सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी वर्ष २०१६ तक श्रीहरिगुरुग्राम में गुरुवार के प्रवचन से पहले मुख्य प्रवेश द्वार से मुख्य मंच तक पैदल आते थे और प्रवचन के बाद लौटते समय मुख्य मंच से मुख्य प्रवेश द्वार तक पैदल जाते थे।

उस समय उनके चरणों के मिट्टी में अंकित होनेवाले चिह्न ही ‘प्रत्यक्ष पादुका’ कहलाते थे। बापूजी के वहाँ से चले जाने के बाद अनेक श्रद्धावान उन चरणचिह्नों को अत्यंत आदरपूर्वक वंदन करते थे।

इन चरणचिह्नों को ‘प्रत्यक्ष पादुका’ यह नाम चौबळ आजोबा ने दिया था। चौबळ आजोबा को बचपन में स्वयं श्रीसाईनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। आगे चलकर जब बापूजी, अर्थात डॉ. अनिरुद्ध जोशी, इन्हीं चौबळ आजोबा के घर गए, तभी चौबळ आजोबा ने इस सद्गुरुतत्त्व को पहचान लिया था।

“ये चरण अत्यंत पुरातन हैं....... ये चरण पुराणपुरुष के हैं। इन चरणों को मैं पहचानता हूँ। ये चरण जहाँ कहीं भी हों, वहाँ अपना मस्तक रखना।” बापूजी के चरणों को देखकर चौबळ आजोबा ने महेशसिंह गडकरी (चौबळ आजी की बहन के बेटे) से यह कहा था।

आज बापूजी गाड़ी से श्रीहरिगुरुग्राम आते-जाते हैं और श्रद्धावानों के मन में बापूजी के प्रति होने वाला प्रेम और भक्ति आज भी पहले जैसी ही है। इसलिए श्रद्धावान आज भी उसी भाव से गाड़ी के टायरों के नीचे की मिट्टी अपने साथ ले जाते हैं। उनकी दृष्टि में बापूजी जहाँ अपने चरण रखते हैं, वहाँ की मिट्टी का हर एक कण उनकी पवित्र उपस्थिति से पावन हो जाता है। इसीलिए श्रद्धावानों के लिए वह मिट्टी बापूजी की चरणधूल है, बापूजी की ‘प्रत्यक्ष पादुका’ है।

बापूजी ने एक प्रवचन में कहा था कि भरतजी वंदन-भक्ति के आचार्य हैं। ‘भरत-भेट’ शब्द हम कई बार सुनते हैं। ‘भरत-भेट’ का अर्थ क्या है?

श्रीसाईसच्चरित्र में हेमाडपंतजी एक सुंदर शब्द का प्रयोग करते हैं। साईनाथ के प्रथम दर्शन कैसे हुए? ‘धूलभेट’ हुई।

हेमाडपंतजी पहली बार शिरडी गए थे। वे हवेली में जाकर बैठे ही थे कि किसी ने कहा,

“चलिए, चलिए, जल्दी चलिए, बाबा हवेली के कोने के पास आए हुए हैं।”

सभी लोग दौड़कर जाते हैं। यह वर्णन हमने पढ़ा है और वहीं हेमाडपंतजी बाबा (साईबाबा) के रूप को देखकर आश्चर्यचकित हो जाते हैं।

“अरे, जिस भगवान को मैं खोज रहा था, वे मेरे सामने खड़े हैं। मेरे परमात्मा मेरे सामने खड़े हैं।”

और उस धूल में अपनी प्रतिष्ठा, शुचिता, मॅजिस्ट्रेट अथवा न्यायाधीश होने की कोई भी लाज या परवाह किए बिना वे बाबा के चरणों में लोट जाते हैं। अपने पूरे शरीर को उस चरणधूल से भर लेते हैं।

सद्गुरु के चरणों की धूल ही हमारे लिए सबसे श्रेष्ठ वस्तु है। सद्गुरु के चरणों की धूल ही हमारे लिए सबसे पवित्र वस्तु है। यह धूल ही किसी भक्त को प्राप्त होनेवाला सबसे बड़ा खजाना है और भक्त के जीवन का सबसे पवित्र आशीर्वाद है। यही ‘धूलभेट’ अर्थात ‘भरत-भेट’ है।