सद्‌गुरू श्री अनिरुद्धजी ने दैनिक ‘प्रत्यक्ष’ में सुन्दरकाण्ड पर आधारित ‘तुलसीपत्र’ अग्रलेखमाला के अंतर्गत दिनांक २३ दिसंबर २०१८ को प्रकाशित अग्रलेख से श्रद्धावानों को ‘भक्तिभाव चैतन्य’ की संकल्पना से परिचित कराया। इस संकल्पना के बारे में बापू ने अनेक अग्रलेखों में लिखा है, जिनसे ‘भक्तिभाव चैतन्य’ हमारे सामने अधिक स्पष्ट रूप से उद्घाटित होता है।

बापूजी कहते हैं :

प्रत्येक मानव को अपने जीवन को प्रारब्ध के घने जंगल से सकुशल बाहर निकालने के लिए केवल एक ही चीज़ की आवश्यकता होती है और वह है — ‘सद्‌गुरू भक्तिभाव चैतन्य’ (Sadguru Devotion Sentience)।

यहाँ ‘सद्‌गुरू’ से तात्पर्य नित्य सद्‌गुरू अर्थात् स्वयंभगवान त्रिविक्रम से है। वहीं ‘भक्तिभाव चैतन्य’ का अर्थ है — अपनी क्षमता के अनुसार जितना संभव हो, अधिक-से-अधिक ‘उन’के नामस्मरण, अनुभवसंकीर्तन, लीलाश्रवण, भजन-अभंग श्रवण, चरित्रपठन, पूजन, सेवा और उनके ध्यान में तल्लीन रहना। अर्थात् उनसे निरंतर जुड़े रहना (Connected) और उनके अखंड सान्निध्य एवं संवाद (Communication) में रहना।

यह सान्निध्य कैसा होना चाहिए? वह चैतन्यपूर्ण अर्थात् जीवंत, रसपूर्ण और ऊर्जा से ओतप्रोत होना चाहिए। क्योंकि केवल ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ के प्रति की जाने वाली भक्ति ही मानव को वास्तविक अर्थों में चैतन्यमय बनाए रखती है और उसके जीवन को नवीनता तथा उत्साह से भर देती है। इसका कारण यह है कि ‘आद्य जीवनीय शक्ति’ अर्थात् संपूर्ण विश्व में व्याप्त और विश्व से परे भी विद्यमान ‘जगदंबा’, स्वयंभगवान त्रिविक्रम के हृदय में निवास करती हैं।

त्रिविक्रम भक्तिभाव चैतन्य क्या है?

मुख में भगवान त्रिविक्रम का मंत्रगजर, हृदय में सद्‌गुरू त्रिविक्रम के प्रति निरंतर बढ़ता हुआ प्रेम और उनके चरणकमलों की अखंड अभिलाषा अर्थात् उनकी सेवा करने की निरंतर उत्कंठा — इसी को ‘त्रिविक्रम भक्तिभाव चैतन्य’ कहा जाता है।

बापू आगे कहते हैं :

कितना भी बौद्धिक चिंतन अथवा गहन अध्ययन किया जाए, उसके द्वारा श्री त्रिविक्रम को वास्तविक रूप में जानना संभव नहीं है। उन्हें केवल प्रेम के द्वारा ही अर्थात् उनसे और उनके चरणकमलों से प्रेम करके ही जाना जा सकता है; और उनके प्रति निरंतर बढ़ते हुए प्रेम का संवर्धन करते रहना ही ‘भक्तिभाव चैतन्य’ है। जिसके पास ऐसा भक्तिभाव चैतन्य है, उसी के हृदय में यह श्री त्रिविक्रम निवास करते हैं।

जीवन में अन्य सब कुछ प्राप्त हो जाए, फिर भी जब तक ‘भक्तिभाव चैतन्य’ प्राप्त नहीं होता, तब तक प्राप्त हुई उन चीज़ों के वास्तविक आनंद का उपभोग नहीं किया जा सकता। दूसरी ओर, यदि किसी के पास ‘भक्तिभाव चैतन्य’ है, तो जो चीज़ें हमें प्राप्त नहीं हुई हैं, वे भी संतोष और आनंद का स्रोत बन जाती हैं।

दास्यत्व और सख्यत्व ही है वास्तविक गुरु-किल्ली (परम रहस्य)

स्वयंभगवान श्री त्रिविक्रम ये भक्तिभाव चैतन्य का सगुण-साकार चिरंतन स्वरूप हैं।

जब कोई भक्त ‘त्रिविक्रम ही मेरे देवाधिदेव, परमेश्वर हैं और मैं उनके चरणों का दास हूँ’, इस भाव में जीवन जीता है, तब उस भक्त का प्रत्येक विचार, प्रत्येक शब्द और प्रत्येक कर्म ‘भक्तिभाव चैतन्य’ का ही मूर्त रूप बन जाता है।

दूसरे शब्दों में कहें तो — ‘यही मेरे इष्टदेवता, मेरे देवाधिदेव और मेरे जन्मनायक हैं’, ऐसी अविचल श्रद्धा के साथ ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ को अर्पित की गई नवविधा भक्ति में से कोई भी एक, दो, तीन, चार अथवा सभी भक्ति ही ‘भक्तिभाव चैतन्य’ हैं।

वास्तव में केवल ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ के प्रति रहनेवाला भक्तिभाव चैतन्य ही एकमात्र शाश्वत सत्य है; क्योंकि हमारे संपूर्ण जीवन का भार वहन करने का सामर्थ्य केवल इसी भाव में है।

भक्तिभाव चैतन्य का सार

जिस प्रकार पवित्र गंगा नदी के तट पर काशी, प्रयाग और हरिद्वार जैसे अत्यंत पवित्र तीर्थक्षेत्र हैं, उसी प्रकार ‘भक्तिभाव चैतन्य’ रूपी गंगाजी के तट पर ‘रामनाम’, ‘पंचाक्षरी शिवमंत्र’ (ॐ नमः शिवाय) और ‘सद्‌गुरू के पवित्र चरणों में पूर्ण शरणागति’ — ये तीन पवित्र तीर्थक्षेत्र हैं।

भक्तिभाव चैतन्य में हमें केवल अधिक-से-अधिक मंत्रगजर करते रहना है और ‘उन’के प्रेम को स्वीकार करना है।

भक्तिभाव चैतन्य में हम ‘स्वयंभगवान’ के दास बनकर रहते हैं; और उसी समय, अपार सामर्थ्यवान तथा ‘अनिरुद्ध गति’ से अर्थात् अखंड एवं कभी न रुकने वाली गति से संचार करने वाले स्वयंभगवान हमारे दास और हमारे प्रिय सखा बनकर रहते हैं।

उन्नति का मार्ग

‘भक्तिभाव चैतन्य’ के कारण सांसारिक जीवन (Worldly Life) सुखमय होता है, असंख्य बाधाएँ दूर होती हैं और जीवन में हमें अनेक अवसर एवं सफलताएँ प्राप्त होती हैं। भक्तिभाव चैतन्य ही सर्वश्रेष्ठ तप है और इसी के माध्यम से ‘स्वयंभगवान’ अपने श्रद्धावानों के प्रेम के कारण आनंदपूर्वक उनसे पराजित होना स्वीकार करते हैं।

स्वयंभगवान त्रिविक्रम केवल ‘भक्तिभाव चैतन्य’ में ही लिप्त होते हैं। वे पाप के ‘पापत्व’ और पुण्य के ‘पुण्यत्व’—इन दोनों से अलिप्त रहते हैं। जो कोई भक्तिभाव चैतन्य में स्थिर रहता है, उसके लिए उद्धार का मार्ग खुल जाता है। सबुरीपूर्वक प्रतीक्षा करने के बाद स्वयंभगवान स्वयं ही ऐसे भक्त को पापमुक्त करते हैं। इस प्रकार कर्म के अटल सिद्धांत का प्रभाव क्षीण होता जाता है और अंततः पूर्णतः समाप्त हो जाता है।

ज्ञान, योग और कर्म

‘भक्तिभाव चैतन्य’ केवल इसी जन्म को नहीं, बल्कि आगे के सभी जन्मों को आनंद से भर देनेवाला सर्वोच्च तत्त्वज्ञान है। यह जीवन का अत्यंत उदात्त और पवित्र मार्ग है। यह ऐसी पवित्र वृत्ति है, जो योग, ज्ञान और कर्म—इन तीनों अत्यंत कठिन मार्गों को सरल बना देती है और प्रत्येक ‘श्रद्धावान’ के जीवन में उस सर्वशक्तिमान ईश्वर के शाश्वत अस्तित्व को स्थापित करती है। यही ‘सच्चिदानंद धर्म’ है; अर्थात् सत्य, चैतन्य और परमानंद पर अधिष्ठित जीवनमार्ग।

‘मैं उस सर्वशक्तिमान भगवान का एक अंश हूँ और फिर भी उनसे कभी अलग नहीं हूँ’—इस सत्य को अपने जीवन में प्रत्यक्ष अनुभव करने का सर्वोच्च, अत्यंत सरल और सहज मार्ग है—‘भक्तिभाव चैतन्य’।

इसीलिए सभी मनुष्यों के लिए ‘स्वयंभगवान’ की दिव्य लीलाएँ ही वास्तविक ‘ज्ञान’ हैं; ‘भक्तिभाव चैतन्य’ के मंत्रगजर द्वारा स्वयं को भगवान से जोड़ना ही वास्तविक ‘योग’ है; और उनसे निरंतर प्रेम करते हुए अपने सभी अच्छे-बुरे कर्मों को उनके चरणकमलों में अर्पित करना ही वास्तविक ‘कर्म’ है। इन तीन सूत्रों से समृद्ध ‘भक्तिभाव चैतन्य’ वास्तव में सभी प्रकार की वृत्तियों और सभी प्रकार के स्वभाववाले मनुष्यों के लिए जीवन को सुखमय बनानेवाला अद्वितीय मार्ग है।

मनुष्य में विद्यमान प्रत्येक प्रकार की उत्तम क्षमता और कौशल को विकसित करनेवाला एकमात्र अमृत अर्थात् जीवनदायी रस है—‘भक्तिभाव चैतन्य’।

स्वयंभगवान त्रिविक्रम — वास्तविक स्वामी

‘सर्वव्यापी आकाश के रूप में स्वयंभगवान सर्वत्र हैं; वे मेरे भीतर भी हैं और बाहर भी हैं’—इस भाव को बनाए रखना ही ‘भक्तिभाव चैतन्य’ है।

‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ मुझसे जितना प्रेम करते हैं, उसका दसवाँ हिस्सा प्रेम भी मेरे असंख्य जन्मों के सभी स्वजनों ने मिलकर मुझसे नहीं किया होगा—यह जानकर ‘उनसे’ भरपूर प्रेम करते रहना ही भक्तिभाव चैतन्य है।

“मैं केवल अपने जीवनरूपी खेत की खेती करनेवाला किसान हूँ और ‘स्वयंभगवान’ ही उसके वास्तविक स्वामी हैं”—ऐसी दृढ़ श्रद्धा हृदय में रखकर मंत्रगजर करते रहना ही ‘भक्तिभाव चैतन्य’ की अवस्था है।

यह ‘त्रिविक्रम भक्तिभाव चैतन्य’ ऐसा कभी समाप्त न होनेवाला अक्षय खजाना है, जिसे प्रत्येक श्रद्धावान को भरपूर लूटकर ले जाना चाहिए। इस खजाने को जी भरकर लूटने की स्वतंत्रता और अनुमति स्वयं श्री त्रिविक्रम ने ही प्रदान कर रखी है।

श्रद्धावानों के जीवन में भगवान का पड़नेवाला चरण अर्थात् ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम का मंत्रगजर’।

‘स्वयंभगवान’ का जो रूप हमारे हृदय को सर्वाधिक प्रिय होता है, वही हमारे लिए उनका सबसे सत्य रूप होता है।

हमें अत्यंत प्रिय ‘स्वयंभगवान त्रिविक्रम’ के रूप, नाम और दिव्य लीलाओं को अपने हृदय में संजोकर रखना चाहिए और असीम भक्ति के साथ उनसे प्रेम करना चाहिए। परंतु इसके लिए ‘उन्होंने’ दिखाए हुए मार्ग का ही अनुसरण करते हुए, उनके पदचिह्नों पर अपने कदम रखते हुए आगे बढ़ते रहना चाहिए।

जिज्ञासु से श्रद्धावान

आदिमाता और भगवान दत्तगुरु के प्रति स्वयंभगवान की भक्ति ही मूल भक्ति है। इसलिए प्रत्येक भक्त किसी भी देवता को जो भक्ति अर्पित करता है, वह भक्ति अंततः ‘भक्तिभाव चैतन्य’ में ही विलीन हो जाती है।

जब भक्त के हृदय में दास्य, सख्य और शरणागति के भाव—भले ही कभी-कभार—जागृत होने लगते हैं, तब स्वयंभगवान स्वयं उस साधक को भक्ति के मार्ग पर तीव्र गति से आगे ले जाते हैं। वे उसकी छोटी-सी सेवा को भी दस गुना करके स्वीकार करते रहते हैं और उसके बाद अत्यंत कोमल हाथों से उस साधक को ‘श्रद्धावान’ बनाकर, उसे अपना मित्र बनाकर, धीरे से ‘भक्तिभाव चैतन्य’ में ला छोड़ते हैं।

श्रद्धावान बनने के लिए केवल एक ही बात जानने की आवश्यकता है—सच्चा १०८% प्रेम केवल ‘स्वयंभगवान’ से ही प्राप्त हो सकता है और स्वयंभगवान ऐसा प्रेम करने के लिए सदैव आतुर रहते हैं।

एक बार यह सत्य समझ में आ जाए, तो वह भक्त ‘श्रद्धावान’ बन जाता है और ‘भक्तिभाव चैतन्य’ अर्थात् आनंद-सरोवर में निवास करने लगता है।

भक्तिभाव चैतन्य अर्थात् साक्षात् स्वयंभगवान ही हैं और उस भक्तिभाव चैतन्य में मग्न होकर निवास करना अर्थात् उस सर्वशक्तिमान परमेश्वर के अनंत स्वरूप में निवास करना है।

वास्तव में यही प्रत्येक जीव की स्वाभाविक अवस्था है, क्योंकि स्वयंभगवान पहले से ही संपूर्ण विश्व और उसके अणु-रेणुओं में प्रवेश कर चुके हैं और इसीलिए उन्हें ‘महाविष्णु’ कहा जाता है। (संस्कृत की ‘विश्’ धातु का अर्थ ‘प्रवेश करना’ अथवा ‘व्याप्त होकर रहना’ है।)

संपूर्ण भगवद्गीता और संपूर्ण रामायण मूलतः ‘भक्तिभाव चैतन्य’ अर्थात् साक्षात् ‘स्वयंभगवान’ का ग्रंथस्वरूप हैं।

स्पंद शक्ति

इस विश्व के प्रत्येक देह और प्रत्येक पदार्थ का मूलभूत स्वरूप शक्तिमय अर्थात् ‘स्पंद’ रूप ही है। इसलिए इस विश्व के सभी व्यवहार और सभी कर्म भी ‘स्पंद’ रूप ही हैं।

मनुष्य जो पुण्य अथवा पाप करता है, वह पाप या पुण्य भी स्पंदमय ही होता है और उस पाप अथवा पुण्य का फल अर्थात् उसका परिणाम भी मूलतः ‘स्पंद’ रूप ही होता है।

किसी व्यक्ति के कर्मों के परिणामों से उत्पन्न होनेवाले स्पंद मुख्य रूप से मन के माध्यम से उस व्यक्ति के ‘त्रिविध शरीरों’ में प्रवेश करके कार्यरत होते हैं अथवा उस व्यक्ति के आसपास की परिस्थितियों में प्रवेश कर कार्य करते हैं। पापकर्मों के स्पंद (पाप-स्पंद) विनाशकारी एवं हानिकारक परिणाम उत्पन्न करते हैं, जबकि पुण्यकर्मों के स्पंद (पुण्य-स्पंद) विधायक, कल्याणकारी एवं फलदायी परिणाम उत्पन्न करते हैं।

इसलिए पापकर्मों और उनके परिणामों का नाश करने के लिए भी विशिष्ट प्रकार के स्पंदों (Vibrations) की आवश्यकता होती है; केवल सत्कर्मों से उत्पन्न होनेवाले स्पंद यह कार्य नहीं कर सकते।

परंतु इसके लिए भक्तिभाव चैतन्य में रहना आवश्यक होता है और पिछले जन्मों तथा इस जन्म के पाप जितने अधिक होते हैं, उतना ही भक्तिभाव चैतन्य में बने रहना कठिन होता जाता है।

और ठीक इसी स्थान पर ‘स्वयंभगवान’ हस्तक्षेप करते हैं। परंतु किसके लिए? केवल उस व्यक्ति के लिए, जो सभी तर्क-कुतर्कों को एक ओर रखकर स्वयंभगवान अथवा उनके किसी भी रूप की प्रेमपूर्वक शरण लेता है।

इसीलिए साक्षात् प्रेमस्वरूप ‘स्वयंभगवान’ अपने ‘भक्तिभाव चैतन्य’ में निरंतर पवित्र स्पंदों को अखंडित रूप से प्रवाहित करते रहते हैं, ताकि इस भक्तिभाव चैतन्य में रहनेवाले प्रत्येक श्रद्धावान के लिए इन पवित्र स्पंदों की अक्षय समृद्धि सदैव उपलब्ध रहे।

भक्तिभाव चैतन्य का उद्गम

अब प्रश्न यह उठता है कि स्वयंभगवान का यह ‘भक्तिभाव चैतन्य’ किस प्रकार उत्पन्न होता है?

मनुष्य शोक कब करता है? जब वह असहाय होकर दुःख का सामना करता है, तभी वह शोक करता है; और यह असहायता पूर्वजन्मों के संचित पापों के कारण उत्पन्न होती है।

फिर शोक कब समाप्त होता है? जब कोई व्यक्ति सामर्थ्य और दृढ़ता के साथ संकटों अथवा दुःखों का सामना करने में सक्षम बन जाता है, तब उसका शोक समाप्त हो जाता है। ऐसा सामर्थ्य केवल ‘भक्तिभाव चैतन्य’ से उत्पन्न होनेवाले शुद्ध एवं पवित्र स्पंदों से ही प्राप्त हो सकता है।

सभी मार्ग त्रिविक्रम में विलीन होते हैं

बापूजी आगे लिखते हैं—

कोई व्यक्ति श्रीराम, श्रीकृष्ण, विष्णुजी, शिवजी अथवा किसी भी अन्य दिव्य रूप की उपासना करना चुने, तो इसमें कोई आपत्ति नहीं है। क्योंकि परमात्मा एवं परमेष्ठी के किसी भी रूप का भजन, पूजन, नमन, वंदन, तप, चिंतन, ध्यान अथवा यज्ञ—यह सब अंततः भगवान दत्तगुरु, आदिपिता सहजशिव नारायण और आदिमाता जगदंबा नारायणी—इन ‘त्रि-नाथों’ तक ही पहुँचता है।

परंतु यह कैसे होता है?

प्रत्येक भक्त और उसके इष्टदेवता के बीच निरंतर विकसित होता संबंध तथा उस भक्त द्वारा किए जानेवाले उपर्युक्त सभी प्रयास अंततः एकमात्र ‘अंतिम सेतु’—स्वयंभगवान श्रीत्रिविक्रम—में ही विलीन हो जाते हैं और फिर वही श्री त्रिविक्रम उस भक्त के सभी प्रयासों को त्रि-नाथों को अर्पित करते हैं।

सच्ची आध्यात्मिक अनुभूति