श्रद्धावानों के लिए उदी एक रामबाण उपाय है; श्रद्धावानों के लिए उदी का अर्थ है—कठिनाई के समय सबसे पहले याद आने वाला आश्वस्त करने वाला सहारा। समस्या चाहे शारीरिक हो, भौतिक हो या आध्यात्मिक, उदी माथे पर (आज्ञा चक्र के स्थान पर) और गले पर (विशुद्ध चक्र के स्थान पर) लगानी चाहिए तथा उदी का सेवन करना चाहिए और अपने सद्गुरु सब कुछ संभाल लेंगे—यह श्रद्धावानों का दृढ़ विश्वास होता है।

वर्ष 2009 में श्री अनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा श्रद्धावानों को उदी का वितरण

उदी के अनगिनत अनुभव

किसी भी समस्या का मानवीय स्तर पर समाधान करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को उदी लगाने से आध्यात्मिक बल मिलता है—यह श्रद्धावानों का दृढ़ विश्वास और अनुभव है।

अनेक श्रद्धावानों ने इस पवित्र उदी पर अटूट श्रद्धा रखते हुए इसे लगाने या ग्रहण करने से बीमारी में राहत मिलने, संकट से रक्षा होने, मन का भ्रम दूर होने और दुःख के समय सहारा मिलने का अनुभव किया है। उदी को माथे पर और गले में कंठकूप के पास लगाने का विशेष आध्यात्मिक महत्त्व है।

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी श्रद्धावानों से हमेशा कहते हैं कि घर से बाहर निकलते समय या यात्रा के दौरान उदी अपने साथ रखें। यही उदी हमारी आध्यात्मिक साथी बनती है और हमारी रक्षा करती है।

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने ऐसी पवित्र और अक्षय उदी श्री अनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में सभी के लिए प्रतिदिन, चौबीसों घंटे, निरंतर उपलब्ध कराई है और श्रद्धावान वहाँ से उदी निःशुल्क ले जा सकते हैं।

श्री अनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में उदी, उदीकुंड में रखी होती है और कोई भी श्रद्धावान किसी भी समय अपने हाथों से उदी ले सकता है। इसके लिए कोई प्रतिबंध नहीं है, कोई औपचारिक प्रक्रिया या कर्मकांड नहीं है और कितनी उदी लेनी है, इसकी भी कोई सीमा नहीं है। श्रद्धावानों को उदी घर ले जाने, उसे संभालकर रखने, कभी भी माथे और गले पर लगाने तथा अपने प्रियजनों के साथ बाँटने की पूरी स्वतंत्रता है।

“पवित्र उदी श्री अनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में सभी के लिए सदैव उपलब्ध रहती है—उदी लेने आया हुआ कोई भी श्रद्धावान खाली हाथ नहीं लौटता और किसी को भी उदी लेने के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती।”

जिस प्रकार श्रद्धावानों के साथ सद्गुरु का अस्तित्व सदैव रहता है, उसी प्रकार उनकी कृपा भी सभी के लिए निरंतर उपलब्ध है—उदीकुंड इसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण है।

बापूजी की कृपा से कोविड के समय हमारे परिवार की रक्षा कैसे हुई।

पवित्र उदी एक जीवंत अनुभूति है

श्री साईसच्चरित्र में पवित्र उदी के दैवी प्रभाव के अनेक अनुभव मिलते हैं। जामनेर में नानासाहेब चांदोरकरजी की पुत्री की प्रसूति बहुत देर तक नहीं हो पा रही थी और परिस्थिति अत्यंत गंभीर तथा प्राणघातक बन गई थी। उस समय वहाँ उपलब्ध सभी उपाय निष्फल हो चुके थे। उस निर्णायक समय पर श्री साईनाथ ने शिर्डी से सौ मील से भी अधिक दूर स्थित जामनेर में उदी के साथ अपनी आरती भेजी। पूर्ण विश्वास के साथ उस उदी को पानी में मिलाकर चांदोरकरजी की पुत्री को दिया गया और उसी समय बाबा की आरती गाई गई।

कुछ ही मिनटों में वह गंभीर संकट दूर हो गया और उसकी प्रसूति सकुशल हो गई। उदी के माध्यम से भयावह परिस्थिति सहनीय हो जाती है और असंभव लगने वाली बात संभव हो जाती है। क्योंकि उदी श्री साईबाबा की कृपा का एक जीवंत माध्यम है। यह प्रसंग अत्यंत प्रभावशाली ढंग से इस बात को रेखांकित करता है कि उदी केवल पवित्र भस्म नहीं है।

श्रद्धावानों का विश्वास है कि उदी में सद्गुरु का आशीर्वाद और कृपा समाहित है।

श्री साईसच्चरित्र का एक और प्रसंग उदी के सामर्थ्य और प्रभाव को सुंदर ढंग से स्पष्ट करता है। बाळाजी नेवासकरजी के वार्षिक श्राद्ध के दिन आमंत्रित अतिथियों की तुलना में कहीं अधिक अतिथि आ जाते हैं और ऐसा लगने लगता है कि बनाया गया भोजन कम पड़ जाएगा। इससे होने वाली मानहानि की आशंका से नेवासकरजी की पत्नी व्यथित हो जाती हैं। उस समय उनकी सास उन्हें बर्तनों में रखे भोजन में उदी मिलाकर उन बर्तनों को ढककर रखने और साईबाबा का स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक भोजन परोसने की सलाह देती हैं।

पूर्ण विश्वास के साथ वैसा करने पर वह भोजन सभी के लिए पर्याप्त होता है और बाकी बच भी जाता है।

उदी केवल पवित्र भस्म नहीं है

ये अनुभव हमें एक महत्त्वपूर्ण सिद्धांत का बोध कराते हैं—“जैसी हमारी श्रद्धा, वैसा उदी का कार्य।”

श्रद्धा से उदी लगाने पर अशांत मन को शांति और दिलासा मिलता है। समर्पण की भावना से उदी ग्रहण करने पर वह मन का सामर्थ्य और साहस बढ़ाती है। उदी को हमेशा अपने साथ रखने पर वह सुरक्षा-कवच की तरह कार्य करती है और कृतज्ञता के साथ उदी का स्वीकार करने पर भक्ति और अधिक दृढ़ होती है।

कुछ वर्ष पहले सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने स्वयं श्री अनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में यही उदी अपने हाथों से श्रद्धावानों को दी थी। जिन्हें बापूजी के हाथों से उदी मिली, उनके लिए वह क्षण वास्तव में पवित्रता की पराकाष्ठा था। स्वयं सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी से मिलनेवाली उदी के बारे में श्रद्धावानों की यही भावना थी कि इससे उनका आशीर्वाद, करुणामय स्पर्श और संरक्षण का मौन आश्वासन प्राप्त होता है।

प्रत्येक श्रद्धावान को अपने हाथों से उदी देना सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के लिए संभव न होने के कारण, उनके संकल्प और आशीर्वाद से यह पवित्र उदी उदीकुंड के द्वारा सभी श्रद्धावानों के लिए उपलब्ध कराई गई है।

जब बापूजी स्वयं उदी देते थे, तब श्रद्धावान उस पवित्र क्षण की बड़ी आतुरता से प्रतीक्षा करते थे और जब उनकी अंजलि में उदी दी जाती थी, तब उन्हें ऐसा लगता था मानो बापूजी की कृपा ही उनके हाथों में उतर आई हो। उस साधारण सी क्रिया में अपार आध्यात्मिक सामर्थ्य था। उसने वहाँ उपस्थित लोगों के मन में श्रद्धा को और अधिक दृढ़ किया, शरणागति की भावना को और गहरा किया तथा उनके हृदय में उस क्षण की अमिट छाप अंकित कर दी।

अंततः उदी हमें यही सिखाती है कि सद्गुरु-कृपा सदैव सरल, विनम्र और सामर्थ्यशाली रूप में हमारे साथ रहती है।

उदी अर्थात आशीर्वाद। उदी अर्थात संरक्षण। उदी अर्थात आश्वासन। उदी अर्थात सद्गुरु की निरंतर प्रवाहित होने वाली कृपा का साकार स्वरूप।

Shraddhavans taking Udi from Udikund in Shree Aniruddha Gurukshetram
श्री अनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् के उदीकुंड से उदी लेते हुए श्रद्धावान
Shraddhavans taking Udi prasad
Shraddhavans taking Udi prasad
Shraddhavans taking Udi prasad
Shraddhavans taking Udi prasad
Sadguru Shree Aniruddha Bapu offers His sacred touch to the Udi, blessing it with divine grace.
Sadguru Shree Aniruddha Bapu offers His sacred touch to the Udi, blessing it with divine grace.
Shraddhavans, filled with reverence and gratitude, receive the sacred Udi from the hands of Sadguru Shree Aniruddha Bapu at Shree Gurukshetram.
Shraddhavans, filled with reverence and gratitude, receive the sacred Udi from the hands of Sadguru Shree Aniruddha Bapu at Shree Gurukshetram.