श्री साई गायत्री मंत्र की उपासना
२२ सितंबर को जब श्रद्धावान शिर्डी पहुँचे, तब स्वयं बापूजी उनके स्वागत के लिए वहाँ उपस्थित थे। दोपहर का भोजन होने के बाद बापूजी के मार्गदर्शन के अनुसार सभी श्रद्धावान एक हॉल में एकत्रित हुए। बापूजी ने उस समय उपस्थित सभी श्रद्धावानों को उस दिन का आध्यात्मिक महत्त्व बताया।
बापूजी ने कहा,
“इसी दिन देवताओं और दानवों ने ‘अमृतमंथन’ आरंभ किया था। इस कार्य के लिए देवताओं ने दानवों की सहायता ली थी, इसलिए अमृत के साथ-साथ ‘हलाहल’ नामक अत्यंत घातक विष भी बाहर निकला; भगवान शिव ने उस विष का पान कर उसे पचा लिया। भगवान शिव की स्तुति करते समय देवताओं ने ‘शिव गायत्री मंत्र’ का जप किया। देवताओं ने अमृतमंथन के लिए जिस दिन को चुना था, उसी दिन को हमने अपनी शिर्डी रसयात्रा के लिए निश्चित किया है। सभी भक्तों के हृदय में इसी प्रकार भक्ति का अमृतमंथन होना चाहिए और इस भक्तिरस का आनंद प्रदान करने में श्री साईनाथ समर्थ हैं।”
अमृतमंथन का आरंभ श्री साई गायत्री मंत्र की उपासना से हुआ:
ॐ भूर्भुवः स्वः। ॐ साईनाथाय विद्महे। पूर्णपुरुषाय धीमहि। तन्नो सद्गुरुः प्रचोदयात्॥
साईभक्तों में प्रचलित इस श्री साई गायत्री मंत्र का जप सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी ने उपस्थित श्रद्धावानों से करवाया।
इसके बाद प्रत्येक श्रद्धावानों को यमुना के क्षेत्र से लाई गई चिकनी मिट्टी का एक गोला केले के पत्ते पर दिया गया। सद्गुरु बापूजी ने श्रद्धावानों से उस मिट्टी के गोले से श्री साईनाथ की प्रतीकात्मक पादुकाएँ बनाने के लिए कहा। उस समय बापूजी ने कहा,
“तुम्हारे द्वारा बनाई गई पादुकाएँ चाहे जैसी भी टेढ़ी-मेढ़ी हों, मन में यह विश्वास रखो कि साईनाथ उन्हें धारण करने वाले हैं।”
इसके साथ ही श्री साईनाथ की ‘मक्खन की पादुकाएँ’ भी बनायी थीं। श्री साईसच्चरितकार हेमाडपंतजी के पौत्र अप्पासाहेब दाभोलकरजी और उनकी पत्नी (हेमाडपंतजी की पौत्रवधू) मीनावैनी दाभोलकरजी, इस श्रेष्ठ श्रद्धावान दंपति ने सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन में ये पादुकाएँ बनाई थीं। मक्खन अर्थात नवनीत को भक्ति का प्रतीक माना जाता है, इसीलिए भक्तिरूपी मक्खन की ये पादुकाएँ श्री साईचरणों में अर्पित की गईं।
इसके बाद इन नवनीत-पादुकाओं के चारों ओर प्रत्येक श्रद्धावान ने स्वयं मिट्टी के गोले से बनाई हुई श्री साईनाथ की प्रतीकात्मक पादुकाएँ रखीं और उन पर अर्चनद्रव्य के रूप में ‘कस्तूरी गंध’ अर्पित किया।
इन सभी पादुकाओं का अगले दिन पवित्र गोदावरी नदी (जिसे दक्षिण गंगा भी कहा जाता है) में विसर्जन किया गया।
श्री शिव गायत्री मंत्र की उपासना
शिव गायत्री मंत्र की उपासना अर्थात ‘अमृतमंथन उपासना’ यानी ऐसी आध्यात्मिक प्रक्रिया, जो अमरत्व का अमृत प्राप्त कराती है। देवताओं और दानवों के बीच युद्ध के दौरान क्षीरसागर का मंथन करने के लिए देवताओं ने दानवों का सहयोग लिया था। आध्यात्मिक दृष्टि से इसका अर्थ यह है कि प्रगति करने के लिए हमारे भीतर की अच्छी प्रवृत्तियों को भी कभी-कभी नकारात्मक प्रवृत्तियों का सामना करना पड़ता है और उनका रूपांतरण करना पड़ता है।
अमृत प्रकट होने से पहले ‘हलाहल’ नामक अत्यंत घातक विष बाहर निकला। अमृत प्राप्त करने के लिए पहले इस विष का पान कर उसे पचाना आवश्यक था और उसे सहन करने का सामर्थ्य केवल परमशिव में था। सभी देवताओं की आर्त प्रार्थना से प्रेरित होकर भगवान शिव ने हलाहल विष का पान किया और देवताओं को अमृत का लाभ प्राप्त कराया।
यह पवित्र उपासना ‘शिर्डी रसयात्रा’ के प्रथम दिन शाम ७:०० बजे संपन्न हुई।
इस अवसर पर आदरणीय भक्त-दंपति श्री अप्पासाहेब दाभोलकरजी और मीनावैनी दाभोलकरजी ने सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन में एक शिवलिंग बनाया। इस शिवलिंग के पूजन के दौरान सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी ने सभी श्रद्धावानों से ‘श्री शिव गायत्री मंत्र’ का १०८ बार जप करवाया।
ॐ भूर्भुवः स्वः। ॐ तत्पुरुषाय विद्महे। महादेवाय धीमहि। तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥
इसके बाद उपासना में आरती की गई।
आरती के बाद श्री साईबाबा की भक्ति में रममाण श्रेष्ठ भक्तों का स्मरण कराने वाला, स्वयं बापूजी द्वारा रचित गजर सभी श्रद्धावानों ने बापूजी के साथ एक स्वर और ताल में गाया। वह गजर था—
‘दीक्षित, शामा, हेमाड, बायजाबाई, नाना, गणु, मेघश्याम |
यांची वाट पुसता पुसता मिळेल आम्हां साईराम ॥‘दीक्षित, शामा, हेमाड, बायजाबाई, नाना, गणु, मेघश्याम। इनकी मार्ग का अनुसरण करते हुए मिलेंगे हमें साईराम॥’
सभी श्रद्धावान इस गजर में तल्लीन और भावविभोर होकर जी भरकर नृत्य कर रहे थे। गजर के बाद अंत में ‘ॐ कृपासिंधु श्री साईनाथाय नमः।’ मंत्र का जप किया गया।
इसके बाद सभी श्रद्धावानों ने भोजन किया। उस समय बापूजी ने भी सभी के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन के बाद सभी को सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के साथ अभूतपूर्व सत्संग में सम्मिलित होने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त हुआ।
सत्संग के बाद कई श्रद्धावान सोने चले गए। केवल कुछ ही श्रद्धावान बापूजी के साथ रुके हुए थे। सभी के साथ बातचीत करते-करते प्रातः लगभग ३:३० बजे बापूजी ने बोलना आरंभ किया। बापूजी की वे बातें, उनकी वाणी की गंभीरता और उसमें होने वाले स्पंदन आज भी उन कुछ श्रद्धावानों की यादों में जिवीत हैं।
बापूजी ने कहा,
‘मी जो कोणी आहे तो ‘मी’ आहे. हे माझे आणि माझ्या गुरुंचे युगानुयुगांचे नाते आहे. हे मी काल अनिरुद्ध होतो. आज अनिरुद्ध आहे आणि उद्याही अनिरुद्धच असेन. माझ्यासमोर बसलेले माझे प्रत्येक लेकरू हा माझा देव आहे आणि या देवाची सेवा करणे हा माझा धर्म आहे. या धर्माच्या पालनासाठी मी आहे.’
(हिंदी अनुवाद - “मैं जो कोई हूँ, वह ‘मैं’ हूँ। यह मेरा और मेरे गुरुओं का युगों-युगों का नाता है। मैं कल अनिरुद्ध था। आज अनिरुद्ध हूँ और कल भी अनिरुद्ध ही रहूँगा। मेरे सामने बैठा मेरा हर एक बच्चा मेरा भगवान है और इस भगवान की सेवा करना मेरा धर्म है। इस धर्म का पालन करने के लिए मैं हूँ।”)
शिर्डी रसयात्रा — दूसरा दिन
इस दिन श्रद्धावानों को सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के साथ श्रीक्षेत्र शिर्डी के अत्यंत महत्त्वपूर्ण पवित्र स्थलों के दर्शन करने और स्वयं सद्गुरु के मुख से उन स्थानों का आध्यात्मिक महत्त्व जानने का अवसर प्राप्त हुआ।
बापूजी ने बताया कि अनेक भक्त शिर्डी आते हैं और केवल मंदिर में साईबाबा की समाधि के दर्शन करके लौट जाते हैं। लेकिन शिर्डी में कुछ और भी महत्त्वपूर्ण स्थान हैं, जहाँ श्री साईनाथ के जीवनकाल में उनका नियमित रूप से आना-जाना होता था। साथ ही शिर्डी में श्री साईनाथ का सान्निध्य प्राप्त करने वाले अनेक भक्तों की समाधियाँ भी हैं। बापूजी सभी को ऐसे कुछ महत्त्वपूर्ण स्थानों पर ले गए और उन स्थानों के बारे में जानकारी दी।
इनमें सबसे प्रमुख थी द्वारकामाई।
२) दक्षिणमुखी मारुति मंदिर
इस मंदिर में हनुमानजी की दो मूर्तियाँ पास पास हैं और उनकी पूँछें दो विपरीत दिशाओं से एक-दूसरे के सामने आती हैं। इस अद्वितीय स्वरूप का आध्यात्मिक महत्त्व स्पष्ट करते हुए बापूजी ने कहा, ‘वानर’ अर्थात ‘विशेषेण नरः’, यानी जो नर अथवा मनुष्य से श्रेष्ठ है, वह वानर। इसीलिए एक ओर हनुमानजी श्रीराम के दास हैं, तो दूसरी ओर जानकीमाता उन्हें ‘हे तात’ (पिता) कहकर संबोधित करती हैं। मनुष्य के जीवन के द्वंद्व और विरोधाभासों को दूर कर श्रीराम के चरणों में एकनिष्ठ भाव दृढ़ करने वाले रामदूत हनुमानजी के सामर्थ्य का प्रतीक इन मूर्तियों के माध्यम से दर्शाया गया है।
बापूजी ने बताया कि साईनाथ के समकालीन संत देवीदास और गंगागीर महाराज कुछ समय इस मंदिर में रहे थे। श्री साईनाथजी ने भक्तों की सहायता से इस मंदिर का जीर्णोद्धार भी करवाया था।
३) लेंडी बाग
साईनाथजी प्रतिदिन इस स्थान पर आते थे। इस बाग में ‘शिवडी’ नामक कुएँ के मीठे पानी से साईबाबा मुखमार्जन किया करते थे।
यहाँ नीम और पीपल के वृक्षों के पास एक छोटा मंदिर है और वहाँ बाबा के समय से प्रज्वलित नंदादीप आज भी अखंडित रूप से जल रहा है।
४) दत्तमंदिर
लेंडी बाग में नंदादीप के सामने दत्तमंदिर है। इसी स्थान पर श्री साईबाबा ने श्री उपासनी महाराज को ‘ॐ’ मंत्र की उपासना करने के लिए कहा था। इस मंदिर के पीछे औदुंबर का वृक्ष भी है।
इस समय बापूजी ने सभी से ‘भोः दत्तगुरु! कृपया समागच्छ! ...’ यह जप करते हुए मंदिर की पाँच परिक्रमा करने को कहा।
५) श्री खंडोबा मंदिर
उस समय यह मंदिर शिर्डी की सीमा पर स्थित था। जब श्री साईनाथ शिर्डी आए, तब वे इसी मंदिर में आए और मंदिर के पुजारी म्हाळसापतीजी ने ‘आओ साई’ कहकर श्री साईनाथ का स्वागत किया। तभी से सभी लोग बाबा को ‘साई’ कहने लगे। प्रतिवर्ष यहाँ चंपाषष्ठी का उत्सव मनाया जाता है।
६) कानिफनाथ मंदिर
नवनाथों में से एक कानिफनाथ का मंदिर शिर्डी में है। श्री साईनाथ शिर्डी के बाजार अथवा नीम गाँव और राहता गाँव जाते समय इस मंदिर में आया करते थे। इस मंदिर के शिखर पर त्रिशूल लगा हुआ है।
७) म्हाळसापतीजी की समाधि
सदैव श्री साईबाबा के साथ छाया की तरह रहने वाले म्हाळसापतीजी भगत ने इच्छा व्यक्त की थी कि देहत्याग के बाद भी वे साईनाथ से पुकार की ही दूरी पर रहें, इसलिए उनकी समाधि उनके निवासस्थान पर ही है।
श्री साईनाथ ने तीन दिनों के लिए समाधि धारण की थी। उस समय उन्होंने अपने शरीर की देखभाल करने की जिम्मेदारी म्हाळसापतीजी को ही सौंपी थी। ऐसा माना जाता है कि साईनाथ को सबसे पहले ‘साई’ कहकर पुकारने वाले म्हाळसापतीजी की समाधि के दर्शन के बिना शिर्डी यात्रा पूर्ण नहीं होती।
उनके घर में साईनाथजी द्वारा दिए गए तीन सिक्के, छड़ी, पादुकाएँ और कफनी हैं।
८) नाना वल्लीजी की समाधि
बाबा के निष्ठावान भक्त नाना वल्लीजी विचित्र व्यवहार करते हुए शिर्डी में रहते थे। श्री साईनाथ की कृपा से उन्हें अष्टसिद्धियाँ प्राप्त हुई थीं। उन्हें श्री साईनाथ से बहुत प्रेम था। वे श्री साईनाथ को ‘काका’ कहकर पुकारते थे। श्री साईनाथ के देहत्याग के तेरहवें दिन उन्होंने भी देहत्याग किया।
९) पूज्य भाऊ महाराज कुंभारजी की समाधि
वे श्री साई के एक श्रेष्ठ भक्त थे। ऐसा कहा जाता है कि साईबाबा ने उन्हें बालरूप में दर्शन दिए थे।
१०) तात्या कोते पाटीलजी की समाधि
‘श्री साईसच्चरित’ में भी उल्लेख मिलता है कि साईभक्त म्हाळसापतीजी भगत और तात्या कोते पाटीलजी दोनों द्वारकामाई में श्री साईबाबा के साथ सोया करते थे। बायजाबाईजी के पुत्र तात्या कोते पाटीलजी अपनी मॉं की तरह श्री साई की निष्ठापूर्वक भक्ति करते थे। वे श्री साईनाथ को प्रेम से ‘मामा’ कहकर पुकारते थे। वे श्री साईनाथ की सेवा में सदैव तत्पर रहने वाले एक निष्ठावान साईभक्त थे।
११) अब्दुलबाबा की समाधि
श्री साई के निकट भक्त अब्दुलबाबा को चालीस वर्षों तक श्री साईनाथ का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उनकी समाधि भी शिर्डी में ही है। भक्तों की श्रद्धा है कि यह बाबा के सबसे विश्वसनीय सहयोगियों में से एक से जुड़ा हुआ पवित्र स्थान है।
१२) श्यामसुंदर की समाधि
श्यामसुंदर (जिसे श्यामकर्ण भी कहा जाता था) श्री साईनाथ का प्रिय घोड़ा था। श्री साईनाथ की चावड़ी की शोभायात्रा में श्यामसुंदर सबसे आगे रहता था। साईनाथ को भी उससे बहुत प्रेम था। बाबा कभी उसकी खरारा करते, उसे सहलाते और अपने हाथों से प्रेमपूर्वक चारा भी खिलाते थे। बाबा को उससे इतना प्रेम था कि इस श्यामसुंदर की समाधि लेंडी बाग में ही दत्तमंदिर के पास बनाई गई है।
इस प्रकार सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के प्रेमपूर्ण मार्गदर्शन में श्रद्धावानों को श्री साईनाथ के जीवन और दिव्य कार्य से जुड़े इन पवित्र स्थानों पर जाने तथा उनका महत्त्व समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
यात्रा के दौरान बापूजी ने प्रत्येक श्रद्धावान को श्री साईनाथ का विशेष प्रिय फल अमरूद प्रसाद के रूप में दिया। शिर्डी से निकलने से पहले बापूजी ने पाँच श्रद्धावानों को पाँच नारियल दिए और उन्हें द्वारकामाई में अर्पित करने के लिए कहा। इस पहली रसयात्रा की मधुर और अविस्मरणीय स्मृतियाँ अपने साथ लेकर, सद्गुरु की कृपा और श्री साईनाथ के आशीर्वाद से समृद्ध सभी श्रद्धावानों ने मुंबई की ओर वापसी की यात्रा आरंभ की।

शिर्डी रसयात्रा की प्रमुख विशेषताएँ
-
श्री साईनाथ के जीवन और उनके भक्तों के बारे में गहन जानकारी प्राप्त होने से प्रत्येक श्रद्धावान की भक्ति और अधिक दृढ़ हुई। श्रीक्षेत्र शिर्डी के पवित्र स्थानों पर जाकर और उनका महत्त्व सीधे सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी से जानकर श्रद्धावानों का श्री साईनाथ के साथ संबंध और अधिक गहरा हुआ।
द्वारकामाई और साईबाबा के भक्तों के जीवन से जुड़ी अनेक घटनाओं के गहन अर्थ बापूजी ने समझाए—म्हाळसापतीजी की दास्यभक्ति, माधवराव देशपांडेजी की सेवातत्परता, तात्या कोते पाटीलजी की निष्ठा, काकासाहेब दीक्षितजी का आज्ञापालन, हेमाडपंतजी का शरणागत भाव, दासगणूजी की सद्गुरुवचन के प्रति निष्ठा, नानासाहेब चांदोरकरजी का पूर्ण समर्पण, बायजाबाईजी का बाबा के प्रति मातृवत प्रेम, लक्ष्मीबाईजी की सेवाभावना और पशुयोनि में जन्म लेने के बावजूद श्रीसाई से प्रेम करने वाला श्यामसुंदर।
इनके जीवन और उनसे जुड़ी घटनाओं के गहन आध्यात्मिक अर्थ समझाते हुए बापूजी ने श्रद्धावानों को दर्शाया कि भक्ति के अमृतरस को किस प्रकार आत्मसात किया जाए और उसे अपने जीवन में किस प्रकार प्रवाहित किया जाए।
-
सद्गुरु के सान्निध्य में उपासना करने और सत्संग में सहभागी होने का दुर्लभ अवसर - संपूर्ण ‘रसयात्रा’ के दौरान श्रद्धावानों को सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी की उपस्थिति में विभिन्न उपासनाएँ करने और आनंदमय सत्संग में सहभागी होने जैसे दुर्लभ अवसर प्राप्त हुए।
-
शिर्डी में ही सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी से श्री साईनाथ के बारे में जानने का सौभाग्य— साईबाबा के निवास से पावन हुए उन पवित्र स्थानों में जाकर सद्गुरु के मुख से श्री साईनाथ का जीवन और उनकी सीख के बारे में सुनने के कारण यह संपूर्ण तीर्थयात्रा जीवन में बड़ा परिवर्तन लाने वाला आध्यात्मिक अनुभव सिद्ध हुई।
-
श्रद्धा की नींव को और अधिक दृढ़ करने वाली तीर्थयात्रा—सद्गुरु के सान्निध्य में हुई ‘शिर्डी रसयात्रा’ भक्ति और प्रेम की एक सुंदर यात्रा सिद्ध हुई, यही प्रत्येक श्रद्धावान का भाव था। सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी ने हमारे हृदय में श्रद्धा की खूंटी दृढ़ता से गाड़ दी और आध्यात्मिक जीवन की नींव पहले से अधिक मजबूत और अडिग हो गई—यही प्रत्येक के मन की दृढ़ भावना थी।












