पवित्र ग्रंथों की दिंडी
सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने सभी को रसयात्रा का और अत्यंत श्रद्धाभाव से पवित्र ग्रंथों को लेकर चलनेवाली दिंडी का भी गहन आध्यात्मिक महत्त्व बताया। उन्होंने श्रद्धावानों को यह समझाया कि महान संतों द्वारा रचित पवित्र ग्रंथ केवल धर्मग्रंथ नहीं हैं, बल्कि उनकी भक्ति, आध्यात्मिक अनुभव और दिव्य ज्ञान की मानो साक्षात् सजीव अभिव्यक्ति हैं। श्रीविठ्ठल की भक्ति में अपना जीवन समर्पित करनेवाले संतों द्वारा रचित ये ग्रंथ मात्र ग्रंथ नहीं हैं, बल्कि श्रद्धावान के जीवन में उन्हें ‘गुरु’ का स्थान प्राप्त हैं।
स्वयं सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी अपने लेखन और प्रवचनों में अनेक संतवचनों का उल्लेख करते रहते हैं। संतों द्वारा रचित इन ग्रंथों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ज्ञानेश्वरी, तुकाराम गाथा, साईसच्चरित और एकनाथी भागवत जैसे पवित्र ग्रंथों की दिंडी निकाली गई। ग्रंथदिंडी में सहभागी श्रद्धावान भक्त ‘जय जय रामकृष्ण हरि’, ‘ज्ञानोबा माऊली... तुकाराम’ जयघोष करते हुए पालकी के साथ चल रहे थे। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के इसमें सहभागी होने से सभी भक्तों का आनंद उमड़ पड़ा था। इस दिंडी ने पंढरपुर की वारी का रूप धारण कर लिया था।
हर एक कदम मानो संतों के चरणों में अर्पित किया जा रहा था और इस भाव से श्रद्धावान भक्तिभाव में नृत्य कर रहे थे कि संतों के वचनों ने साधकों को परमेश्वर तक पहुँचने का मार्ग दिखाया है।
भक्तिरस से सराबोर संध्या
शाम को सभी को गीली चिकनी मिट्टी दी गई। उससे श्रद्धावानों ने श्रीज्ञानेश्वर माऊली (संत ज्ञानेश्वर महाराज)की पादुकाएँ बनाईं। मिट्टी धीरे-धीरे श्रीज्ञानेश्वर माऊली की पादुकाओं का रूप ले रही थी और प्रत्येक श्रद्धावान को संतों की विनम्रता, ज्ञान तथा अखंड भक्तिमय जीवन से एक व्यक्तिगत नाता जुड़ने का अनुभव हो रहा था।
उसी समय श्रीसाईसच्चरित के रचयिता हेमाडपंत (श्री गोविंद रघुनाथ दाभोलकरजी) के पौत्र श्री अप्पासाहेब दाभोलकरजी ने सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी की आज्ञा के अनुसार उसी पवित्र मिट्टी से शिवलिंग बनाकर उसका पूजन किया। हर एक श्रद्धावान द्वारा बनाई गई श्रीज्ञानेश्वर माऊली की पादुकाओं का अर्चन-द्रव्य से पूजन करने के बाद उन पादुकाओं को शिवलिंग पर अर्पित किया गया। इन पादुकाओं का शिवलिंग पर किया गया अर्पण भक्ति, ज्ञान और समर्पण की एकरूपता का प्रतीक बना।
उस समय सभी ने श्रीज्ञानेश्वर माऊली के गायत्री जप का पाठ किया। इस पवित्र उपासना के दौरान सभागृह संत ज्ञानेश्वरजी के गायत्री मंत्र के सामूहिक जप से गूँज उठा। उस जप के स्पंदनों ने सभी के अंतर्मन में शांति और भक्तिभाव उत्पन्न किया।
रात में सत्संग हुआ। यह सत्संग पूरी रात चलता रहा। सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के मार्गदर्शन और उनके सान्निध्य में सभी इतने तल्लीन हो गए थे कि मानो समय ठहर गया हो। भोर की किरणों ने जब नए दिन के आगमन का संकेत दिया, तभी यह सत्संग संपन्न हुआ।

आळंदी : भक्ति का अखंड प्रवाह
रसयात्रा के दूसरे दिन श्रीज्ञानेश्वर माऊली की समाधि, अजानवृक्ष और हैबतबाबा की समाधि के दर्शन किए गए। ये सभी स्थान संतों की चिरंतन विरासत और वारकरी परंपरा की साक्षी दे रहे थे।
इस अवसर पर आळंदी संस्थान की ओर से परमपूज्य सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी को सम्मानित किया गया। उस समय उन्होंने अत्यंत हृदयस्पर्शी यादें बतायीं। इसके साथ ही उन्होंने संत निवृत्तिनाथजी, संत ज्ञानेश्वरजी, संत सोपानदेवजी और संत मुक्ताबाईजी—इन चारों भाई-बहनों द्वारा जगत्-कल्याण के लिए किए गए अथक प्रयासों और उनकी भगवद्भक्ति की कथाएँ सुनाईं। भक्ति, निःस्वार्थ सेवा, करुणा और आध्यात्मिक ज्ञान से परिपूर्ण उनका जीवन आनेवाली पीढ़ियों को भी भक्ति के मार्ग पर प्रेरित करता रहता है।
शाम को अमृतमंथन उपासना संपन्न होने के बाद सभी इंद्रायणी नदी के तट पर गंगापूजन के लिए एकत्रित हुए। इंद्रायणी नदी ही आळंदी की गंगा है। यहाँ सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने स्वयं इंद्रायणी माता का पूजन करके दीपदान किया। उन्होंने प्रवाहित जल में पहला प्रज्वलित दीप अर्पित किया और उसके बाद सभी भक्तों ने इंद्रायणी की धारा में प्रज्वलित दीप अर्पित किए।
असंख्य दीप इंद्रायणी के जल पर तैरने लगे और पूरा नदी तट भक्ति के सुंदर दृश्य से जगमगा उठा। मानो प्रत्येक दीप एक मौन प्रार्थना लेकर बह रहा था, प्रत्येक लहर में दिव्य कृपा का प्रतिबिंब दिखाई दे रहा था और प्रत्येक अंतर्मन सद्गुरु के प्रेम तथा संत ज्ञानेश्वर महाराज के आशीर्वाद में सराबोर हो गया था।
इस रसयात्रा का एक विलक्षण प्रसंग आज भी उसके साक्षी रहे श्रद्धावानों की यादों में जिवीत है। चौबल आजोबा ऐसे भाग्यशाली भक्त थे, जिन्हें बचपन में श्रीसाईनाथ का सान्निध्य प्राप्त हुआ था और उनकी गोद में खेलने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ था।
सभी श्रद्धावानों ने अपने-अपने प्रज्वलित दीप इंद्रायणी की धारा में अर्पित किए। सभी दीप नदी की धारा के साथ सहज रूप से बहते चले गए। किंतु चौबल आजोबा द्वारा अर्पित किया गया दीप अकेला ही धीरे-धीरे धारा की विपरीत दिशा में जाने लगा, मानो कोई अदृश्य दिव्य शक्ति उसे अपनी ओर खींच रही हो।
वहाँ उपस्थित लोगों के लिए यह प्रसंग केवल एक विलक्षण दृश्य नहीं था; यह चौबल आजोबा की अविचल श्रद्धा, निर्मल भक्ति और श्रीसाईनाथ की अगाध कृपा का हृदयस्पर्शी अनुभव था।
भक्ति की राह पर — देहू
रसयात्रा के तीसरे दिन सुबह सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने संतश्रेष्ठ तुकाराम महाराज की महिमा बताई और इसके बाद सभी वहाँ से देहू के लिए रवाना हुए। देहू पहुँचकर सभी ने संतश्रेष्ठ तुकाराम महाराज के मंदिर, वैकुंठगमन वृक्ष आदि स्थानों के दर्शन किए। देहू यह संत तुकाराम महाराज की जन्मभूमि है। वहाँ का प्रत्येक स्थान संत तुकाराम महाराज की चिरंतन विरासत की याद दिला रहा था। श्रद्धावानों को उनकी अविचल श्रद्धा, विनम्रता और श्रीविठ्ठल के चरणों में किए गए पूर्ण समर्पण का स्मरण हो रहा था।
इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने रसयात्रा का महत्त्व सटीक शब्दों में समझाया—
‘रसयात्राएँ शुरू हुईं। हर वर्ष एक-एक स्थान पर। लेकिन हमारे जीवन में रसयात्रा निरंतर नए रूप में शुरू होती रहती है और चलती ही रहती है।’
इन शब्दों से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने भौतिक तीर्थयात्राओं से लेकर हर एक साधक द्वारा जीवनभर की जानेवाली अंतर्मुखी यात्रा की ओर उनका ध्यान मोड दिया। आगे भक्ति का महत्त्व बताते हुए सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने ‘ज्ञान-विज्ञानकारिणी भक्ति’ यह अनोखा शब्दप्रयोग किया।
‘ज्ञान और विज्ञान का एक साथ आना आवश्यक है, अर्थात मुझे जो अच्छा लगता है और जो सत्य है—ये दोनों एक साथ आने चाहिए। वास्तविकता और इच्छा के द्वंद्व से भय उत्पन्न होता है; ऐसा न हो, इसके लिए ज्ञान और विज्ञान का एक साथ आना आवश्यक है और यह केवल भक्ति से ही संभव है।’
इन शब्दों में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने ‘ज्ञान-विज्ञानकारिणी भक्ति’ को स्पष्ट किया। इसका रसयात्रा से होने वाला संबंध बताते हुए उन्होंने कहा—
‘ऐसे भक्तिरस की अखंड गंगोत्री हैं ज्ञानदेवजी! संत ज्ञानेश्वरजी ने समाज में भक्तिप्रेम की ज्योति प्रज्वलित की। कर्मकांड में उलझे समाज को एक छोटा-सा सूक्ष्म झटका देकर उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति के अंतर्मन में पवित्र स्पंदन उत्पन्न किए। वही स्पंदन आज भी यह यात्रा करते समय हमें प्राप्त हुए हैं और हम उन स्पंदनों को अपने साथ लेकर जानेवाले हैं।’
इन शब्दों से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने इस रसयात्रा से भक्तों के जीवन में होनेवाले सकारात्मक परिवर्तन का एहसास कराया। इसके बाद परमपूज्य सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने संत मुक्ताबाई के ‘मुंगी उडाली आकाशी’ (चींटी उड़ चली आकाश में...) अभंग का निरूपण करते हुए कहा—
‘चींटी यानी हमारी श्रद्धा। जब यह श्रद्धा हमारे अंतर्मन में पूर्णता प्राप्त करती है, तब उसका सामर्थ्य बहुत विशाल हो जाता है।’
अंत में उन्होंने अपनी प्रिय कविता की दो पंक्तियाँ कहीं—
‘देणार्याने देत जावे, घेणार्याने घेत जावे,
घेणार्याने एक दिवस देणार्याचे हात घ्यावे.’
(हिंदी अनुवाद -‘देनेवाला देता जाए, लेनेवाला लेता जाए,
लेने वाला एक दिन, देने वाले के हाथ थाम ले जाए।’)
इसका अर्थ समझाते हुए उन्होंने कहा कि दान देनेवाले की तरह लेनेवाले के हाथ भी दानी बनने चाहिए। अर्थात जिसे मिला है, वह भी एक दिन देनेवाले की तरह देने के लिए अपने हाथों को योग्य बनाए।












