गुरुपूर्णिमा का महत्त्व
भारत में इस पर्व की परंपरा एक पावन कथा से आरंभ होती है।
अठारह पुराणों और ‘महाभारत’ जैसे महान महाकाव्य की रचना करने के बाद भी ब्रह्मर्षि वेदव्यासजी को संतोष या पूर्णता की अनुभूति नहीं हुई; उनका मन व्याकुल और अशांत ही रहा। ऐसे समय में महर्षि वेदव्यासजी के गुरु नारदजी मुनि उनके समक्ष प्रकट हुए और उन्होंने उन्हें ऐसा ग्रंथ रचने का उपदेश दिया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य गुणों का गुणगान किया जाए। ब्रह्मर्षि वेदव्यासजी ने इस आज्ञा को शिरोधार्य कर उसका अक्षरशः पालन किया और उन्हें गुरुवचन की विलक्षण अनुभूति हुई। ‘गुरु की आज्ञा का पालन करने से ही शांति, तृप्ति और संतोष प्राप्त होता है।’
‘सच्ची शांति, पूर्णता और संतोष केवल गुरु की आज्ञा का पालन करने से ही प्राप्त होते हैं। जब कोई व्यक्ति गुरु की आज्ञा को ही अपना संकल्प मानकर उसके अनुसार आचरण करता है, तभी मानव जीवन वास्तव में सार्थक होता है’, यह सीख हमें महर्षि वेदव्यासजी की इस कथा से मिलती है। महर्षि वेदव्यासजी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए संपूर्ण भारत में ‘गुरुपूर्णिमा’ मनाने की परंपरा आरंभ हुई।
हम जैसे श्रद्धावानों के लिए ’गुरुपूर्णिमा’ केवल कोई धार्मिक विधि या औपचारिकता नहीं है, बल्कि अत्यंत भावपूर्ण और आध्यात्मिक विशेष दिन है। सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के प्रति कृतज्ञता से इस दिन हमारे हृदय भर उठते हैं; क्योंकि उनके असीम प्रेम, मार्गदर्शन और कृपा का हमारे जीवन पर अनेक प्रकार से प्रभाव पड़ता है और उसी से हमारा जीवन गढ़ता है। बापूजी ने अपने प्रवचनों, शिक्षाओं और करुणामय सान्निध्य के माध्यम से हमें दिखाया है कि श्रद्धा, जिम्मेदारी और आंतरिक सामर्थ्य पर आधारित जीवन कैसे जिया जाए। गुरुपूर्णिमा के दिन सभी श्रद्धावान अत्यंत भक्तिभाव से इकट्ठा होते हैं और अपने सद्गुरु के चरणकमलों में मन:पूर्वक प्रार्थना अर्पित करते हैं।
गुरुपूर्णिमा उत्सव
‘सद्गुरु श्री अनिरुद्ध उपासना ट्रस्ट’, ‘श्री अनिरुद्ध उपासना फाउंडेशन’ और संलग्न संस्थाओं द्वारा प्रतिवर्ष गुरुपूर्णिमा अत्यंत उत्साह से मनाई जाती है। इस भव्य उत्सव में लाखों श्रद्धावान सहभागी होते हैं। वर्ष १९९६ में दादर (मुंबई) में संस्था द्वारा आयोजित ’गुरुपूर्णिमा’ का पहला उत्सव बड़े उत्साह से मनाया गया था; तभी से यह उत्सव प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है और सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के प्रति कृतज्ञता, भक्ति और आदर व्यक्त करने के लिए इसमें सहभागी होने वाले भक्तों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।
गुरुपादुकाओं और श्रीगुरु दत्तात्रेय की मूर्ति का आगमन
गुरुपूर्णिमा उत्सव का आरंभ सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के निवासस्थान से पवित्र गुरुपादुकाओं के विधिवत् आगमन के साथ होता है। ‘दत्तावतार श्रीनृसिंहसरस्वतीजी की ये पादुकाएँ’ पूज्य हैं। इनके साथ सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के घर के पूजाघर में विराजमान ’श्रीगुरुदत्तात्रेय की मूर्ती’ भी उत्सव स्थल पर लाई जाती है।
उत्सव स्थल पर ‘श्रीनृसिंहसरस्वतीजी की पादुकाओं’ की पारंपरिक ‘षोडशोपचार पूजा’ और उसके बाद ‘जलाभिषेक’ किया जाता है। इसके पश्चात् श्रद्धावानों को इन पवित्र पादुकाओं के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है।
गुरुगीता में कहा गया है कि सद्गुरु के चरणकमल सभी पवित्र तीर्थों और तीर्थक्षेत्रों के स्वरूप हैं। इसीलिए श्रीनृसिंहसरस्वती की पादुकाओं पर जलाभिषेक के लिए उपयोग किया गया जल बाद में ‘तीर्थ’ के रूप में श्रद्धावानों को वितरित किया जाता है।
इसके साथ ही श्रीगुरुदत्तात्रेय की मूर्ति के समक्ष ‘ॐ द्रां दत्तात्रेयाय नमः’ इस मंत्र का अखंड जप किया जाता है। ‘द्राम्’ यह श्रीगुरुदत्तात्रेय का बीज मंत्र है और दत्तमाला मंत्र में इसका उल्लेख है। इस अखंड जप से संपूर्ण वातावरण भक्ति और श्रीगुरुदत्तात्रेय के स्पंदनों से भर जाता है।
कृपाचैतन्य पादुकाएँ
गुरुपूर्णिमा के पावन दिन उत्सव स्थल पर श्रद्धावानों को ‘कृपाचैतन्य पादुकाओं’ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। ये पादुकाएँ केवल पवित्र चरण-पादुकाएँ नहीं हैं, बल्कि ये साक्षात् सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी ही हैं; ये पादुकाएँ बापूजी के प्रत्यक्ष और संपूर्ण अस्तित्व का मूर्त स्वरूप हैं।
‘कृपाचैतन्य पादुकाओं’ के विषय में बापूजी ने अत्यंत प्रेम से कहा था, ‘ये पादुकाएँ अर्थात् संपूर्ण अनिरुद्ध ही हैं। (सभी सामर्थ्यों और सभी ऊर्जाओं सहित)। माँ जगदंबा और सद्गुरु दत्तात्रेय के आशीर्वाद एवं कृपा से समस्त शक्तियाँ, समस्त ऊर्जाएँ और समस्त क्षमताएँ इन पादुकाओं में प्रतिष्ठित की गई हैं।’
इस पवित्र दिन ‘मूल सद्गुरुतत्त्व’ श्री त्रिविक्रम का भी उत्सव के निमित्त पूजन किया जाता है; इससे गुरुपूर्णिमा सद्गुरु के चेतन अस्तित्व और असीम कृपा का एक अद्वितीय उत्सव बन जाता है।
त्रिविक्रम पूजन का महत्त्व
गुरुपूर्णिमा उत्सव के दिन सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के संकल्प के अनुसार श्रद्धावान ‘श्री त्रिविक्रम पूजन’ करते हैं।
‘दैनिक प्रत्यक्ष’ में प्रकाशित ‘सुंदरकांड’ पर आधारित ‘तुलसीपत्र’ संपादकीय शृंखला के १४८३वें भाग में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी लिखते हैं : ‘वास्तव में, जब किसी व्यक्ति की बुद्धि, मन अथवा शरीर को एक बार भी त्रिविक्रम का स्पर्श हो जाता है और वह व्यक्ति उस दिव्य स्पर्श को भक्ति, पश्चात्ताप अथवा अपनी गलतियों को सुधारकर स्वीकार करता है, तब उस भक्त का जीवन सौंदर्य की साक्षात् खान बन जाता है।’
‘तुलसीपत्र’ संपादकीय शृंखला के १४६३वें भाग में ‘मूल सद्गुरुतत्त्व’ त्रिविक्रम के विषय में बापूजी लिखते हैं : ‘श्रद्धावान के जीवन में संकट के समय मूल सद्गुरुतत्त्व अर्थात् त्रिविक्रम उस श्रद्धावान को स्वयं से जोड़े रखता है और सच्चे भक्त की प्रत्येक संकट से रक्षा करता है। त्रिविक्रम किस प्रकार सहायता के लिए दौड़े चले आते हैं, इसे श्रद्धावान कभी भी पूरी तरह समझ नहीं सकता।’
इसी प्रकार ‘तुलसीपत्र’ के भाग ५२० में बापूजी लिखते हैं : ‘श्री त्रिविक्रम की पूजा, उपासना और भक्ति श्रद्धावानों के लिए किसी भी स्तर के अभाव, दरिद्रता, वंचना और दुर्बलता पर विजय पाने का एक निश्चित मंगलकारी मार्ग है; क्योंकि त्रिविक्रम स्वयं ‘सगुण’ हैं और ‘नव-अंकुर-ऐश्वर्यों’ (नए रूप में विकसित होने वाली नौ प्रकार की दिव्य संपदाओं) से परिपूर्ण हैं। ये त्रिविक्रम अपने भक्तों को त्रिविक्रम पर रहने वाली उनकी श्रद्धा और विश्वास की तुलना में निरंतर चार गुना अधिक फल प्रदान करते रहते हैं। ये त्रिविक्रम इस त्रिमितीय संसार में केवल श्रद्धावानों के लिए अस्तित्व में रहने वाले ‘त्रिविध आधार’ हैं।’
इस उत्सव के दौरान श्रद्धावानों को जिन ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ की उपासना करने का अवसर प्राप्त होता है, वे ये ही त्रिविक्रम हैं।
स्वयंभगवान त्रिविक्रम की उपासना केवल किसी ‘साकार’ स्वरूप अथवा पवित्र मूर्ति की प्रार्थना और पूजा नहीं है; बल्कि यह अत्यंत पवित्र और महादिव्य ‘सगुण तत्त्व’ की उपासना है। अर्थात् यह साक्षात् दिव्य गुणों की ही उपासना है। उत्सव स्थल पर पूजन के स्थान के मध्य में ‘त्रिविक्रम लिंग’ स्थापित किया जाता है, जबकि प्रत्येक सहभागी श्रद्धावान को एक थाली दी जाती है, जिसमें भगवान श्री त्रिविक्रम के तीन चरणों के प्रतीकस्वरूप तीन चरण होते हैं।
स्वयंभगवान त्रिविक्रम के ये तीन चरण अकारण करुणा, क्षमाशीलता और भक्ति के स्वीकार के प्रतीक हैं। इन्हीं तीन चरणों के माध्यम से त्रिविक्रम श्रद्धावान के जीवन के दुष्टप्रारब्ध का नाश करते हैं और श्रद्धावान के जीवन को आनंद और मांगल्य से भर देते हैं। इन तीन चरणों का पूजन मूलतः श्रद्धावान की एक प्रार्थना ही होती है, जिसके माध्यम से यह प्रार्थना की जाती है कि त्रिविक्रम अपने दिव्य गुणों से हमारे संपूर्ण जीवन को व्याप्त कर दें और अपनी कृपा से उसमें परिवर्तन ले आएँ।

गुरुभक्तिस्तंभ की प्रदक्षिणा
गुरुपूर्णिमा उत्सव का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण क्षण है, ‘गुरुभक्तिस्तंभ’ की प्रदक्षिणा।
कार्यक्रम स्थल के मध्य में स्थापित इस गुरुभक्तिस्तंभ पर सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के ‘नित्यगुरु’ की पादुकाएँ रखी जाती हैं। इसके साथ ही ‘अवधूत चिंतन उत्सव’ के दो ‘अवधूत कुंभ’ भी वहाँ रखे जाते हैं।
श्रद्धावानों को ‘रामनाम इष्टिका’ (रामनाम की बहियों के कागज की लुगदी (पल्प) से बनाई गई ईंट) सिर पर रखकर जयघोष की लय में गुरुभक्तिस्तंभ की प्रदक्षिणा करने का अवसर मिलता है। इस दिव्य वातावरण में श्रद्धावान उस परिसर के पवित्र स्पंदनों का वास्तविक रूप से अनुभव कर पाते हैं। यह प्रदक्षिणा करते समय प्रत्येक श्रद्धावान के मन में यह भाव होता है कि, ‘मेरे सद्गुरु इस इष्टिका पर विराजमान हैं; यह इष्टिका मेरे सद्गुरु पर की मेरी श्रद्धा का प्रतीक है।
जब मैं इस इष्टिका को सिर पर रखकर सद्गुरु की प्रदक्षिणा करता हूँ, तब मेरे सद्गुरु के चरणकमल मेरे हृदय पर सदा के लिए अंकित हो जाते हैं।’
‘कीजै नाथ हृदय महँ डेरा’
दिंडी - कृपा की पालकी
इस उत्सव का एक और मंगलमय समारोह है ‘दिंडी’। ('दिंडी' भक्तों के उस समूह को कहते हैं, जो भजन-संकीर्तन करते हुए, हाथों में पताका/ध्वज लेकर अपने आराध्य देवता के तीर्थस्थल की पैदल यात्रा करते हैं।) इसमें सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के ‘पदचिह्नों’ (अर्थात् बापूजी के चरणकमलों के पवित्र चिह्नों) वाली पालकी को भक्तिपूर्ण नामघोष, जयघोष और आनंदभरे उद्घोषों के साथ उत्सव स्थल पर निकाला जाता है। यह पालकी शोभायात्रा पूरे उत्सव परिसर से होकर गुजरती है।
प्रत्येक श्रद्धावान को बापूजी के इन पवित्र पदचिह्नों पर अपना मस्तक रखकर दर्शन करने का अवसर प्राप्त होता है। श्रद्धावानों की दृढ़ भावना है कि इन पवित्र पदचिह्नों पर मस्तक रखना अपने प्रिय सद्गुरु के प्रत्यक्ष चरणकमलों में नमन करने के समान ही है।
अग्निहोत्र, अनिरुद्ध चलीसा पाठ और उदी प्रसाद
गुरुपूर्णिमा उत्सव स्थल पर पूरे दिन अग्निहोत्र अखंड प्रज्वलित रहता है। सभी श्रद्धावानों को इस पवित्र अग्निहोत्र में ऊद अर्पित करने और अपने कल्याण, संरक्षण तथा सर्वांगीण हित के लिए प्रार्थना करने का अवसर प्राप्त होता है।
श्रद्धावानों के हृदय के अत्यंत निकट और प्रिय रहने वाले ‘श्री अनिरुद्ध चलीसा’ का प्रत्येक घंटे अत्यंत भावपूर्ण पाठ किया जाता है। सभी श्रद्धावान बड़े आनंद से इसका लाभ लेते हैं।
इस पवित्र दिन सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के हस्तस्पर्श से पावन हुई उदी श्रद्धावानों को प्रसाद के रूप में दी जाती है। रात लगभग ०९:३० बजे महाआरती के साथ इस उत्सव का समापन होता है।
सद्गुरु की सादगी और गुरुपूर्णिमा का सार
सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी श्रद्धावानों से किसी भी प्रकार की गुरुदक्षिणा, उपहार, शुभकामना-पत्र, फल, हार, मिठाई, पैसे अथवा अन्य कोई वस्तु कभी स्वीकार नहीं करते। बापूजी कहते हैं, ‘यदि तुम्हें मुझे कुछ देना ही है, तो अपने आधे पाप मुझे दे दो, ताकि तुम्हारा बोझ हल्का हो जाए। साथ ही, साल भर में तुमने जो नामस्मरण और पाठ किया है, वह मुझे दे दो, ताकि उचित समय आने पर उसका उपयोग तुम्हारे ही हित के लिए किया जा सके।’
गुरुपूर्णिमा सद्गुरु की कृपा और गुरुभक्ति का आनंद लेने का दिन है। सद्गुरु के प्रति हृदय से कृतज्ञता और अटल श्रद्धा व्यक्त करने का दिन ही गुरुपूर्णिमा है। सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध बापूजी के प्रति प्रेमपूर्वक कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए श्रद्धावान अपने प्रिय सद्गुरु के पवित्र सान्निध्य में गुरुपूर्णिमा मनाते हैं।
इस प्रकार ऋणज्ञापक स्तोत्र के ‘अनिरुद्धा तुझा मी किती ऋणी झालो’ अर्थात ‘अनिरुद्ध, मैं आपका कितना ऋणी हो गया हूँ’ इस भाव को अभिव्यक्त करने और सद्गुरु की कृपाछाया में भक्ति के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ने का अवसर ही गुरुपूर्णिमा है।





















