












‘श्री अनिरुद्ध पूर्णिमा उत्सव’ के दूसरे दिन प्रत्येक अधिकृत ‘सद्गुरू श्री अनिरुद्ध उपासना केंद्र’ को ‘चिन्मय पादुकाएँ’ सम्मान के साथ प्रदान की जाती हैं। जिन ‘प्रायोगिक उपासना केंद्रों’ को अधिकृत उपासना केंद्र का दर्जा प्राप्त हुआ है, उन्हें भी ये चिन्मय पादुकाएँ प्रदान की जाती हैं।
नये मान्यता प्राप्त उपासना केंद्रों के लिए चिन्मय पादुकाएँ प्राप्त होना यह केवल एक औपचारिक मान्यता नहीं है, बल्कि उन पवित्र पादुकाओं के माध्यम से उपासना केंद्र में सद्गुरू की जीवंत उपस्थिति का अनुभव करने का एक आनंदमय क्षण होता है।
प्रत्येक उपासना केंद्र को प्रदान की जाने वाली चिन्मय पादुकाएँ ‘श्री कृपाचैतन्य पादुकाओं’ के पवित्र स्पर्श से पावन हुई होती हैं। ‘कृपाचैतन्य पादुकाएँ’ और कुछ नहीं, बल्कि साक्षात सद्गुरू श्री अनिरुद्ध ही हैं; वे उनका आत्मस्वरूप और संपूर्ण अनिरुद्धमय स्वरूप हैं।
आज भारत सहित विश्व के अनेक देशों में सद्गुरू श्री अनिरुद्ध उपासना केंद्र कार्यरत हैं। प्रत्येक शनिवार इन चिन्मय पादुकाओं को अत्यंत भक्तिभाव से उपासना केंद्र में लाया जाता है और उनकी उपस्थिति में सामूहिक उपासना की जाती है। एक साथ प्रार्थना करने से श्रद्धावानों को सामूहिक रूप से भक्तिभाव चैतन्य का अनुभव होता है। श्रद्धावानों की यह दृढ़ भावना है कि सद्गुरू अनिरुद्ध बापूजी की चिन्मय पादुकाओं की उपस्थिति से हमें सद्गुरू के सान्निध्य की अनुभूति होती है।
श्रद्धावान इन पादुकाओं को अपने घर ले जाकर ‘पादुका पूजन’ भी करते हैं। चिन्मय पादुकाओं के आगमन के समय श्रद्धावानों के हृदय में यह भाव होता है कि साक्षात सद्गुरू बापूजी उनके साथ हैं। इससे श्रद्धावानों का मन भक्तिभाव चैतन्य से भर उठता है। भक्त कभी भी यह नहीं कहते कि “पादुकाएँ आई हैं”; बल्कि प्रेमवश वे केवल यही कहते हैं कि,
“बापूजी स्वयं हमारे घर आए हैं” अथवा “बापूजी स्वयं हमारे उपासना केंद्र में आए हैं।”














