विज्ञान और भक्ति : दो मार्ग, एक ही सत्य
अनेक लोगों को विज्ञान और अध्यात्म दो अलग-अलग दुनिया के हिस्से लगते हैं। विज्ञान को तर्क, प्रमाण और निरीक्षण से जोड़ा जाता है, जबकि भक्ति को अक्सर भूलवश अंधविश्वास मान लिया जाता है। 16 दिसंबर 2005 को दैनिक ‘प्रत्यक्ष’ में प्रकाशित ‘आजची गरज (आज की आवश्यकता)’ शीर्षक संपादकीय में बापूजी ने लिखा था:
“विज्ञान और भक्ति कभी भी एक-दूसरे के लिए बाधक नहीं बनेंगे; इसके विपरीत, विज्ञान की समृद्धि से भक्ति के वैभव में वृद्धि ही होगी और भक्ति के सामर्थ्य से विज्ञान की संहारक शक्ति दुर्बल होकर उसके रचनात्मक आविष्कार अधिकाधिक शक्तिशाली होंगे।”
यही विचारधारा उनके संपूर्ण जीवन में प्रतिबिंबित होती है। बापूजी के अनुसार विज्ञान अध्यात्म की अंधविश्वास और तर्कहीनता से रक्षा करता है, जबकि भक्ति विज्ञान को स्वार्थ और विनाशकारी दुरुपयोग से बचाती है। विज्ञान और अध्यात्म मिलकर मानवता के कल्याण के साधन बनते हैं। अपनी चिकित्सा-शिक्षा के दौरान बापूजी ने स्वयं को कभी भी भगवान से दूर नहीं किया। इसके विपरीत, सृष्टि में व्याप्त सुव्यवस्था, सटीकता और बुद्धिमत्ता का उन्हें अधिकाधिक बोध होता गया। उसी प्रकार उनके अध्यात्म ने वैज्ञानिक चिंतन को कभी अस्वीकार नहीं किया। इस अनुभव से उनके मन में विनम्रता का भाव और अधिक गहराई से दृढ़ होता गया। मानव ज्ञान कितना भी विशाल क्यों न हो जाए, उससे भी श्रेष्ठ वैश्विक बुद्धिमत्ता के सामने वह सदैव छोटा ही है—यह बोध उनके मन में उत्पन्न हुआ।
सद्गुरु : एक शाश्वत भक्त
लाखों लोग बापूजी को अपना सद्गुरु मानते हैं, फिर भी बापूजी ने ‘मैं एक शिष्य और एक भक्त हूँ’—इस भाव को कभी नहीं छोड़ा। बापूजी द्वारा लिखित श्रीमद्पुरुषार्थ ग्रंथराज अर्थात ‘सत्यस्मृति’ के दूसरे खंड ‘प्रेमप्रवास’ में उन्होंने अपने उन पंचगुरुओं का परिचय दिया है, जो उनके जीवन के प्रत्येक पहलू का मार्गदर्शन करते हैं। ये पंचगुरु केवल उनके उपास्य देवता ही नहीं, बल्कि उनके जीवन की आध्यात्मिक नींव हैं। बापूजी का जीवन अपने पंचगुरुओं के प्रति उनकी अविचल गुरुभक्ति और संपूर्ण समर्पण का साकार रूप है। इन पंचगुरुओं का वर्णन उन्होंने ‘प्रेमप्रवास’ ग्रंथ में इस प्रकार किया है:
- 1. श्री दत्तगुरु — ये बापूजी के करविता (करवानेवाला) गुरु हैं।
- 2. श्री गायत्रीमाता — ये बापूजी की वात्सल्यगुरु हैं।
- 3. श्रीराम — ये बापूजी के कर्ता गुरु हैं।
- 4. महाप्राण हनुमंत — ये बापूजी के रक्षक गुरु हैं।
- 5. श्री साईबाबा — ये बापूजी के दिग्दर्शक गुरु हैं।
ये पंचगुरु मिलकर बापूजी के जीवन की आध्यात्मिक संरचना को प्रकट करते हैं और उनकी सीख में होने वाले भक्ति, अनुशासन, विनम्रता, करुणा तथा व्यावहारिक जीवन के सुंदर समन्वय को स्पष्ट करते हैं।

माँ जगदंबा के प्रति अनन्य भक्ति
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के आध्यात्मिक जीवन की एक और विशेषता है आदिमाता महिषासुरमर्दिनी के प्रति उनकी अनन्य भक्ति। बापूजी आदिमाता महिषासुरमर्दिनी को केवल शक्तिस्वरूपा न मानकर, अपनी माता के रूप में उनकी उपासना करते हैं। वे स्वयं को प्रेमपूर्वक उनका पुत्र कहते हैं। यह संबंध पूर्ण विश्वास, बिना किसी शर्त के प्रेम और संपूर्ण शरणागति पर आधारित है। बापूजी के लिए आदिमाता सदैव प्रेम करने वाली ऐसी माता हैं, जिनकी असीम ममता और संरक्षण की छाया में वे उनके बालक के रूप में रहते हैं। यह सरल-सी अभिव्यक्ति एक गहन आध्यात्मिक दृष्टिकोण प्रकट करती है। गुरु की भूमिका स्वीकार करने से पहले वे स्वयं को एक बालक की भूमिका में रखते हैं—ऐसा बालक, जिसे अपनी दिव्य माता के असीम प्रेम और संरक्षण पर पूर्ण विश्वास है।
भक्ति में तल्लीनता
बापूजी की पुस्तकें और प्रवचन उनके भक्ति के तत्त्वज्ञान की व्याख्या करते हैं; किंतु उनकी दैनिक जीवनशैली में भक्ति कितनी गहराई से समाई हुई है, इसका वास्तविक अनुभव श्रीहरिगुरुग्राम में किया जा सकता है। वहाँ का मंच ही उनके अंतर्मन का प्रतिबिंब दिखाई देता है।
मंच के मध्य में सर्वोच्च आदर के स्थान पर श्री दत्तगुरु विराजमान हैं और उनके समीप श्री स्वामी समर्थ तथा श्री साईनाथ हैं। यह व्यवस्था मौन रूप से एक महत्वपूर्ण सत्य का बोध कराती है की हजारों लोगों के सामने उनके सद्गुरु के रूप में खड़े होने से पहले बापूजी परमेश्वर के सामने एक भक्त के रूप में खड़े होते हैं। एक भी शब्द बोले बिना वे सिखाते हैं कि मान-सम्मान प्राप्त करने से पहले आदर होना चाहिए; मार्गदर्शन करने से पहले कृतज्ञता होनी चाहिए; और समर्पण ही नेतृत्व की सुदृढ़ नींव होना चाहिए।
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी का जीवन अनुशासित और अत्यंत समृद्ध करने वाली उपासना की परंपरा से दृढ़ता से जुड़ा हुआ है। उनकी आध्यात्मिक साधना में नित्य, नैमित्तिक और विशेष उपासनाएँ सम्मिलित हैं और प्रत्येक उपासना वे नियमित रूप से तथा भक्तिभाव से करते हैं।
अपनी नित्य उपासना के अंतर्गत बापूजी श्री हनुमान चलीसा, सुंदरकांड, श्री रामरक्षा स्तोत्र, घोरकष्टोद्धारण स्तोत्र, दत्तमाला मंत्र, श्री दत्तबावनी, देवी अपराधक्षमापन स्तोत्र, शुभंकरा और अशुभनाशिनी स्तोत्र का पाठ करते हैं। साथ ही, इन पवित्र ग्रंथों के शाश्वत ज्ञान के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए वे नियमित रूप से श्रीरामचरितमानस का अध्ययन करते हैं और श्री साईसच्चरित्र के एक अध्याय का पाठ करते हैं। इससे ऐसे पवित्र ग्रंथों के शाश्वत ज्ञान के प्रति उनका आदरभाव प्रकट होता है।
इसके अतिरिक्त बापूजी नियमित रूप से मासिक और वार्षिक उपासनाएँ करते हैं। प्रत्येक वर्ष वे एक निश्चित अवधि के लिए सांगली स्थित अपने निवास पर आध्यात्मिक उपासना हेतु जाते हैं। मुंबई स्थित उनके निवास पर भी प्रतिवर्ष दो दत्तयाग किए जाते हैं। नवरात्रि में परांबा पूजन, श्री स्वामी समर्थ प्रकट दिन के अवसर पर की जाने वाली उपासना और गुरुपूर्णिमा के अवसर पर उनके परिवार द्वारा किया जाने वाला पूजन—इन जैसी विशेष उपासनाओं में भी उनके परिवार की भक्ति की अखंड और समृद्ध परंपरा दिखाई देती है। वेदों और उनकी परंपराओं का गहन ज्ञान रखने वाले बापूजी प्रत्येक उपासना गहरी शास्त्रोक्त समझ, कडे अनुशासन और सबसे महत्वपूर्ण, हृदय से की गई भक्ति के साथ करते हैं। उनके जीवन में उपासना यह केवल अवसर विशेष पर किया जाने वाला आचरण नहीं, बल्कि परमेश्वर के प्रति उनके प्रेम, कृतज्ञता और संपूर्ण समर्पण की निरंतर अभिव्यक्ति है।
भक्ति : जीवन जीने का मार्ग
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के लिए भक्ति केवल कर्मकांड तक सीमित नहीं है। पूजन करना हो, आरती में सहभागी होना हो, पवित्र मंत्रों का पाठ करना हो, पुस्तकें लिखना हो, ‘दैनिक प्रत्यक्ष’ के लिए अग्रलेख लिखना हो या प्रवचन देना हो—उनके प्रत्येक कार्य में भक्ति का वही भाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। धर्मग्रंथों के प्रति भी उनका यही दृष्टिकोण दिखाई देता है। वे रामायण, महाभारत, भगवद्गीता, श्रीमद्भागवत, गुरुचरित्र, श्री साईसच्चरित्र और संतों के चरित्रग्रंथों का अध्ययन तथा निरूपण केवल पवित्र साहित्य के रूप में नहीं करते, बल्कि श्रद्धावानों के दैनिक जीवन का मार्गदर्शन करने वाले जीवंत मार्गदर्शक के रूप में करते हैं।

श्रद्धा के बल पर आगे बढ़ना
बापूजी द्वारा हमें दी गई अत्यंत महत्त्वपूर्ण सीख में से एक है—केवल परमेश्वर पर विश्वास करने और परमेश्वर के साथ जीने यानी श्रद्धापूर्वक जीवन-पथ पर आगे बढ़ने के बीच का अंतर। अनेक लोगों के जीवन में श्रद्धा कठिन समय में सामने आती है। प्रार्थना सहायता की याचना बन जाती है और भक्ति की जड़ें आशा में समाई होती हैं। बापूजी साधकों को प्रेमपूर्वक इस अवस्था से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
भगवान भविष्य में कभी आने वाले नहीं हैं, बल्कि वे तो जीवन में पहले से ही उपस्थित हैं, जो हर कदम पर मार्गदर्शन करते हैं, रक्षा करते हैं, बल देते हैं और साथ रहते हैं। यह बोध संकटों का सामना करने की हमारी दृष्टि बदल देता है। “यह मेरे ही साथ क्यों हुआ?” ऐसा प्रश्न करने के बजाय भक्त यह सोचने लगता है, “इस अनुभव के माध्यम से परमेश्वर मुझे क्या सिखा रहे हैं?” इस प्रकार श्रद्धा केवल कभी-कभार मिलने वाला सहारा न रहकर निरंतर साथ रहने वाली संगिनी बन जाती है।
समाजसेवा को समर्पित भक्ति
बापूजी की सीख अध्यात्म को सांसारिक जिम्मेदारियों से कभी अलग नहीं करती। उनके अनुसार सच्ची भक्ति व्यक्ति को अधिक सत्यनिष्ठ, करुणामय, अनुशासित, विश्वसनीय और दूसरों की सेवा के लिए तत्पर बनाने वाली होनी चाहिए। उनसे प्रेरणा लेकर की जाने वाली असंख्य निःस्वार्थ सेवाएँ इसी विचारधारा का साकार रूप हैं। इनमें स्वास्थ्य संबंधी उपक्रम, आपदा प्रबंधन, रक्तदान शिविर, शैक्षणिक परियोजनाएँ और अन्य विविध समाजसेवाएँ सम्मिलित हैं। बापूजी के लिए ये बातें भक्ति से अलग नहीं हैं—ये कर्म के माध्यम से व्यक्त होने वाली भक्ति ही हैं।
करुणा के बिना प्रार्थना अधूरी रहती है।
सेवा के बिना उपासना अधूरी रहती है।
विनम्रता के बिना ज्ञान अधूरा रहता है।
उनका जीवन यह दर्शाता है कि परमेश्वर के प्रति प्रेम स्वाभाविक रूप से मानवता के प्रति प्रेम के रूप में व्यक्त होता है।
आज के ऐसे समय में, जहाँ चरित्र से अधिक उपलब्धियों और आदर से अधिक प्रसिद्धि का गौरव किया जाता है, वहाँ सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी हमारे सामने एक अलग आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उनका जीवन यह दर्शाता है कि वैज्ञानिक प्रवीणता और गहन अध्यात्म साथ-साथ रह सकते हैं और सच्चे ज्ञान की सर्वोच्च अभिव्यक्ति विनम्रता के गुण में ही दिखाई देती है। उनके जीवन के केंद्र में अंबज्ञ (Ambadnya) रहने का सिद्धांत है। ‘अंबज्ञ’ मराठी शब्द आदिमाता महिषासुरमर्दिनीके चरणकमलों के प्रति अपार और अविचल कृतज्ञता का भाव व्यक्त करता है। बापूजी स्वयं इस कृतज्ञता के भाव में जीते हैं; साथ ही वे प्रत्येक श्रद्धावान को जीवन की हर परिस्थिति में अंबज्ञ रहने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करते हैं।
इसलिए डॉक्टर, विद्वान, सफल लेखक और लाखों लोगों के सद्गुरु—इन सभी पहचानों से परे उनकी सबसे चिरस्थायी पहचान सबसे सरल और शायद सबसे महान है।






















