पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से जनमानस में प्रेमपूर्वक सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के रूप में पहचाने जाने वाले डॉ. अनिरुद्ध धैर्यधर जोशीजी गैर-राजनीतिक मराठी दैनिक ‘प्रत्यक्ष’ के कार्यकारी संपादक के रूप में मार्गदर्शन कर रहे हैं। अपने अग्रलेखों के माध्यम से वे निरंतर जनसामान्य को दिशा देते आए हैं। ‘प्रत्यक्ष’ के पन्नों के माध्यम से अभिव्यक्त होने वाले बापूजी और उनके शब्दों ने सही अर्थों में पाठकों के हृदय को छुआ है।

बापूजी की प्रत्येक पंक्ति में एक कुशल पत्रकार, एक उदात्त दूरदर्शी, एक स्पष्ट विचारक और निश्चित रूप से पाठकों की चिंता करने वाले प्रेमपूर्ण सद्गुरु के दर्शन होते हैं।

असंख्य पाठकों के लिए ‘प्रत्यक्ष’ का पहला पृष्ठ अर्थात बापूजी का अग्रलेख! अनेक पाठकों के अनुसार, इस लेखन में उन्हें अपने ही मन के विचार, चिंताएँ और आकांक्षाएँ स्पष्ट शब्दों में प्रतिबिंबित होती दिखाई देती हैं—ऐसी भावनाएँ, जिन्हें वे स्वयं शायद कभी इतनी सटीकता से व्यक्त नहीं कर पाते। आज के समय में जब पुस्तक आदि पढनेवालों की संख्या लगातार कम होती जा रही है, तब बापूजी के अग्रलेखों की बनी हुई लोकप्रियता निश्चित रूप से एक उल्लेखनीय अपवाद है।

दैनिक प्रत्यक्ष

बापूजी के अग्रलेख : मार्गदर्शक दीपस्तंभ

समय के साथ सब कुछ बदलता है; जो नहीं बदलता, उसे समय बदल देता है। बापूजी के अग्रलेख बदलते समय के अनुरूप स्वयं को ढालते हुए आगे बढ़ने में सहायता करने वाले एक साधन के रूप में कार्य करते हैं।

आघात अंधकार में ही होता है। अपने आसपास की वास्तविकता का स्पष्ट ज्ञान न होना ही अंधकार है! दैनिक ‘प्रत्यक्ष’ और उसमें प्रकाशित अग्रलेखों के माध्यम से बापूजी ने हमारे जीवन को प्रभावित करने वाली सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आध्यात्मिक बातों को पाठकों के लिए समझने योग्य बनाकर इस अंधकार को दूर करने का निरंतर प्रयास किया है।

बापूजी के ये अग्रलेख अज्ञान के साथ-साथ गलतफहमियों, अनुमानों और अटकलों को दूर करते हैं और निम्नलिखित परिवर्तन लाते हैं:

  • * जानकारी का ज्ञान में रूपांतरण
  • * स्वप्न का वास्तविकता में रूपांतरण
  • * दुर्बलता का सामर्थ्य में रूपांतरण
  • * द्वेष का संवाद और प्रेम में रूपांतरण (शिक्षा का दीक्षा में रूपांतरण)
  • * अभाव का वैभव में रूपांतरण
  • * भय का विवेक में रूपांतरण
  • * जीवन का मंदिर में रूपांतरण।

पहला अग्रलेख

‘उद्धरेत् आत्मना आत्मानम्’ (“मेरा उद्धार केवल मैं ही कर सकता हूँ।”‌) शीर्षक वाले अपने पहले ही अग्रलेख में बापूजी ने दृढ़तापूर्वक कहा कि जब तक हम अपने विकास के लिए आसपास की परिस्थितियों, किसी अन्य की सहायता, चमत्कारों या प्रारब्ध पर निर्भर रहते हैं, तब तक हम अपने लक्ष्य तक कभी नहीं पहुँच सकते।

अपने अग्रलेखों के माध्यम से बापूजी ने निरंतर ऐसे समाज की संकल्पना प्रस्तुत की है, जो अन्याय को मूक दर्शक बनकर देखता न रहे और न ही भावनाओं के वशीभूत होकर अनियंत्रित प्रतिक्रिया दे। इसके स्थान पर उन्होंने अपने पाठकों के सामने अनुशासित, जिम्मेदार और दृढ़ निश्चय के साथ कार्य करने वाले समाज का आदर्श प्रस्तुत किया है।

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी का पहला अग्रलेख ‘उद्धरेत् आत्मना आत्मानम्’ पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।

‘तीसरा विश्वयुद्ध’

बापूजी की सबसे महत्त्वपूर्ण अग्रलेख-शृंखलाओं में से एक है - तीसरे विश्वयुद्ध पर आधारित शृंखला। इस शृंखला में पहले दो विश्वयुद्धों का क्रमिक अध्ययन किया गया और तीसरे विश्वयुद्ध की ओर तेजी से बढ़ते विश्व का परीक्षण किया गया। गहन शोध और सूक्ष्म विश्लेषण के आधार पर लिखे गए इन अग्रलेखों ने न केवल भविष्य की घटनाओं का पूर्वानुमान किया, बल्कि उभरती हुई वैश्विक वास्तविकताओं के प्रति सावधान भी किया।

संभावित वैश्विक संघर्ष के विनाशकारी परिणामों को अधोरेखित करने के साथ-साथ बापूजी ने भारत के सामने उपलब्ध रणनीतिक विकल्पों और उनके संभावित परिणामों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। ये अग्रलेख केवल खतरे की चेतावनी देने तक सीमित नहीं थे। वैश्विक संघर्ष सामान्य नागरिकों के दैनिक जीवन को आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और यहाँ तक कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी किस प्रकार प्रभावित कर सकता है, यह उन्होंने स्पष्ट किया। इस प्रकार इन अग्रलेखों ने पाठकों को सजग, तैयार और संकटों का सामना करने में सक्षम बने रहने के लिए मार्गदर्शन दिया। अपनी वैचारिक गहराई, वस्तुनिष्ठता और दूरदृष्टि के कारण विशेष रूप से उल्लेखनीय इन अग्रलेखों ने केवल सामान्य पाठकों का ही नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीति के क्षेत्र के विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों का भी ध्यान आकर्षित किया।

‘तीसरा विश्वयुद्ध’ — सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी द्वारा लिखी गई अग्रलेख शृंखला

समर्थ इतिहास

‘प्रत्यक्ष’ में प्रकाशित बापूजी की एक अन्य विस्तृत और प्रशंसनीय अग्रलेख-शृंखला का नाम था ‘समर्थ इतिहास’। यदि किसी राष्ट्र को अपना भविष्य गढ़ना है, तो उसे अपने अतीत को समझना आवश्यक है—इस विचार से प्रेरित होकर इस लेखमाला के माध्यम से सम्राट समुद्रगुप्त के कालखंड के जरिए भारतीयों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जड़ों से पुनः जोड़ने का प्रयास किया गया।

‘समर्थ इतिहास’ केवल अतीत के वैभव का गौरवगान करने वाली लेखमाला नहीं थी, बल्कि उन सिद्धांतों की खोज करने वाली शृंखला थी, जिन्होंने भारत को अभूतपूर्व समृद्धि और वैश्विक प्रभाव प्रदान किया। जनकेंद्रित शासन-व्यवस्था, धर्म पर आधारित समाज-व्यवस्था और सत्ता से अधिक ज्ञान को महत्त्व देने वाली मूल्य-व्यवस्था—इन सिद्धांतों का ‘समर्थ इतिहास’ लेखमाला में गहन विवेचन किया गया।

सुन्दरकाण्ड

संत तुलसीदासजी द्वारा रचित श्रीरामचरितमानस के सुन्दरकाण्ड पर आधारित अपनी ‘तुलसीपत्र’ अग्रलेख-शृंखला के माध्यम से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने इस बात को अधोरेखित किया कि सुन्दरकाण्ड केवल पाठ करने का एक अंश नहीं, बल्कि आचरण में उतारकर जीवन जीने का मार्गदर्शक है। शांतिपूर्ण, उद्देश्यपूर्ण और संतोषजनक जीवन के निर्माण के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान सुंदरकांड से प्राप्त होता है—यह उन्होंने इस लेखमाला के माध्यम से स्पष्ट किया।

इस शृंखला में बापूजी ने अग्रलेखों की एक उल्लेखनीय शृंखला भी लिखी, जिसके माध्यम से भारत के इतिहास के साथ-साथ मानव इतिहास के अनेक अज्ञात सत्य सामने आए। इस लेखन ने पाठकों के सामने ऐसे विभिन्न दृष्टिकोण प्रस्तुत किए, जो प्रचलित ऐतिहासिक कथनों में बहुत कम देखने को मिलते हैं। साथ ही, ‘सत्य अक्सर कल्पना से भी अधिक अप्रत्याशित और विलक्षण होता है’—इस शाश्वत सत्य की प्रभावशाली अनुभूति भी इन लेखों के माध्यम से पाठकों को हुई।

सुन्दरकाण्ड

श्री गणपति

विघ्नहर्ता और प्रत्येक शुभ कार्य के आरंभ में विशेष रूप से स्मरण किए जाने वाले श्रीगणपति भक्तों के हृदय में विशेष स्थान रखने वाले आराध्य देवता हैं। ‘प्रत्यक्ष’ में प्रकाशित अग्रलेखों की एक शृंखला के माध्यम से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ने वेदों, पुराणों और संतों की शिक्षाओं के आधार पर गणपति के गहन तत्त्वज्ञान और आध्यात्मिक महत्त्व को उजागर किया।

अत्यंत सरल और सुबोध भाषा में बापूजी ने गणपति के स्वरूप, गुणों, पूजन-अर्चन तथा पवित्र कथाओं और गणेशजी के स्वरूप के पीछे होनेवाली प्रतीकात्मकता को स्पष्ट किया। सर्वविदित परंपराओं और कथाओं के पीछे छिपे गहन तत्त्वों को उजागर करते हुए बापूजी ने पाठकों को सतही समझ से आगे बढ़कर उनके वास्तविक आध्यात्मिक महत्त्व को जानने में सहायता की। इन अग्रलेखों ने केवल भक्ति को समृद्ध नहीं किया, बल्कि अज्ञान, मिथ्या धारणाओं और गलत कथनों पर विजय पाकर भक्तों को अपनी श्रद्धा को अधिक स्पष्टता, दृढ़ विश्वास और सजगता के साथ समझने तथा उसे आचरण में उतारने की दृष्टि भी प्रदान की।

सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के दृष्टिकोण से गणेशभक्ति

कथामंजिरी और भारत का इतिहास

सुन्दरकाण्ड पर आधारित अपनी लोकप्रिय अग्रलेख-शृंखला के बाद बापूजी ने ‘कथामंजिरी’ नामक विस्तृत लेखमाला आरंभ की। यह लेखमाला चार स्वतंत्र शृंखलाओं में प्रकाशित हुई। ‘कथामंजिरी’ के माध्यम से बापूजी ने भारतीय इतिहास, संस्कृति और अध्यात्म के अपरिचित पहलुओं का गहन अध्ययन प्रस्तुत किया। प्राचीन काल से लेकर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम तक के लंबे कालखंड को समेटने वाले इस वृत्तांत को उन्होंने प्रभावशाली ढंग से पाठकों के सामने प्रस्तुत किया।

‘कथामंजिरी’ के पहले तीन भागों में प्रस्तुत अग्रलेख जो विजयरुद्र और धर्मलेखा के जीवन से जुडे है, जो सम्राट और साम्राज्ञी होते हुए भी स्वयंभगवान त्रिविक्रम के विनम्र दास के रूप में जीवन जीना चुनते हैं। विजयरुद्र भारतीय संस्कृति के सुंदर स्वप्न के प्रतीक हैं, जबकि धर्मलेखा उस स्वप्न का तेजस्वी साकार स्वरूप हैं। उनका जीवन भक्ति, धर्म, साहस, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा का आदर्श उदाहरण है। इस कथा के माध्यम से बापूजी ने स्पष्ट किया है कि जीवन में सच्ची सफलता—चाहे आध्यात्मिक हो या सांसारिक—अविचल भक्ति की सुदृढ़ नींव पर ही खड़ी होती है।

‘कथामंजिरी’ का चौथा भाग रानी लक्ष्मीबाई और अनेक भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की कथा को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करता है। उनके जीवन और व्यक्तित्व के उन पहलुओं पर इस भाग में प्रकाश डाला गया है, जिनसे सामान्य जन काफी हद तक अपरिचित हैं।

इन महान व्यक्तित्वों को देखते हुए हमें परमभक्ति से ओतप्रोत ऐसे भक्त दिखाई देते हैं, जिन्होंने ऊपर से अजेय और दुर्धर्ष प्रतीत होने वाले संकटों का सामना किया। इन कथाओं से यह विशेष रूप से अनुभव होता है कि उनके सामर्थ्य और अडिग संकल्प की मूल नींव यही भक्ति थी।

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अज्ञात इतिहास की एक झलक

भक्तिभाव चैतन्य

बापूजी के अग्रलेखों में प्रस्तुत अनेक विषयों में ‘भक्तिभाव चैतन्य’ ऐसा विषय है, जो भक्ति के वास्तविक स्वरूप और सार को स्पष्ट करता है।

सद्गुरु बापूजी के अनुसार, भक्तिभाव चैतन्य का अर्थ है स्वयंभगवान त्रिविक्रम के चरणों में प्रेमपूर्वक स्वयं को समर्पित कर उनका होकर रहना और इस दृढ़ अनुभूति के साथ जीवन जीना कि वे सदैव मेरे साथ हैं, हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं और हमारी देखभाल कर रहे हैं।

भक्तिभाव चैतन्य अर्थात भगवान का वास्तविक ज्ञान रखने वाले ‘भगवत्‌ज्ञान’ और भगवान की निरंतर उपस्थिति की जीवंत अनुभूति रखने वाले ‘भगवत्‌भान’ का सुंदर संगम। यह कठोर नियमों का पालन करने या बोझिल कर्मकांडों से भरा मार्ग नहीं, बल्कि प्रेम, संबंध और समर्पण का मार्ग है। इस मार्ग पर भक्त का प्रत्येक विचार, शब्द और कर्म भक्तिभाव से ही उत्पन्न होता है।

बापूजी स्पष्ट करते हैं कि स्वयंभगवान त्रिविक्रम के मंत्रगजर और भक्तिभाव चैतन्य में रचे-बसे जीवन के माध्यम से श्रद्धावान धीरे-धीरे अधिक परिपूर्णता, आंतरिक सौंदर्य और भगवान के साथ निरंतर दृढ़ होते संबंध का अनुभव करने लगता है। अपने प्रत्येक भक्त के अंतःकरण से उठने वाली हृदयपूर्ण पुकार का भगवान असीम प्रेम और करुणा से प्रत्युत्तर देते हैं।

अनिरुद्ध भक्तिभाव चैतन्य — अग्रलेख चर्चा

पीढ़ी-दर-पीढ़ी मार्गदर्शन और प्रेरणा देने वाले बापूजी के अग्रलेख

दो दशकों से भी अधिक समय से सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के अग्रलेखों ने पत्रकारिता की पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर अपना प्रभाव स्थापित किया है। ऊपर उल्लिखित अग्रलेख वैश्विक राजनीति, सांस्कृतिक इतिहास, अध्यात्म और व्यक्तिगत उत्कर्ष से लेकर कंप्यूटर साक्षरता जैसे विविध विषयों पर लिखे गए हजारों लेखों की केवल एक छोटी-सी झलक हैं। वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति से प्रेम करने वाले स्टीव इरविन के निधन के बाद उनके जीवन-कार्य की सराहना, भारत-रूस संबंधों का रणनीतिक महत्त्व और उनकी आवश्यकता तथा अन्य अनेक भक्तिपरक, सामाजिक, राष्ट्रीय और वैश्विक विषयों पर भी उन्होंने अपने संपादकीयों में विचार किया।

जिन विषयों की अनेक लोगों ने उपेक्षा की, जिन्हें अनदेखा किया या जिन्हें उठाने में संकोच किया, उन विषयों को भी बापूजी ने स्पर्श किया; और इसके पीछे एक ही उद्देश्य था—वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य की वास्तविकताओं का सामना करने के लिए समाज को तैयार करना।

समाज और विशेष रूप से सामान्य व्यक्ति के कल्याण एवं हित को केंद्र में रखकर लिखे गए इन अग्रलेखों ने पाठकों को ज्ञान देने के साथ-साथ उन्हें सक्षम बनाने का कार्य भी किया है।

जब सतर्क रहने की आवश्यकता थी, तब बापूजी ने सावधान किया; जब स्पष्टता का अभाव था, तब उन्होंने मार्गदर्शन किया; जहाँ स्मृति धुँधली पड़ गई थी, वहाँ उन्होंने अतीत का स्मरण कराया; और जहाँ भक्ति की ज्योति मंद पड़ गई थी, वहाँ उसे पुनः प्रज्वलित किया।