पवित्र त्रिपुरारि पूर्णिमा का इतिहास
पूर्णिमा का यह मंगलमय दिन इतिहास और अध्यात्म की धारा में अनेक अत्यंत महत्त्वपूर्ण एवं पावन घटनाओं का साक्षी रहा है :
- त्रिपुरारि पूर्णिमा के दिन परमशिवजी ने त्रिपुरासुर का वध कर उसके अत्याचारों का अंत किया। अधर्म पर हुई इस विजय को ‘देव-दिवाली’ अर्थात देवताओं की दिवाली के रूप में भी मनाया जाता है।
- इसी दिन श्री परशुरामजी ने समुद्र में तीर चलाया। इससे समुद्र का जल पीछे हट गया और महाराष्ट्र के कोंकण से लेकर केरल के मालाबार तक का तटीय प्रदेश अस्तित्व में आया। समुद्र से प्राप्त इस भूमि को ‘परशुराम भूमि’ भी कहा जाता है।
- ‘कार्तिक पूर्णिमा’ के ही दिन श्रीहनुमानजी ने अपना हृदय खोलकर उसमें विराजमान श्रीराम, लक्ष्मणजी और जानकीमाता के दिव्य अस्तित्व का दर्शन संसार को कराया।
- ‘कार्तिक पूर्णिमा’ के इस पावन दिन श्रीविठ्ठल और उनके भक्त पुंडलिकजी की भक्ति की महिमा विशेष रूप से उजागर होती है। पुंडलिकजी की भक्ति इतनी उत्कट थी कि स्वयं श्रीकृष्ण, भगवान श्रीविठ्ठल के रूप में उनसे मिलने के लिए पंढरपुर स्थित उनके घर आए।
- और कालांतर में, वर्ष २००९ में इसी पवित्र दिन ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ - (द सुप्रीम पर्सनॅलिटी ऑफ गॉडहेड) - का सर्वप्रथम पूजन संपन्न हुआ।
इनमें से प्रत्येक घटना ’त्रिपुरारी पूर्णिमा’ की महिमा को और भी बढ़ाती है। ये सभी पावन घटनाएँ मानो दीपज्योति की तरह सद्गुरु श्री अनिरुद्धजी के जन्मदिवस के आध्यात्मिक सौंदर्य और दिव्यता को प्रकाशित करती हैं।
श्रद्धावानों का उत्सव — श्री अनिरुद्ध पूर्णिमा
हर वर्ष सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी से जुड़ी संस्थाएँ और उनके श्रद्धावान एकत्र होकर प्रेम, भक्ति और अपार उत्साह के साथ ‘श्री अनिरुद्ध पूर्णिमा’ मनाते हैं। इस समारोह में भक्ति की सहज और अखंड धारा का अनुभव होता है और प्रत्येक श्रद्धावान को सद्गुरु श्री अनिरुद्ध की कृपाछाया में होने की अनुभूति प्राप्त होती है।
अनिरुद्ध पूर्णिमा उत्सव के आध्यात्मिक कार्यक्रम
सद्गुरु उपासना
उत्सव का आरंभ ‘सद्गुरु अनिरुद्ध उपासना’ के पाठ से होता है, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो जाता है और वहाँ उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति के मन में शांति एवं श्रद्धायुक्त ऊर्जा जागृत होती है।
सद्गुरु एवं श्री कृपाचैतन्य पादुकाओं के दर्शन
इस उत्सव के लिए इकट्ठा होने वाले भक्त उस एक अनमोल क्षण की - अपने प्रिय सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के दर्शन की - अत्यंत उत्कंठा से प्रतीक्षा करते हैं।
वर्ष २०१५ तक उत्सव के दौरान बापूजी अपने भक्तों के बीच प्रत्यक्ष उपस्थित रहते थे और भक्तों की यह प्रेमभरी अभिलाषा पूर्ण होती थी। किंतु वर्ष २०१६ से अपने अथक कार्य और दायित्वों में पूरी तरह व्यस्त होने के कारण सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी इस अथवा किसी अन्य उत्सव में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुए हैं। फिर भी अपने सद्गुरु के दर्शन के लिए भक्तों के मन की उत्कंठा तनिक भी कम नहीं हुई है; बल्कि दिन-प्रतिदिन वह और अधिक तीव्र होती जा रही है।
बापूजी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित न हों, फिर भी श्रद्धावान मित्रों को अपने हृदय में बापूजी की उपस्थिति सदैव अनुभव होती रहती है। उनके दर्शन और सान्निध्य की अभिलाषा तथा उनकी कृपा के प्रति कृतज्ञता के कारण असंख्य श्रद्धावान वर्षों से सहज ही इस पवित्र उत्सव की ओर खिंचे चले आते हैं।
सद्गुरु बापूजी अपने भक्तों का कभी भी त्याग नहीं करते। उनके इसी आश्वासन और उनके पवित्र संकल्प के अनुसार, वर्ष २०२४ से सभी श्रद्धावानों के लिए श्री कृपाचैतन्य पादुकाओं के दर्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उत्सव के दौरान इन पवित्र पादुकाओं को मुख्य मंच के सामने रखा जाता है, जिससे प्रत्येक श्रद्धावान को उनके दर्शन का मंगल अवसर प्राप्त होता है।
ये पादुकाएँ केवल सद्गुरु का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि उनका प्रत्यक्ष अस्तित्व ही हैं। "पादुका म्हणू या कैश्या । दिसती चक्रपाणि उभे" (पादुका इन्हें कहूँ कैसे, दिखते हैं चक्रपाणि खड़े।) श्रद्धावानों के लिए ये पादुकाएँ और सद्गुरु श्री अनिरुद्धजी अलग नहीं हैं; ये पादुकाएँ साक्षात् सद्गुरु श्री अनिरुद्धजी हैं, उनका हृदय है, उनकी आत्मा है! श्रद्धावानों की धारणा है कि श्री कृपाचैतन्य पादुकाओं के दर्शन का अर्थ है, सद्गुरु की कृपा प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त होना और उनकी कृपा से कल्याण होना। श्रद्धावानों की अपरंपार श्रद्धा है कि ये पादुकाएँ सद्गुरु अनिरुद्ध बापू की सजीव और करुणामय उपस्थिति से स्पंदित होती हैं - एक ऐसी उपस्थिति, जो उनके चरणों में नतमस्तक होने वाले हर भक्त को अपनी कृपाछाया में समेट लेती है।
इसके साथ ही उत्सव के दौरान मुख्य मंच के निकट लगे एक विशाल पर्दे पर बापूजी के पिछले उत्सवों के अनेक पावन क्षण फिर से जीवित हो उठते हैं और श्रद्धावान उन क्षणों को प्रत्यक्ष अनुभव करते हैं - श्रद्धावानों को आशीर्वाद देते बापूजी, उसी अथाह प्रेम से उनकी ओर देखते बापूजी... इन अत्यंत भावस्पर्शी क्षणों को देखते हुए भक्तों को यह नहीं लगता कि ‘यह पिछले वर्षों का दृश्य है’। इसके विपरीत उनका अंतर्मन कहता रहता है - ‘बापूजी यहीं हैं... वे मेरी ओर देख रहे हैं... वे इसी क्षण मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं।’ उनके लिए पर्दे पर दिखाई देने वाले वे केवल दृश्य नहीं होते; उनके सद्गुरु हमेशा की तरह उनके सामने खड़े होते हैं।
इन जीवित क्षणों और प्रत्यक्ष सान्निध्य की उत्कंठा से असंख्य भक्त उस पर्दे के सामने केवल वह वीडियो देखने के लिए नहीं, बल्कि अपने सद्गुरु के दर्शन करने के लिए इकट्ठा होते हैं। उनकी बस इतनी-सी अभिलाषा होती है कि बापूजी की एक प्रेमभरी दृष्टि उन पर पड़ जाए। भक्तों के लिए वह दृष्टि पूर्णिमा की शीतल चाँदनी के समान प्रेममय प्रकाश है - जो अंतर्मन के प्रत्येक अंधकार को धीरे-धीरे विलीन कर देता है।
और इसी लिए, चाहे मुख्य मंच पर विराजमान श्री कृपाचैतन्य पादुकाओं के माध्यम से हो या विशाल पर्दे पर जीवित हो उठने वाले उन प्रेममय क्षणों के माध्यम से हो - बापूजी का सान्निध्य उनके नाम की ही तरह ‘अनिरुद्ध’ है - असीम और अखंड, जिसे कभी अवरुद्ध नहीं किया जा सकता। भक्तों के लिए उस मंगलमय, प्रेमपूर्ण और पितृवत् सान्निध्य का स्पर्श पाने वाला प्रत्येक क्षण मानो ‘अनिरुद्ध पूर्णिमा’ ही बन जाता है।

गार्हाणे — अंतर्मन से उठने वाली आर्त पुकार
इस पवित्र दिन भक्त अपने सद्गुरु के चरणों में ‘गार्हाणे’ अर्पित करते हैं। गार्हाणे का अर्थ है - हृदय की गहराइयों से उठने वाली आर्त पुकार - यानी सद्गुरु के आशीर्वाद, सामर्थ्य और हर क्षण उनके आधार की याचना करते हुए की गई प्रार्थना। भक्तों की यह सामूहिक और आर्त पुकार निरंतर गाई जाती है और प्रत्येक भक्त को इसमें सहभागी होकर अपना भक्तिभाव व्यक्त करने का अवसर मिलता है।
मीठे ‘आप्पे’ का अर्पण
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध को मीठे ‘आप्पे’ (सूजी से बनाए जाने वाले छोटे, गोलाकार मीठे पकवान) पसंद हैं। सद्गुरु श्री अनिरुद्ध को मीठे ‘आप्पे’ (सूजी से बनाया जाने वाला छोटा, गोलाकार मीठा पकवान) पसंद हैं। भक्त इन आप्पों को बड़े प्रेम से घर पर बनाकर उत्सव स्थल पर ले आते हैं। अपने सद्गुरु के प्रति - अपने उन परमप्रिय मित्र के प्रति, जो उनसे निःस्वार्थ प्रेम करते हैं - अपना प्रेम और कृतज्ञता आभिव्यक्त करने के लिए भक्त इन आप्पों को प्रेमपूर्वक अर्पित करते हैं। अर्पित किए गए सभी आप्पे बाद में भक्तों में प्रसाद के रूप में बाँटे जाते हैं।
श्रीराम–लक्ष्मणजी–सीताजी–हनुमानजी की मूर्तियों का अभिषेक
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के निवासस्थान पर नित्य पूजन में विराजमान श्रीराम, लक्ष्मणजी, सीताजी और हनुमानजी की पवित्र मूर्तियाँ इस मंगल दिन अत्यंत श्रद्धापूर्वक उत्सव स्थल पर लाई जाती हैं। सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी श्रीराम को प्रेमपूर्वक अपने ‘कर्ता गुरु’ - अर्थात् कार्य करने वाला गुरु - मानते हैं। श्रद्धावानों द्वारा ‘रामरक्षा स्तोत्र’ का अखंड पाठ चल रहा होता है और इसी दौरान इन दिव्य मूर्तियों का पवित्र अभिषेक किया जाता है। प्रत्येक श्रद्धावान इन देवताओं के सम्मुख बैठकर सामूहिक पाठ में सहभागी हो सकता है और मन तृप्त होने तक उनके दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकता है।
सुदीप और ऊद
अनेक भक्त सद्गुरु की प्रतिमा के सामने ‘सुदीप’ प्रज्वलित करते हैं, जबकि कुछ भक्त ‘ऊद’ अर्पित करते हैं। श्रद्धावानों की दृष्टि में सुदीप और ऊद देखने में सरल लगने वाले, किंतु सांसारिक जीवन के संकटों और कठिनाइयों का सामना करने के लिए अत्यंत प्रभावशाली साधन हैं। सुदीप प्रज्वलित करना एक भावपूर्ण अर्पण है, जिसके माध्यम से भक्त अपनी प्रार्थनाएँ भगवान दत्तगुरु, आदिमाता जगदंबा और सद्गुरु के चरणों तक पहुँचाते हैं। अपनी प्रार्थना और मनोकामना के अनुसार श्रद्धावान विभिन्न प्रकार के सुदीप प्रज्वलित करते हैं - मनोकामना पूर्ण होने के लिए ’इच्छापूर्ति सुदीप’, बाधाएँ दूर होने के लिए ’बाधानिवारक सुदीप’, दुख और पीड़ा से मुक्ति पाने के लिए ’पीड़ानाशक सुदीप’, जन्मदिन के अवसर पर ’जन्मदिन सुदीप’ और भगवान या सद्गुरु के दर्शन के पश्चात् श्रद्धावान अपने अंतःकरण से कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए दर्शन-सुदीप अर्पित करते हैं। सुदीप की प्रत्येक ज्योति मानो एक मौन संदेशवाहक बनकर भक्त के अंतर्मन की प्रार्थना और भाव उसके सद्गुरु के चरणों तक पहुँचा देती है।





















