हनुमान पूर्णिमा का वास्तविक अर्थ
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी कहते हैं कि श्रीहनुमानजी का दिव्यत्व उनके जन्म से ही किस प्रकार प्रकट हो गया था यह रामायणजी का ध्यानपूर्वक श्रवण करने से ज्ञात होता है। जन्म होने के कुछ ही क्षणों बाद बालहनुमानजी ने आकाश में लालिमा से दमकते सूर्य को पका हुआ फल समझकर उसकी ओर छलाँग लगाई। उसी समय राहु भी सूर्य को ग्रसने के लिए वहाँ आया था। सूर्यग्रहण केवल अमावस्या को ही होता है, इसलिए इस प्रसंग से यह संकेत मिलता है कि श्रीहनुमानजी का जन्म अमावस्या को हुआ होगा। लेकिन प्रचलित परंपरा के अनुसार चैत्र पूर्णिमा श्रीहनुमानजी की जन्मतिथि के रूप में मनाया जाता है।
हनुमान पूर्णिमा की अलौकिक महिमा
श्रीहनुमानजी के अनगिनत दिव्य गुणों का वर्णन करनेवालों नामों में ‘सीताशोकविनाशक’ यानी माता सीता के शोक का नाश करने वाले यह नाम विशेष महत्त्व का है। चैत्र पूर्णिमा का दिन ‘हनुमान पूर्णिमा’ के रूप में मनाए जाने के पीछे का आध्यात्मिक अर्थ इस नाम से जुड़ी पावन कथा हमें समझाती है।
चैत्र पूर्णिमा के इसी पवित्र दिन श्रीहनुमानजी ने दुष्ट शक्तियों के विनाश के अपने कार्य का आरंभ किया। इसीलिए यह दिन श्रीहनुमानजी के ‘आविर्भाव दिवस’, अर्थात उनके दिव्य कार्य के प्राकट्य के दिन के रूप में मनाया जाता है। भारत के दक्षिणी तट से लंका की ओर आरंभ हुई श्रीहनुमानजी की यह विलक्षण यात्रा, अशोकवन में सीतामाता से उनकी भेंट, वहाँ राक्षसों का किया गया संहार, अशोकवन का विध्वंस और उसके बाद श्रीराम के पास उनका पुनः लौटना—इन सभी घटनाओं से सुंदरकांड साकार हुआ है। भक्ति, पराक्रम और सेवाभाव का अद्भुत संगम ही श्रीरामचरितमानस का सुंदरकांड है!
इसी हनुमान पूर्णिमा के दिन अशोकवन में बंदी बनाकर रखी गई जानकीमाता और श्रीहनुमानजी की पहली भेंट हुई। श्रीहनुमानजी ने अत्यंत विनम्रतापूर्वक श्रीराम की मुद्रिका सीतामाता को देकर स्वयं का श्रीराम के दूत के रूप में उन्हें परिचय दिया। उस भेंट में सीतामाता ने श्रीहनुमानजी को केवल श्रीराम के दूत के रूप में ही नहीं देखा, बल्कि उनके दिव्यत्व को भी पहचाना। निराशा और विरह से व्याकुल सीतामाता के मन में इस पवित्र भेंट से पुनः आशा की किरण जाग उठी।
श्रीराम के आराध्य देवता श्रीशिवजी के श्रीहनुमानजी में स्थित महारुद्र रूप को इसी दिन सीतामाता ने पहचाना। सीतामाता का शोक दूर करके श्रीहनुमानजी वास्तविक अर्थ में ‘सीताशोकविनाशक’ बने। आगे चलकर इसी दिन श्रीहनुमानजी की रावण से भेंट हुई। दिव्य करुणा से भरे हृदय वाले श्रीहनुमानजी ने रावण को भी अपनी भूल स्वीकार कर पश्चात्ताप करने और उचित मार्ग अपनाने का उपदेश दिया। परंतु अहंकार से अंधे हो चुके रावण ने उनकी सलाह ठुकरा दी और श्रीहनुमानजी की पूँछ में आग लगाने का आदेश दिया। फिर उसी अग्नि से श्रीहनुमानजी ने रावण की स्वर्णलंका जला दी।
इस प्रकार हनुमान पूर्णिमा मात्र किसी पवित्र प्रसंग की याद दिलाने वाली तिथि नहीं रह जाती; वह भक्ति के सामर्थ्य, सेवाभाव से प्रकट होने वाले पराक्रम और अहंकार तथा दुष्ट प्रवृत्तियों पर सत्य की विजय का साक्षी बनने वाला पावन दिन है।
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी और श्रीहनुमानजी उपासना
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी श्रीहनुमानजी को ‘रक्षकगुरु’ मानते हैं। हर कदम पर भक्त की रक्षा करने वाले गुरु! बापूजी अत्यंत सुंदर शब्दों में कहते हैं, “प्रत्येक भक्त हनुमानजी की उँगली पकड़कर ही भक्तिमार्ग पर पहला कदम रखता है।” इस एक वाक्य से ही भक्त के जीवन में होने वाला श्रीहनुमानजी का स्थान स्पष्ट हो जाता है।
श्रद्धावानों की भक्ति और अधिक दृढ़ हो तथा उन्हें अपने जीवन में श्रीहनुमानजी का बल, सामर्थ्य और संरक्षण सदैव प्राप्त होता रहे, इसके लिए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने सुंदरकांड, हनुमान चलीसा, मारुति स्तोत्र और पंचमुख हनुमत्कवच जैसे पवित्र स्तोत्रों का पाठ करने का मार्ग श्रद्धावानों को दिखाया है।
हर गुरुवार श्रीहरिगुरुग्राम में होने वाली उपासना के समय उपासना मंच पर श्रीहनुमानजी की भव्य प्रतिमा विराजमान होती है। उस पवित्र वातावरण में सभी श्रद्धावान एक साथ “ॐ श्रीरामदूताय हनुमंताय महाप्राणाय महाबलाय नमो नमः।” इस मंत्र का जाप करते हैं। असंख्य श्रद्धावानों के मुख से एक ही समय होने वाला यह सामूहिक नामस्मरण पूरे वातावरण को भक्तिभाव से भर देता है और सभी को श्रीहनुमानजी की भक्ति के एक समान सूत्र में बाँध देता है।
श्रीअनिरुद्ध गुरुक्षेत्रम् में भी श्रीहनुमानजी का स्थान अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। यहाँ स्थित पवित्र श्रीमद्पुरुषार्थ पुरुषोत्तम यंत्र के अधिष्ठाता देवता श्रीहनुमानजी हैं। यह यंत्र ईश्वरीय क्षमा प्राप्ति का साधन है।
श्रीहनुमानजी की उपासना श्रद्धावानों के मन में बल, धैर्य और शांति उत्पन्न करती है। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन के अनुसार, विश्वभर के श्रद्धावान विभिन्न उपासनाओं के माध्यम से श्रीहनुमानजी का स्मरण और पूजन कर रहे हैं और श्रीहनुमानजी की भक्ति की इस अखंड ज्योति को निरंतर प्रज्वलित रख रहे हैं।

श्रीअतुलितबलधाम, रत्नागिरी में हनुमान पूर्णिमा उत्सव
हर वर्ष रत्नागिरी स्थित श्रीअतुलितबलधाम में हनुमान पूर्णिमा उत्सव अत्यंत भक्तिभाव से मनाया जाता है। ‘अतुलितबलधाम’ नाम में ही श्रीहनुमानजी के अगाध सामर्थ्य की महिमा समाहित है—अतुलनीय बल का धाम! यह श्रीहनुमानजी के बल, सामर्थ्य और भक्ति की अनुभूति कराने वाला पवित्र स्थान है।
श्रीअतुलितबलधाम में विराजमान श्रीपंचमुखी हनुमानजी की भव्य मूर्ति यहाँ का प्रमुख आकर्षण है। श्रीहनुमानजी का यह पंचमुखी (पॉंच मुखों वाला) रूप ईश्वरीय अभय, अविचल भक्ति, धैर्य, ज्ञान और सामर्थ्य का प्रतीक है। इस पवित्र स्थान पर आकर श्रीपंचमुखी हनुमानजी के चरणों में नतमस्तक होने वाले श्रद्धावानों के मन में धैर्य, आत्मविश्वास और निर्भयता का दृढ़ भाव जागृत होता है।
हनुमान पूर्णिमा उत्सव का आरंभ श्रीहनुमानजी की मूर्ति के षोडशोपचार पूजन से होता है। श्रीअतुलितबलधाम में पूजन की जाने वाली श्रीपंचमुखी हनुमानजी की यह मूर्ति विशेष महत्त्व रखती है। यही मूर्ति पहले सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के निवासस्थान के देवघर में विराजमान थी।
हर वर्ष चैत्र शुद्ध पूर्णिमा को श्रीअतुलितबलधाम में हनुमान पूर्णिमा उत्सव अत्यंत भक्तिमय वातावरण में संपन्न होता है। इस उत्सव के लिए श्रीअतुलितबलधाम में स्थित श्रीपंचमुखी हनुमानजी की मूर्ति के साथ-साथ सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा स्वयं बनाई गई श्रीहनुमानजी की मूर्ति भी गुरुकुल, जुईनगर से विशेष रूप से लाई जाती है। इस मूर्ति की एक और विशेषता यह है कि श्रावण मास में गुरुकुल, जुईनगर में होने वाले अश्वत्थ मारुति पूजन के समय भी श्रद्धावान इसी मूर्ति का विशेष पूजन करते हैं। इस प्रकार श्रीहनुमानजी की उपासना की विभिन्न पवित्र परंपराओं को जोड़ने वाली यह मूर्ति श्रद्धावानों के लिए विशेष श्रद्धा का स्थान है।

श्रीहनुमानजी को सिंदूर अर्पण
षोडशोपचार पूजन के बाद श्रीहनुमानजी की मूर्ति पर विधिपूर्वक सिंदूर का लेपन किया जाता है। इस उत्सव का एक विशेष आकर्षण यह है कि यहाँ आने वाले हर एक श्रद्धावान को श्रीहनुमानजी की इस पवित्र मूर्ति के दर्शन करने और अपने हाथों से सिंदूर अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त होता है। इस कारण श्रद्धावान केवल उत्सव का साक्षी नहीं रहता, बल्कि श्रीहनुमानजी के पूजन में प्रत्यक्ष सहभागी होकर अपना भक्तिभाव उनके चरणों में अर्पित कर सकता है। यही भक्तिमय अनुभव हनुमान पूर्णिमा के उत्सव को और अधिक स्मरणीय बनाता है।
दुग्धाभिषेक और मंत्रजप
उत्सव के दिन श्रीहनुमानजी की मूर्ति पर पूरे दिन अखंडित रूप में दुग्धाभिषेक किया जाता है। इस अभिषेक के दौरान श्रीपंचमुख हनुमत्कवच और संकटमोचन श्रीहनुमान स्तोत्र का पाठ किया जाता है।
इसके साथ ही “ॐ श्रीरामदूताय हनुमंताय महाप्राणाय महाबलाय नमो नमः।” इस श्रीमद् हनुमंत मंत्र का ५४ बार जप किया जाता है। उत्सव स्थल पर उपस्थित श्रद्धावान अत्यंत आनंद और भक्तिभाव से इस सामूहिक मंत्रजप में सहभागी होते हैं और इस पवित्र अर्चना में प्रत्यक्ष सम्मिलित होते हैं।
श्रीपंचकुंभाभिषेक
हनुमान पूर्णिमा उत्सव में जिस श्रीपंचमुख हनुमत्कवच का पाठ किया जाता है , वह शरीर, मन और प्राण इन सभी स्तरों पर श्रद्धावानों की रक्षा करने वाला प्रभावी कवच माना जाता है। संकट कोई भी हो, कितना भी बड़ा अथवा सूक्ष्म क्यों न हो, संकटमोचन श्रीहनुमानजी अपने भक्त का संकट दूर करके सदैव उसकी रक्षा करते हैं—यह श्रद्धावानों की अडिग श्रद्धा है। हनुमान पूर्णिमा इसी अडिग विश्वास का उत्सव है—भक्ति को बल देने वाला, मन में निर्भयता जगाने वाला और प्रत्येक संकट का सामना करने के लिए श्रीहनुमानजी के अतुलनीय सामर्थ्य का स्मरण कराने वाला पावन दिन!












