उत्सव की पवित्र व्यवस्था
मुख्य मंच पर चण्डिकाकुल का भव्य चित्र था। एक ओर अंजना माता अपनी गोद में बाल महाप्राण हनुमानजी को प्रेमपूर्वक लिए हुए थीं, तो दूसरी ओर शताक्षी माता अर्थात शाकंभरी देवी का चित्र था। इससे संपूर्ण वातावरण भक्ति और कृपा से भर गया था।
मुख्य मंच की ओर जानेवाले मार्ग पर परिक्रमा कक्ष था। इस पवित्र मार्ग पर पच्चीस आराध्य देवताओं के चित्र रखे गए थे। इन चित्रों का अनावरण सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने किया था। उनके सामने नारियल, गेहूँ और फूलों की मालाएँ अर्पित की गई थीं।
श्रीश्वासम् उत्सव को तीन परिक्रमाओं में विभाजित किया गया था—
- जोगवा परिक्रमा
- गुह्यसूक्तम् परिक्रमा
- समर्पण परिक्रमा
इस परिक्रमा का आरंभ मूलार्क गणपति, आदिमाता महिषासुरमर्दिनी, अवधूत दत्तात्रेय और पंचमुखी हनुमंत से होता था। इसके बाद आदिमाता के बीस तेजस्वी स्वरूप थे। इनमें नारायणी, अंबाबाई, बाल त्रिपुरा, श्रीविद्या, रणदुर्गा, शारदांबा, भुवनेश्वरी, दण्डनाथा, तुळजाभवानी, रेणुका माता, निसर्गमालिनी, महागौरी, महासिद्धेश्वरी, मीनाक्षी, महायोगेश्वरी, अदिति (श्री–शून्यनाम् शून्यसाक्षिणी), अनसूया दुर्गा और सप्तशृंगी सम्मिलित थीं।
इनमें से प्रत्येक स्वरूप आदिमाता की अनंत करुणा और शक्ति के एक विशिष्ट पहलू का प्रतिनिधित्व करता था।
इस परिक्रमा का समापन श्री त्रिविक्रम और श्री महाविष्णु के दर्शन से होता था। उनके साथ पवित्र कूर्म भी था, जिसकी पीठ पर श्री यंत्र अंकित था।
अत्यंत मंगलमय प्रतीक माने जानेवाले श्री यंत्र को आदिमाता के चरणकमलों में रखा गया था। यह ईश्वरीय कृपा और विश्व के सामंजस्य तथा सुसूत्रता के समरस होने का प्रतीक था।
निकटवर्ती सभागृहों में महाप्राण पंचमुखी हनुमंत और अश्विनीकुमारों की स्थापना बापूजी ने की थी। सभागृह की दूसरी ओर ‘उषा पुष्करिणी कुंड’ रखा गया था। जल से भरे इस कुंड में पंचधातुओं से निर्मित त्रिविक्रम लिंग की प्रतिष्ठापना की गई थी। इसका अनावरण भी बापूजी ने किया था।
उत्सव का प्रत्येक पहलू आदिमाता द्वारा स्थापित क्रम का साक्षात प्रतिबिंब था—जहाँ प्रत्येक प्रतिमा, प्रत्येक प्रतीक और प्रत्येक पवित्र व्यवस्था गहन आध्यात्मिक अर्थों और दिव्य संकेतों से परिपूर्ण थी।
तीन पवित्र परिक्रमाएँ
४ मई २०१५ को वैशाख पूर्णिमा के मंगलमय दिन प्रातः ८ बजे इस समारोह का आरंभ हुआ। उस दिन के कार्यक्रम के तीन चरण थे:
- जोगवा परिक्रमा
- गुह्यसूक्तम् परिक्रमा
- समर्पण परिक्रमा
जोगवा परिक्रमा
जोगवा परिक्रमा की ओर जाने से पहले श्रद्धावानों के माथे पर नाम लगाया गया। सभागृह में प्रवेश करने के बाद परिक्रमा आरंभ करने से पहले उन्हें मूषक के चित्रवाला एक कागज दिया गया। श्रद्धावानों से उस पर मूषक के तीन चित्र बनाने को कहा गया।
मूषक का महत्त्व
बापूजी द्वारा बताया गया मूषक का महत्त्व इस प्रकार है:
मूषक गणपति का वाहन है और गणपति मूलाधार चक्र के अधिपति हैं। यह मूषक ‘श्वासोच्छ्वास’ का प्रतीक है। श्वासोच्छ्वास से ऊर्जा उत्पन्न होती है और यही ऊर्जा शरीर के अन्य भागों तक पहुँचाई जाती है।
जिस प्रकार मूषक अपने बिल में अंदर-बाहर आता-जाता है, उसी प्रकार साँस लेने और छोड़ने की प्रक्रिया चलती रहती है। इसलिए मूषक का चित्र तीन बार बनाना था। इसके माध्यम से साँस लेना, उसका अभिसरण अथवा अवशोषण और साँस छोड़ना—इन तीन प्रक्रियाओं को दर्शाया जाता था।
इस कागज को परिक्रमा के बिल्कुल आरंभ में विराजमान मूलार्क गणपति को निम्न प्रार्थना के साथ अर्पित करना था:
“हे घनप्राण, हमारे श्वासोच्छ्वास पर नियंत्रण रखें और हमारे त्रिविध देह की रक्षा करें!”
जोगवा परिक्रमा में श्रद्धावान दाल और चावल के दाने, तीन केले और कुछ पत्ते आदिमाता को अर्पण करते थे। यह अर्पण करना पूरी तरह श्रद्धावानों की इच्छा पर निर्भर था।
कुछ श्रद्धावानों को केवल इस परिक्रमा में सहभागी हो पाना भी परम सौभाग्य लगता था। परिक्रमा के विशिष्ट क्रम में विराजमान आदिमाता के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन करना ही उनके लिए बहुत बड़ी बात थी।
संपूर्ण परिसर में ‘जय जगदंब जय दुर्गे’, ‘ॐ नमश्चण्डिकायै’, ‘माँ, आप प्रेममयी हैं और मैं अंबज्ञ हूँ’, ‘हे सद्गुरु, आप प्रेममय हैं और मैं अंबज्ञ हूँ’ जैसे जयघोष गूँज रहे थे।
श्री त्रिविक्रम के दर्शन से यह परिक्रमा पूर्ण होती थी। परिक्रमा पूरी करने के बाद श्रद्धावानों के मन में एक दृढ़ विश्वास उत्पन्न होता था—‘त्रिविक्रम ही हमारे जीवन का एकमात्र और संपूर्ण आधार हैं!’
इसके आगे एक जलकुंड की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धावान सूप में लाए हुए चावल और दाल के साथ दो केले आदिमाता को अर्पित करते थे।
यह दाल और चावल अन्नपूर्णा प्रसादम् योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को दिए जाते थे। तीन केलों में से एक केला श्रद्धावानों को प्रसाद के रूप में दिया जाता था।
परिक्रमा पूरी करने के बाद श्रद्धावान मुख्य मंच पर विराजमान चण्डिकाकुल और उसके एक ओर स्थित शताक्षी माता अर्थात शाकंभरी देवी का आशीर्वाद लेते थे। दूसरी ओर अपनी गोद में बाल हनुमंत को लिए हुए अंजना माता के प्रेममय और वात्सल्यपूर्ण स्वरूप के दर्शन भी करते थे।
शताक्षी माता (शाकंभरी देवी) का महत्त्व
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने ‘मातृवात्सल्यविन्दानम्’ ग्रंथ में शताक्षी माता का महत्त्व बताया है—सौ वर्षों के अकाल के कारण मनुष्यों की दशा अत्यंत दयनीय हो गई थी। यह देखकर महर्षि अगस्त्य और अन्य महर्षियों ने परांबा माता को आर्त भाव से पुकारा और उनकी महिमा का गुणगान किया। तब चण्डिका माता स्वयं उनके सामने प्रकट हुईं।
सभी महर्षियों ने एक स्वर में माँ की स्तुति करते हुए प्रार्थना की, “हे चण्डिका माता, अपने तेजस्वी ‘रण-रागिणी’ स्वरूप को एक ओर रखकर पृथ्वी पर रहनेवाली अपनी संतानों को मातृकरुणा से आशीर्वाद दें।”
ऋषियों की इस उदात्त प्रार्थना को स्वीकार कर आदिमाता ने शांत और सौम्य स्वरूप धारण किया। आदिमाता के इस मनोहर स्वरूप के सौ नेत्र थे। इसलिए उन्हें ‘शताक्षी’ अर्थात ‘सौ नेत्रोंवाली देवी’ नाम मिला। उनके हाथों में कोमल पत्तों की डालियॉं, फूल, फल, जड़ें, अक्षय जलपात्र, धनुष, बाण और हल थे। अपने सौ नेत्रों से शताक्षी माता ने पृथ्वी की ओर करुणापूर्वक देखा और पृथ्वी पुनः हरी-भरी तथा उपजाऊ हो गई।
उनकी कृपा और महिमा देखकर अगस्त्य ऋषि ने उन्हें शाकंभरी, अन्नदा और नीलदुर्गा नाम दिए। इस तेजस्वी शताक्षी माता का चित्र ‘श्रीश्वासम्’ उत्सव के मुख्य मंच पर रखा गया था। बापूजी ने शाकंभरी माता से प्रार्थना की कि हमारी वसुंधरा को सदैव सिंचन प्राप्त होता रहे, वह उपजाऊ और समृद्ध रहे—सुजलाम्, सुफलाम् और समृद्ध बनी रहे।
राष्ट्र के आधारस्तंभ सैनिक और किसान समृद्ध हों, यही उदात्त भावना ‘श्रीश्वासम्’ उत्सव के पीछे थी।
पहली परिक्रमा का समापन चण्डिकाकुल, शताक्षी माता और अपनी गोद में बाल महाप्राण हनुमंत को प्रेमपूर्वक लिए हुए अंजना माता के दर्शन और नमन से हुआ। शक्ति, करुणा और मातृवात्सल्य का मूर्तिमान स्वरूप बनी इस पवित्र जोगवा परिक्रमा ने श्रद्धावान और आदिमाता के बीच प्रेम के बंधन को और दृढ़ किया।
श्रद्धावान दो स्थानों पर लगाए गए ‘झाल’ के नीचे से गुजरते थे। यह झाल आदिमाता के आशीर्वाद का प्रतीक था और एक पवित्र वस्त्र के रूप में था। इनमें से एक झाल मुख्य मंच से ठीक पहले था और दूसरा दर्शन के बाद बाहर निकलते समय था।
अनिरुद्ध बापूजी ने अपने प्रवचन में बताया था कि झाल और कुछ नहीं, बल्कि माता चण्डिका की साड़ी का आँचल ही है—जो प्रत्येक श्रद्धावान को अपने आश्रय में लेता है।

गुह्यसूक्तम् परिक्रमा — विश्व का Healing Code सुनना
मुख्य मंच के बाईं ओर स्थित सभागृह में पंचमुखी हनुमंत और अश्विनीकुमारों की मूर्तियाँ थीं। यहाँ श्रद्धावानों को पवित्र जल से भरे छोटे कलश के साथ परिक्रमा करनी थी। यह पवित्र जल तापी, इंद्रायणी और पांजरा नदियों से लाया गया था।
श्रद्धावान जल से जल से भरे छोटे कलश को बायी हथेली पर रखकर और दायी हथेली से उसका मुख ढककर गुह्यसूक्तम् सुनते हुए यह परिक्रमा करते थे। यह इस उत्सव का प्रमुख आकर्षण था।
आज हम देखते हैं कि मनुष्य की स्थिति केवल शारीरिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि मानसिक और बौद्धिक स्तर पर भी बिगड़ती जा रही है। जीवन के संबंधों, नौकरी-व्यवसाय, पारिवारिक जीवन, शिक्षा, आर्थिक स्थिति आदि अनेक स्तरों पर ‘Healing’ अर्थात निरोगीकरण की अत्यंत आवश्यकता महसूस होती है। प्रत्येक व्यक्ति, समाज, देश और संपूर्ण विश्व के लिए यह निरोगीकरण आवश्यक और अपरिहार्य है। सद्गुरु बापूजी ने इसकी अत्यधिक आवश्यकता को महसूस किया और इसके उपाय के लिए बड़ी माँ—आदिमाता चण्डिका से आर्त प्रार्थना की।
उनकी इसी प्रार्थना का उत्तर है ‘वैश्विक निरोगीकरणम् गुह्यसूक्तम्’ अर्थात ‘The Universal Healing Code – Guhyasuktam’।
जिस प्रकार माँ के गर्भ में शिशु केवल सुनता रहता है और माँ का श्वास उसके पूरे शरीर में प्रवाहित होता रहता है, उसी प्रकार श्रद्धावानों को भी गुह्यसूक्तम् एकाग्र होकर सुनना है।
श्रद्धावान जब Healing Code सुनते हुए स्वाभाविक रूप से साँस छोड़ते हैं, तब वे अपने सभी रोग, दोष और अनिष्ट बातें श्वास के माध्यम से बाहर छोड़ते हैं। आदिमाता उन सभी को स्वयं में समाहित कर लेती हैं, साँस लेती हैं और उसके बदले अपने उच्छ्वास से निरोगीकरण शक्ति बाहर छोड़ती हैं; श्रद्धावान उस निरोगीकरण शक्ति को श्वास के माध्यम से ग्रहण करते हैं।
बापूजी द्वारा प्रदान की गई यह भेंट—गुह्यसूक्तम्—प्राप्त करके श्रद्धावानों ने परम संतोष का अनुभव किया। यह गुह्यसूक्तम् ‘विश्व का Healing Code’ है। इसे सुनते समय इसके प्रेमपूर्ण शब्द और लय श्रद्धावानों के मन में अद्भुत शांति, सहजता, संतोष और तृप्ति प्रदान करते थे।
संपूर्ण विश्व में व्याप्त आदिमाता की यह निरोगीकरण शक्ति उत्सव के समय श्रद्धावानों पर मुक्त रूप से बरस रही थी।
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा लिखित ‘मातृवात्सल्य उपनिषद’ में वर्णित विगत की ही भाँति, अपने जीवन की यात्रा श्री त्रिविक्रम द्वारा मार्गदर्शित हो रही है—इसी विश्वास के साथ श्रद्धावान परिक्रमा करते हुए आगे बढ़ रहे थे। श्रद्धावानों को केवल पूर्ण श्रद्धा से सुनना था, ठीक उसी प्रकार जैसे माँ के गर्भ में शिशु अपनी माँ का श्वास सुनता रहता है।
गुह्यसूक्तम् सुनते हुए जब वे स्वाभाविक रूप से साँस लेते हैं, तब आदिमाता उनके श्वास से सभी प्रकार की अशुभ बातों को प्रेमपूर्वक स्वयं में समाहित कर लेती हैं और अपने उच्छ्वास के माध्यम से अरुला—विश्वव्यापी निरोगीकरण शक्ति—प्रदान करती हैं।
आदिमाता द्वारा स्थापित इस शृंखला के माध्यम से उनकी कृपा भक्त के सप्तचक्रों तक पहुँचती है। वहाँ से श्री त्रिविक्रम उसे शरीर के प्रत्येक भाग, मन, प्राण और प्रज्ञा में प्रवाहित करते हैं। इस प्रकार पंचप्राण और सप्तचक्र सामंजस्य तथा सुसूत्रता के साथ कार्य करके स्वास्थ्य, कल्याण और आंतरिक संतुलन को पुनः स्थापित करते हैं।
गुह्यसूक्तम् वातावरण में गूँजते समय उसका प्रत्येक अक्षर कृपा का स्पंदन बन रहा था। मानो संपूर्ण वातावरण ही शांति, सामर्थ्य और निरोगीकरण से भर गया था। श्रद्धावानों को ऐसा अनुभव हो रहा था कि आदिमाता की अनंत अरुला उन्हें प्रेमपूर्वक अपने आँचल में समेट रही है।
सद्गुरु बापूजी ने श्रद्धावानों को जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में गुह्यसूक्तम् सुनने के लिए प्रोत्साहित किया—आनंद के क्षणों में आनंद को और गहरा करने के लिए, दुःख के समय सहारा पाने के लिए, प्रत्येक सुबह की मंगलमय शुरुआत के लिए, प्रत्येक रात शांत निद्रा के लिए और बीमारी के समय निरोगीकरण तथा स्वास्थ्य-लाभ के लिए भी।
आज गुह्यसूक्तम् की ध्वनिमुद्रिकाएँ मराठी, हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत भाषाओं में उपलब्ध हैं। इसलिए विश्वभर के भक्त आदिमाता की निरोगीकरण कृपा की इस अमूल्य देन को प्राप्त कर सकते हैं।
समर्पण परिक्रमा
गुह्यसूक्तम् की प्रदक्षिणा कम-से-कम तीन बार करने के बाद श्रद्धावानों को पात्र में भरा पवित्र जल उषा देवी और त्रिविक्रम को अर्पित करना था। इसके लिए वे सभागृह के दूसरे छोर पर ‘पुष्करिणी तीर्थ’ के पास विराजमान उनकी मूर्तियों की ओर देखते हुए जल अर्पित करते थे। ‘सप्तचक्र स्वामिनी महापूजन’ बड़ी माँ अर्थात माता चण्डिका की छवि के सामने श्रीहरिगुरुग्राम के निकट (न्यू इंग्लिश स्कूल, बांद्रा पूर्व) स्थित ‘उत्तर भारतीय संघ हॉल’ में उपलब्ध कराया गया था।
यह महापूजन करने के बाद श्रद्धावानों को श्रीहरिगुरुग्राम के मुख्य मंच की ओर लौटना था। वहाँ शताक्षी देवी अर्थात शाकंभरी देवी को फूल, सब्जियाँ और फल तथा अंजना माता को खण (एक तरह का ब्लाऊज पीस) अर्पित करना था। इससे कृपा और आशीर्वाद प्राप्त होते हैं।
श्रीश्वासम् उत्सव से श्रद्धावानों को प्राप्त आध्यात्मिक लाभ
- विश्वव्यापी निरोगीकरण शक्ति: गुह्यसूक्तम् के माध्यम से प्रत्येक श्रद्धावान आदिमाता की अरुला अर्थात विश्वव्यापी निरोगीकरण शक्ति प्राप्त करनेवाला बना—यह केवल आदिमाता और सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी की अनंत कृपा से प्राप्त होनेवाली अकल्पनीय कृपा थी।
- पूर्वकर्मों का निरसन: श्रद्धावानों की दृढ़ आस्था है कि श्री श्वासम् प्रतिकूल प्रारब्ध और पूर्वकर्मों के प्रभावों को परिवर्तित करने का ईश्वरप्रदत्त माध्यम है।
- शाश्वत निरंतरता: जिनकी श्रद्धा और भक्ति अटल रहती है, उनके लिए श्रीश्वासम् की कृपा केवल एक जन्म तक सीमित न रहकर आगे भी जारी रहती है।
- दिव्य दर्शन: कूर्म की पीठ पर अंकित श्री यंत्र के दर्शन का अवसर प्राप्त होना अपने-आप में एक विलक्षण और अत्यंत पवित्र कृपा थी। यह अद्वितीय और विशेष पवित्र स्वरूप केवल बापूजी की करुणा के कारण ही श्रद्धावानों को अनुभव करने मिला।
- द्वादशविध निरोगीकरण: बापूजी द्वारा बताए गए दुःख के बारह प्रकारों पर गुह्यसूक्तम् कार्य करता है और शरीर, मन, प्राण तथा प्रज्ञा के बीच पुनः सामंजस्य स्थापित करता है।

अनिरुद्ध बापूजी का परम आशीर्वाद
श्रीश्वासम् उत्सव का समापन पवित्र विश्वार्पण कलश समारोह से हुआ। इस अवसर पर बापूजी ने प्रत्येक श्रद्धावान को एक अत्यंत दृढ़ आश्वासन दिया—
“मैंने अपना श्वास तुम्हें सदा के लिए दे दिया है।”
ये शब्द केवल आशीर्वाद नहीं थे—वे उनके अविचल प्रेम, संरक्षण और सदैव साथ रहने का शाश्वत आश्वासन थे।
प्रत्येक श्रद्धावान ने ऐसी परिपूर्णता का अनुभव किया, जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता था। मानो स्वयं आदिमाता ही उनके हृदय में नवजीवन का श्वास भर रही थीं।













