‘मननात्‌ त्रायते इति मन्त्रः|’

जिसका अथवा जिसकी सहायता से मनन, चिंतन और स्मरण करने पर साधक की हर प्रकार से रक्षा होती है, उसे ‘मंत्र’ कहते है। श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज के तृतीय खंड ‘आनंदसाधना’ में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने मंत्र की यह अत्यंत अर्थपूर्ण व्याख्या बताई है।

मंत्र केवल कुछ अक्षरों अथवा शब्दों का समूह नहीं होता। वह परमेश्वर के चैतन्य से जोड़ने वाला एक जीवंत सेतु, एक कड़ी होता है। श्रद्धा, प्रेम और निरंतरता के साथ किया गया मंत्रजप साधक को उस मंत्र में अंतर्भूत दिव्य सामर्थ्य से जोड़ता है। जैसे-जैसे मंत्र का जप बढ़ता जाता है, वैसे-वैसे उस मंत्र की देवता का सान्निध्य, उनकी कृपा और उनका संरक्षण भक्त के जीवन में अधिकाधिक प्रकट होता जाता है।

इसीलिए मंत्र को उस-उस देवता का सूक्ष्म स्वरूप माना गया है। मंत्र का नित्य, श्रद्धापूर्वक और प्रेमपूर्वक जप करने से इष्टदेवता का सामर्थ्य प्राप्त होने लगता है साथ ही यह जप उसे उस इष्टदेवता के समीप ले जाता है और उनकी कृपा की छाया में सुरक्षित रखता है।

‘गुरुगीता’ में भगवान शंकर माता पार्वती को गुरुमंत्र का महत्त्व बताते हुए कहते है....

‘गुरुमन्त्रो मुखे यस्य तस्य सिद्धयन्ति नान्यथा । दीक्षया सर्वकर्माणि सिद्धयन्ति गुरुपुत्रके ॥’

इसका अर्थ है कि जिसके मुख में अखंड गुरुमंत्र का वास होता है, उसके सभी कार्य सिद्ध होते हैं। गुरुमंत्र के बिना सच्ची कार्यसिद्धि किसी अन्य मार्ग से प्राप्त नहीं होती। जिसके लिए गुरु ही सर्वस्व हैं, ऐसे गुरुपुत्र को सद्गुरु से मंत्रदीक्षा प्राप्त होती है और उस मंत्र के सामर्थ्य से उसके प्रापंचिक तथा पारमार्थिक सभी कार्य सफल होने लगते हैं।

इससे गुरुमंत्र की विशेषता सहज ही समझ में आती है। सद्गुरु द्वारा दिया गया मंत्र केवल शब्दों का उच्चारण नहीं होता; उस मंत्र में सद्गुरु का संकल्प, उनका प्रेम, आशीर्वाद, कृपा और उनका दिव्य सामर्थ्य एकरूप हो चुके होते हैं। इसीलिए गुरुमंत्र शिष्य को आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है, नकारात्मक शक्तियों से उसकी रक्षा करता है और प्रत्येक चरण पर उसका उचित मार्गदर्शन करता रहता है। सही अर्थों में गुरुमंत्र सद्गुरु और शिष्य के बीच का अखंड, अटल और प्रेमपूर्ण नाता है। यह मंत्र केवल जप करने के लिए नहीं, बल्कि जीने के लिए होता है।

यह शिष्य की प्रत्येक साँस, प्रत्येक विचार और प्रत्येक कर्म में सद्गुरु की स्मृति को जागृत रखने वाला एक दिव्य माध्यम है।

ऐसी इस अमूल्य गुरुकृपा के रूप में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने सभी श्रद्धावानों को जो महामंत्र प्रदान किया है, वह है स्वयंभगवान श्री त्रिविक्रम का सार्वभौम मंत्रगजर।

स्वयंभगवान श्री त्रिविक्रम के अठारह वचनों में से एक अत्यंत आश्वस्त करने वाला वचन है...

‘ शरणागत होकर करेगा जो गजर । उसके जीवन में सुख अपरंपार ॥’

इस एक वचन में स्वयंभगवान द्वारा प्रत्येक श्रद्धावान को दिया गया प्रेमपूर्ण आश्वासन समाया हुआ है। जो पूर्ण शरणागत भाव से यह मंत्रगजर करता है, उसके जीवन में अपार सुख, संतोष और भगवत्कृपा का अखंड प्रवाह बहता रहता है। प्रत्येक मनुष्य की यह स्वाभाविक इच्छा होती है कि उसका जीवन आनंदमय, संतोषपूर्ण और सार्थक बने। परंतु यह सच्चा आनंद केवल बाहरी परिस्थितियों में नहीं, बल्कि परमेश्वर के साथ दृढ़ नाता जोड़ने में है। इसीलिए परमेश्वरी मार्ग से अपने जीवन को सुंदर, समृद्ध और मंगलमय बनाने की इच्छा रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने अत्यंत सहज, सभी के लिए आचरण में लाने योग्य और हर प्रकार से कल्याणकारी मार्ग दिया है—स्वयंभगवान श्री त्रिविक्रम का सार्वभौम मंत्रगजर।

यह मंत्रगजर है...

रामा रामा आत्मारामा त्रिविक्रमा सद्गुरुसमर्था।
सद्गुरुसमर्था त्रिविक्रमा आत्मारामा रामा रामा ॥

सार्वभौम मंत्र के अद्वितीय स्वरूप के बारे में और यह महामंत्र ‘सार्वभौम’ क्यों है, इसका अत्यंत सुंदर और सूक्ष्म विवेचन सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने किया है। वे कहते हैं,

यह मंत्र सार्वभौम है क्योंकि यह अद्वितीय, परिपूर्ण और सर्वतोभद्र है। इस मंत्र की विशेषता यह है कि जहाँ से इसका आरंभ होता है, पुनः वहीं आकर यह पूर्ण होता है। इस प्रकार इस मंत्र का एक परिपूर्ण मंत्रमंडल बनता है। इससे भी विशेष बात यह है कि इस मंत्र के पूर्वार्ध और उत्तरार्ध में होनेवाले शब्द समान हैं। लेकिन उनकी रचना एक-दूसरे के विपरीत क्रम में की गई है। इस कारण यह मंत्र केवल शब्दों उच्चारण का समूह न रहकर भक्त और भगवान के बीच अखंड दिव्य संवाद बन जाता है।

‘रामा रामा आत्मारामा त्रिविक्रमा सद्गुरुसमर्था’ यह पूर्वार्ध श्रद्धावान के द्वारा स्वयंभगवान श्रीत्रिविक्रम और त्रिनाथों (परमेश्वर दत्तगुरु, आदिपिता नारायण और आदिमाता नारायणी) के चरणों में की गई प्रेमपूर्ण प्रार्थना। वहीं ‘सद्गुरुसमर्था त्रिविक्रमा आत्मारामा रामा रामा’ यह उत्तरार्ध स्वयंभगवान श्रीत्रिविक्रम की ओर से भक्त पर बरसने वाला कृपाप्रसाद है।

इसीलिए इस मंत्र में प्रार्थना और प्रसाद, भक्त और भगवान, आवाहन और आशीर्वाद के अद्वैत स्वरूप का अनुभव होता है। इसी कारण यह मंत्र सर्वतोभद्र है। यह हर प्रकार से केवल कल्याण ही करता है। जीवन में जो उचित है वही हो, जो योग्य है वही प्राप्त हो और हर एक परिस्थिति में भगवत्कृपा का संरक्षण मिले—इसके लिए यह मंत्र निरंतर कार्यरत रहता है।

भविष्य में श्रद्धावान के जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का ज्ञान स्वयंभगवान को पहले से ही होता है। इसीलिए यह मंत्र प्रारब्ध के कारण भविष्य में निर्माण होनेवाली प्रतिकूल परिस्थिति का समर्थ रूप से सामना करने के लिए भक्त की पहले से ही तैयारी करवाता है। इसीलिए जीवन में सुख हो या दुःख, सफलता हो या असफलता, अनुकूलता हो या प्रतिकूलता—यह मंत्रगजर श्रद्धावान को कभी अकेला नहीं पड़ने देता। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी कहते हैं कि प्रत्येक परिस्थिति में यह सामर्थ्य देता है, धैर्य देता है, उचित दिशा दिखाता है और भगवत्कृपा की अनुभूति कराता रहता है।

विशुद्ध (कंठकूप) चक्र का महत्त्व

मनुष्य के प्राणमय देह में स्थोत विशुद्ध चक्र यह एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र है। इस चक्र की सोलह पंखुड़ियाँ हैं और कंठकूप स्थान पर स्थित होने के कारण इसे ‘कंठकूप चक्र’ भी कहा जाता है। श्रीमद्‌पुरुषार्थ ग्रंथराज के द्वितीय खंड ‘प्रेमप्रवास’ में इस चक्र का महत्त्व स्पष्ट करते हुए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी कहते हैं...

‘जो परमेश्वरी मार्ग से अपने जीवन को सुखी बनाना चाहता है, उसके लिए यह चक्र अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। जो इस चक्र को जानता है, समझता है और उसी के अनुसार अपना आचरण करता है, वही सही अर्थों में सफल होता है। वही मर्यादामार्ग का अधिकारी बनता है और वही प्रभु श्रीराम की वानरसेना का सैनिक बनने का पात्र बनता है।’

परमेश्वर द्वारा मनुष्य को दी गयी कर्मस्वतंत्रता यह इस विशुद्ध चक्र को अधिकाधिक शुद्ध करने के लिए प्रदान की गई दिव्य क्षमता है। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी इस चक्र से जुडा एक अत्यंत सुंदर उदाहरण देते हैं। जिनका विशुद्ध चक्र पूर्ण रूप से शुद्ध है, वे एकमात्र श्रीहनुमानजी हैं। जिसका विशुद्ध चक्र पूर्णतः अशुद्ध है, वह रावण है। जो अशुद्धता से शुद्धता की ओर निरंतर यात्रा कर रहा है, वह वानर है और लंका में रहते हुए भी जिन्होंने अपनी शुद्धता को बनाये रखा, वे बिभीषणजी जैं। इन बिभीषणजी के मार्गदर्शक गुरु श्रीहनुमानजी हैं।

केवल स्वयं को निरंतर शुद्ध करने की तत्परता की आवश्यकता है। सामान्य मनुष्य का विशुद्ध चक्र न तो पूरी तरह शुद्ध होता है और न पूरी तरह अशुद्ध। वह मिश्रित अवस्था में होता है। इसीलिए प्रत्येक श्रद्धावान को इस चक्र की शुद्धि के लिए प्रयास करने पड़ते हैं। इसके लिए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने अत्यंत सहज और सभी के लिए संभव उपाय बताया है। वे कहते हैं...

‘जो श्रद्धावान इस मंत्रगजर की सोलह मालाएँ प्रतिदिन, कम-से-कम तीन वर्षों तक करता है, उसके विशुद्ध (कंठकूप) चक्र की सभी सोलह पंखुड़ियाँ शुद्ध हो जाती हैं। उसका विशुद्ध चक्र हनुमत्‌-चक्र बन जाता है। उसके बाद वह प्रत्येक जन्म में आनंदपूर्वक आता है, आनंद में जीता है और अंततः आनंद में ही विलीन हो जाता है।’

यह केवल साधना नहीं, बल्कि मनुष्य के अंतःकरण का दिव्य रूपांतरण करने वाली एक अद्भुत आध्यात्मिक प्रक्रिया है।

परंतु हर एक व्यक्ति की शारीरिक क्षमता, समय और परिस्थितियाँ अलग-अलग होती हैं, यह सद्‍गुरु श्रीअनिरुद्धजी पूरी तरह जानते हैं। इसी कारण उन्होंने श्रद्धावानों को कोई भी बंधन न लगाते हुए प्रेमपूर्वक मार्गदर्शन किया है। वे कहते हैं कि जिसके लिए प्रतिदिन सोलह मालाएँ करना संभव न हो, वह अपनी क्षमता के अनुसार, विशिष्ट संख्यापूर्ती के आग्रह के बिना, जितना संभव हो उतना मंत्रगजर करता रहे। प्रत्येक जप प्रेमपूर्वक स्वयंभगवान के चरणों में अर्पित करता रहे। ऐसे श्रद्धावान का जीवन भी भगवत्कृपा से अधिकाधिक सुंदर बनता रहता है।

इससे सद्गुरु की सीख का एक महत्त्वपूर्ण संदेश स्पष्ट होता है। परमेश्वर के लिए संख्या महत्त्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि उसके पीछे होनेवाली श्रद्धा, प्रेम और समर्पण महत्त्वपूर्ण होता है। जहाँ भक्तिभाव होता है, वहाँ कृपा का प्रवाह अपने आप आरंभ हो जाता है। इस मंत्रगजर के कारण श्रद्धावान के अंतःकरण में अपने सद्गुरु और इष्टदेवता के प्रति प्रेम दिन-प्रतिदिन और अधिक दृढ़ होता जाता है। भक्ति कभी बलपूर्वक उत्पन्न नहीं होती; वह कृपा से खिलती है और उस भक्ति को खिलाने का कार्य यह सार्वभौम मंत्रगजर अत्यंत सहजता से करता है।

श्री हरिगुरुग्राम में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के साथ मंत्रगजर करते श्रद्धावान

मंत्रगजर करते समय हमारा भाव कैसा होना चाहिए

मंत्रगजर करते समय भाव कैसा होना चाहिए? प्रत्येक साधक का एक अनुभव होता है। मंत्रगजर करने बैठते ही मन शांत नहीं रहता। मन में अनेक विचार आते हैं। कभी अच्छे, कभी बुरे, कभी यादें, तो कभी चिंताएँ। कभी-कभी जप भी यंत्रवत् चलता रहता है। ऐसे समय अनेक लोगों के मन में प्रश्न उठता है कि ऐसी अवस्था में किया गया मंत्रगजर फलदायी होगा क्या? इस प्रश्न का उत्तर सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी अत्यंत प्रेमपूर्वक देते हैं। वे कहते हैं...

मंत्रगजर करते समय प्रत्येक सच्चे श्रद्धावान के मन में केवल एक ही भाव होना चाहिए—

‘मैं भगवान का दास हूँ।’

यह दास्यभाव अर्थात अपना सर्वस्व परमेश्वर के चरणों में समर्पित करने का भाव। इस भाव से किया गया मंत्रगजर धीरे-धीरे मन को स्थिर करता है। मन के असंख्य विचार अपने आप शांत होने लगते हैं। क्योंकि मंत्र का कार्य केवल जिह्वा पर नहीं होता। वह अंतःकरण में कार्य करता है। जो श्रद्धावान अपने दैनिक जीवन में भी इस दास्यभाव को बनाए रखता है, उसे पाप बाधा नहीं पहुँचाता और प्रारब्ध भी उसे असहाय नहीं बना सकता।

क्योंकि ऐसे भक्त का जीवन उसके अपने सामर्थ्य पर नहीं, बल्कि भगवत्कृपा पर टिका होता है। इष्टदेवता की भक्ति और सार्वभौम मंत्रगजर करते समय अनेक श्रद्धावानों के मन में एक और प्रश्न उठता है—‘मैं अपने इष्टदेवता की भक्ति करता हूँ; तो क्या मैं यह मंत्रगजर कर सकता हूँ?’

इस प्रश्न का उत्तर भी सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने अपने अग्रलेख में अत्यंत सुंदर शब्दों में दिया है।

“प्रत्येक देवता का नाम अंततः केशव तक ही पहुँचता है—‘सर्वदेवनमस्कारः केशवं प्रतिगच्छति।’ इसलिए प्रत्येक इष्टदेवता का नाम इस सार्वभौम मंत्र में समाहित है।”

‘केशव’ अर्थात जो प्रत्येक रूप में हैं और फिर भी सभी रूपों से परे हैं। स्वयंभगवान श्रीत्रिविक्रम यही उस केशव का मूल स्वरूप हैं। ‘केशव’ उन्हीं का एक नाम है। वे ही श्रीराम हैं, वे ही श्रीकृष्ण हैं, वे ही भगवान शिव हैं और वे ही भगवान विष्णु हैं।

मंत्रगजर—आमूल परिवर्तन लाने वाली परिवर्तनकारी शक्ति

इसलिए सार्वभौम मंत्रगजर किसी भी इष्टदेवता से दूर ले जाने वाला नहीं है, बल्कि प्रत्येक श्रद्धावान को अपने इष्टदेवता से जोड़ने वाला है। मन का परिवर्तन होना ही प्रारब्ध का परिवर्तन है।

स्वयंभगवान के जिवीत अस्तित्व का और उनके अखंड प्रेम का हर पल अनुभव करना यह बात सामान्य मनुष्य के लिए आसानी से संभव नहीं होती। मन बार-बार गृहस्थी की ओर दौड़ता है। विस्मरण हो जाता है। भक्ति में व्यवधान आता है। किंतु जब श्रद्धावान प्रेमपूर्वक यह मंत्रगजर करता रहता है, तब मात्र थोड़ा-सा जप भी महान आध्यात्मिक सामर्थ्य धारण करने लगता है। क्षणिक स्मरण अखंड स्मरण में परिवर्तित होने लगता है।

यह मंत्रगजर मन पर अत्यंत सूक्ष्म रूप से कार्य करता है। मन के नकारात्मक संस्कार, भय, हीनभावना, ईर्ष्या, क्रोध और दुर्बलता के बीज धीरे-धीरे क्षीण होने लगते हैं। उसी समय प्रेम, श्रद्धा, धैर्य, संयम, क्षमा और विश्वास के बीज सुदृढ़ होते जाते हैं। मन सभी इंद्रियों का नेतृत्व करने वाली इंद्रिय है। इसलिए मन शुद्ध होने पर अन्य इंद्रियाँ भी स्वतः उचित मार्ग अपनाने लगती हैं। यह मंत्रगजर केवल मन को ही उचित दिशा ही नहीं देता, बल्कि श्रद्धावान को प्रारब्ध पर विजय पाने के लिए आवश्यक भगवत्कृपा भी प्रदान करता है।

आज कई वर्षों से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन में असंख्य श्रद्धावान प्रतिदिन भक्तिभाव से इस सार्वभौम मंत्रगजर की सोलह मालाएँ कर रहे हैं। उनके जीवन में इस मंत्रगजर के कारण हुए असंख्य सकारात्मक परिवर्तन, संकटों में मिला संरक्षण, मन में हुआ आमूल परिवर्तन और भगवत्कृपा की अनुभूति ही इस मंत्रगजर के सामर्थ्य का जीवंत प्रमाण है।

॥ रामा रामा आत्मारामा त्रिविक्रमा सद्गुरुसमर्था ।
सद्गुरुसमर्था त्रिविक्रमा आत्मारामा रामा रामा ॥

Sadguru Shree Aniruddha Bapu immersed in the Mantragajar of Swayam Bhagwan Trivikram at Shree Harigurugram
Sadguru Shree Aniruddha Bapu immersed in the Mantragajar of Swayam Bhagwan Trivikram at Shree Harigurugram
Sadguru Shree Aniruddha Bapu immersed in the Mantragajar of Swayam Bhagwan Trivikram at Shree Harigurugram
Sadguru Shree Aniruddha Bapu immersed in the Mantragajar of Swayam Bhagwan Trivikram at Shree Harigurugram
Sadguru Shree Aniruddha Bapu immersed in the Mantragajar of Swayam Bhagwan Trivikram at Shree Harigurugram
Sadguru Shree Aniruddha Bapu immersed in the Mantragajar of Swayam Bhagwan Trivikram at Shree Harigurugram
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu
Shraddhavans immersed in Mantragajar with Bapu