तिन्हीं लोक ॥”
(हिंदी अर्थ - मैं संपूर्ण संसार को सुखमय कर दूँगा और आनंद से तीनों लोकों (आकाश, पृथ्वी और पाताल) को भर दूँगा।)
यह केवल उनके द्वारा अपनाई गई एक ओवी नहीं है, बल्कि उनके जीवन का वास्तविक संकल्प है, जिसके अनुसार वे जीवन जीते हैं।
उनका हर एक प्रवचन, हर एक ग्रंथ, हर एक आध्यात्मिक उपक्रम, हर एक सेवाकार्य और उनके मार्गदर्शन में स्थापित हर एक संस्था दुर्बलों को शक्ति, दुःखियों को आशा की किरण, साधकों को ज्ञान और मानवजाति को शाश्वत आनंद प्रदान करने के पवित्र संकल्प की साक्षी है।












