हर अद्वितीय जीवन का एक आरंभ होता है। इनमें से कुछ लोगों के जीवन असाधारण परिस्थितियों में आरंभ होता है, तो कुछ लोगों के जीवन का निर्माण पीढ़ी-दर-पीढ़ी संजोए गए मूल्यों से शांतिपूर्वक होता रहता है और यह बाहरी दुनिया से अप्रकट रहता है। सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी का जीवन इसी दूसरी श्रेणी में आता है।

अनिरुद्ध बापूजी के जीवन के केवल महत्वपूर्ण पड़ावों को जानकर उन्हें समझने का प्रयास करना, यह उनके जीवन के पीछे की अधिक गहरी कथा को जानने से वंचित रह जाना है। बापूजी डॉक्टर, लेखक, आध्यात्मिक मार्गदर्शक या लाखों लोगों को प्रेरणा देने वाले सद्गुरु बनने से बहुत पहले से ही उनके परिवार में भक्ति, विद्वत्ता, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की एक विलक्षण परंपरा विद्यमान थी। ये मूल्य केवल सिखाए नहीं जाते थे; बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी उन्हें दैनिक जीवन में आचरण में उतारा जाता था।

इसी विलक्षण और समृद्ध पारिवारिक परंपरा से अनिरुद्ध बापूजी के जीवन की नींव रखी गयी।

अनिरुद्ध बापूजी का जन्म 18 नवंबर 1956 को त्रिपुरारी पूर्णिमा के पवित्र दिन प्रातः 4 बजकर 35 मिनट पर जोशी परिवार में हुआ। उनकी माताजी का नाम सौ. अरुंधती धैर्यधर जोशी और उनके पिता का नाम डॉ. धैर्यधर हरेश्वर जोशी था। डॉ. धैर्यधर जोशी अपने चिकित्सकीय निपुणता के साथ-साथ अपने करुणाशील स्वभाव के लिए भी सम्मान से जाने जाते थे।

फिर भी, बापूजी के व्यक्तित्व के निर्माण की कथा इससे भी बहुत पीछे, उनके पूर्वजों तक पहुँचती है।

उनके ननिहाल कुल को एक विलक्षण आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत प्राप्त थी। पीढ़ी-दर-पीढ़ी ज्ञान, भक्ति और सेवा—ये तीनों साथ-साथ विद्यमान रहे। शास्त्रों का गहन अध्ययन कभी भी विनम्रता से अलग नहीं हुआ और आध्यात्मिक साधना भी समाज के प्रति कर्तव्य से कभी अलग नहीं रही। इसी वातावरण ने अनिरुद्ध बापूजी के बाल्यकाल के व्यक्तित्व-निर्माण की अदृश्य नींव रखी।

श्रीविद्यामकरंद गोपीनाथशास्त्री पाध्ये — भक्ति में रची-बसी विद्वत्ता

इस परंपरा के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक थे बापूजी के परनाना श्रीविद्यामकरंद गोपीनाथशास्त्री पाध्ये।

वेदों और शास्त्रों के प्रकांड पंडित के रूप में उनका आज भी स्मरण किया जाता है। उनके व्यक्तित्व में बुद्धिमत्ता का तेज और गहरी भक्ति का सुंदर संगम था। श्रीगोपीनाथशास्त्री को जानने वाले लोगों को उनमें केवल एक विद्वान व्यक्ति ही दिखाई नहीं देते थे, बल्कि वे देखते थे कि इस विद्वत्ता से उनका अहंकार बढ़ने के बजाय उनकी विनम्रता और अधिक बढ़ी थी।

वे श्रीस्वामी समर्थ और शिर्डी के श्रीसाईबाबा के अनन्य भक्त थे। पारिवारिक परंपरा के अनुसार उनके बारे में एक प्रसंग सुनने को मिलता है—श्रीसाईबाबा से उनकी पहली ही भेंट में बाबा ने उनकी ओर देखकर केवल एक वाक्य कहा:

"आता तरी खूण पटली ना?" (“अब तो पहचान हो गई न?”)

श्रीगोपीनाथशास्त्री पाध्ये के लिए ये शब्द जीवनभर की आध्यात्मिक साधना बन गए। उन्होंने इसी वाक्य को अपना गुरुमंत्र स्वीकार किया और जीवनभर प्रतिदिन उसका 1,008 बार जप किया।

उनका पूरा दिन दो गहन आध्यात्मिक ग्रंथों के अध्ययन और निरूपण में बीतता था—वे ग्रंथ थे एकनाथी भागवत और पंचदशी। इन ग्रंथों पर प्रवचन करना केवल बौद्धिक अभ्यास नहीं था, बल्कि वही उनके आध्यात्मिक जीवन का सार था। उनकी विद्वत्ता उनकी भक्ति से कभी अलग नहीं हुई।

परिवार की आध्यात्मिक विरासत के आधारस्तंभ

इस परिवार की आध्यात्मिक संस्कृति के निर्माण में असाधारण महिलाओं की भी उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका थी। उनका शांत समर्पण शक्ति का चिरस्थायी स्रोत बन गया।

रमाबाई पाध्ये

श्रीगोपीनाथशास्त्री पाध्ये की पहली पत्नी रमाबाई पाध्ये ने आठ वर्ष की आयु से प्रतिदिन 1,008 बार “ॐ गं गणपतये नमः” इस पवित्र मंत्र का जप करना आरंभ किया। विवाह के बाद पति के मार्गदर्शन के अनुसार उन्होंने गणेश गायत्री का जप अपनाया और अनुशासन, अडिग श्रद्धा तथा भक्ति से परिपूर्ण जीवन जीना जारी रखा।

द्वारकाबाई पाध्ये (माई)

रमाबाई के निधन के बाद श्रीगोपीनाथशास्त्री पाध्ये की दूसरी पत्नी द्वारकाबाई पाध्ये, जिन्हें प्रेम से ‘माई’ कहा जाता था, इस परिवार में आईं। उन्होंने केवल घर की जिम्मेदारियाँ ही नहीं संभालीं, बल्कि पूरे परिवार को मातृवत स्नेह से अपना लिया। उन्होंने कम उम्र की मालती पाध्ये (बापूजी की दादी) का अपनी बेटी की तरह पालन-पोषण किया और जीवनभर भक्तिमार्ग पर अडिग रहीं।

बापूजी के जीवन को प्रभावित करने वाली नानी

सद्गुरु श्रीअनिरुद्ध के बाल्यकाल को सबसे अधिक प्रभावित करने वाली कोई एक व्यक्ति थीं, तो वह थीं बापूजी की नानी शकुंतलाबाई पंडित, जिनका मायके का नाम था, मालती पाध्ये।

उनका प्रभाव केवल एक अभिभावक की भूमिका तक सीमित नहीं था। वे उनकी पहली शिक्षिका, मार्गदर्शक और जीवन-मूल्यों की दिशा देने वाली व्यक्तित्व बनीं।

बापूजी की नानी स्वयं एक विद्वान महिला थीं। उनमें विलक्षण आध्यात्मिक सामर्थ्य के साथ-साथ परिस्थितियों का दृढ़ता से सामना करने की असाधारण क्षमता थी। वे श्रीस्वामी समर्थ, श्रीविठ्ठल-रखुमाई और भगवान श्रीकृष्ण की निष्ठावान भक्त थीं। उन्हें सौंपी गई प्रत्येक जिम्मेदारी निभाते हुए वे सेवाभक्ति से समृद्ध जीवन जीती रहीं।

कम उम्र में ही विधवा होने के बावजूद उन्होंने अत्यंत साहस के साथ संकटों का सामना किया। जिस समय सामाजिक रूढ़ियों के कारण महिलाओं को कुछ जिम्मेदारियाँ स्वीकार करने की अनुमति भी बहुत कम मिलती थी, उस समय उन्होंने स्वयं अपने पति का अंतिम संस्कार किया और मंत्राग्नि दी।

उनका आध्यात्मिक जीवन भी उतना ही विलक्षण था।

अपने ससुर श्री. अनंत वामन पंडित से दीक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने लगातार त्रेसठ वर्षों तक प्रतिदिन 108 बार रामरक्षा स्तोत्र के जप का नियम निरंतर और दृढ़ता से निभाया।

लेकिन उनकी आध्यात्मिकता कभी पूजा-स्थल की चार दीवारों तक सीमित नहीं रही।

जीवनभर उन्होंने विधवा महिलाओं, वंचित महिलाओं और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों को शांतिपूर्वक सहारा दिया और जाति या परिस्थिति को कभी भी करुणा के आड़े नहीं आने दिया।

कई वर्षों बाद स्वयं बापूजी ने उनके बारे में अत्यंत प्रेम से कहा था:

“उन्हीं ने मेरा जीवन गढ़ा। उन्होंने मुझे हमेशा अपने प्रेम की सुरक्षा में रखा। मुझे जो कुछ बनना था, वह बनाना ही उनके जीवन का लक्ष्य बन गया था। वे मेरी सबसे प्यारी नानी थीं।”

शायद किसी भी जीवनी की अपेक्षा बापूजी के ये शब्द ही उनकी नानी के व्यक्तित्व का उन पर पड़े प्रभाव को अधिक स्पष्ट रूप से रेखांकित करते हैं।

माँ का प्रेम

बापूजी की माँ सौ. अरुंधती जोशी ने परिवार की भक्तिमय वृत्ति को आत्मसात किया था।

वे सप्तशृंगी माता, भगवान श्रीकृष्ण और श्रीदत्तगुरु की अत्यंत निष्ठावान भक्त थीं।

1956 में गर्भावस्था के दौरान उन्हें कुछ विलक्षण आध्यात्मिक अनुभूतियाँ होने की बात पारिवारिक स्मृतियों में बताई जाती है। उन्हें बार-बार एक बड़ा नंदादीप जलता हुआ दिखाई देता था; उन्हें अनुभव होता था कि उस नंदादीप की ज्योति उनकी आँखों के सामने अधिकाधिक तेजस्वी होती जा रही है। साथ ही, वे जहाँ भी बैठतीं, वहाँ दीवार पर श्रीसाईबाबा की प्रतिमा उनके सामने प्रकट होती हुई भी उन्हें बार-बार दिखाई देती थी।

उन्होंने इन अनुभूतियों को दैवी आशीर्वाद माना और इस अवधि में उन्हें अनेक आध्यात्मिक दृष्टांत प्राप्त हुए।

इन अनुभूतियों को व्यक्तिगत अनुभव के रूप में देखा जाए या गहरी श्रद्धा की अभिव्यक्ति के रूप में, अनिरुद्ध बापूजी के जन्म से जुड़ी पारिवारिक कथा का यह एक चिरस्थायी हिस्सा बन गया।

करुणा का आचरण करने वाले पिता

यदि बापूजी की माँ के जीवन से भक्ति प्रतिबिंबित होती थी, तो उनके पिता के जीवन से समाज के प्रति निःस्वार्थ सेवा दिखाई देती थी।

डॉ. धैर्यधर हरेश्वर जोशी केवल अपने चिकित्सकीय ज्ञान के लिए ही नहीं जाने जाते थे, बल्कि जो रोगी उपचार का खर्च नहीं उठा सकते थे, उन रोगियों के प्रति अपनी अडिग प्रतिबद्धता के लिए भी अत्यंत आदर से जाने जाते थे।

कई दशकों तक उन्होंने अनेक गरीब रोगियों का उपचार किया और उनसे अक्सर केवल नाममात्र का शुल्क लिया। उनके दवाखाने में आर्थिक स्थिति की अपेक्षा करुणा को अधिक महत्व दिया जाता था।

उन्हें जानने वाले लोग अक्सर कहते थे कि उन्होंने “Service is Worship” (सेवा ही ईश्वर-भक्ति है) यह वाक्य केवल कहा नहीं था, बल्कि बापूजी के पिता ने उस वाक्य को अक्षरशः जिया था।

पारिवारिक इतिहास के अनुसार ऐसा प्रसंग बताया जाता है कि उन्हें अवधूत रूप में श्रीदत्तगुरु के दर्शन हुए थे। इस अनुभूति से उनकी भक्ति और अधिक दृढ़ हुई और निःस्वार्थ सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी और मजबूत हुई।

जीवन के अंतिम समय तक जरूरतमंदों की सेवा करना उनके जीवन का केंद्रबिंदु बना रहा।

मूल्यों की विरासत

पीछे मुड़कर देखने पर एक विलक्षण क्रम हमारे ध्यान में आता है।

  1. 1. परनाना से बापूजी को गहन और अनुशासित शास्त्र-अध्ययन की विरासत मिली।
  2. 2. परनानी से बापूजी को अनुशासन और अडिग भक्ति की विरासत मिली।
  3. 3. नानी से बापूजी को साहस, करुणा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन मिला।
  4. 4. माँ से बापूजी को निष्ठा मिली।
  5. 5. और पिता से बापूजी को निःस्वार्थ सेवाभाव तथा मानवता के प्रति आदर की भावना मिली।

इस महान परंपरा वाले परिवार में जन्मा यह बालक अपने व्यक्तित्व के निर्माण के दौरान समाज से दूर नहीं था, बल्कि परेल के भीड-भाड वाले इलाके में बड़ा हो रहा था। घर में सभी सुख-सुविधाएँ मौजूद होने के बावजूद, समाज के एक बड़े वर्ग के जीवन की वास्तविकता—गरीबी और संघर्ष—का निकट से अनुभव हो सके, इसलिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए बनाई गई एक स्कूल में बापूजी को दाखला कराया गया। यहीं से उनके जीवन-प्रवास का अगला अध्याय वास्तव में शुरू हुआ।

उम्र से परे सोचने वाला प्रौढ़ बालमन

जब तक अनिरुद्ध बापूजी ने विद्यालयी जीवन में प्रवेश किया, तब तक परिवार से मिले मूल्य उनके व्यक्तित्व में जड़ें जमाने लगे थे। लेकिन शीघ्र ही उनके आसपास के लोगों के ध्यान में आया कि उनमें केवल अनुशासन और करुणा ही नहीं, बल्कि असाधारण बौद्धिक परिपक्वता और कभी न समाप्त होने वाली जिज्ञासा भी थी। उनके शिक्षक और सहपाठी केवल उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के कारण ही नहीं, बल्कि उनके विचारों की गहराई और उनकी रुचियों की व्याप्ति के कारण भी अक्सर आश्चर्यचकित होते थे।

विचारों में स्पष्टता

बहुत छोटी उम्र में भी अनिरुद्ध बापूजी में अपनी आयु से अपेक्षित स्तर से कहीं आगे सोचने की क्षमता दिखाई देती थी।

हिमालय की पुकार

जब बापूजी तीसरी कक्षा में पढ़ते थे, तब उन्होंने स्कूल की ‘विकास’ पत्रिका के लिए “हिमालय की पुकार” शीर्षक से एक निबंध लिखा। भारत पर चीनी आक्रमण की पृष्ठभूमि में लिखे गए इस निबंध से उनके भीतर का असाधारण देशप्रेम और जिम्मेदारी की भावना दिखाई देती थी।

भय या असहायता व्यक्त करने के बजाय, इस बाल विद्यार्थी ने अपनी उम्र के बच्चों से शारीरिक और मानसिक रूप से स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया, ताकि आगे चलकर एक दिन वे देश की सेवा और रक्षा कर सकें। उन्होंने लिखा कि सेना में शामिल होने के लिए वे अभी बहुत छोटे हैं, लेकिन नियमित व्यायाम करना, अच्छा स्वास्थ्य बनाए रखना और भावी सैनिकों से अपेक्षित शक्ति को विकसित करना—इनकी तैयारी वे अभी से शुरू कर सकते हैं।

केवल सात-आठ वर्ष के बालक के मन में ऐसे विचार होना उल्लेखनीय बात थी। जिस उम्र में अधिकांश बच्चे ऋतुओं, त्योहारों या छुट्टियों पर निबंध लिखते हैं, उस उम्र में अनिरुद्ध बापूजी ने राष्ट्रीय कर्तव्य और सामूहिक जिम्मेदारी पर लिखना पसंद किया।

उनके आगे के विद्यालयी जीवन में भी उनकी बौद्धिक परिपक्वता निरंतर दिखाई देती रही।

यह मेरी राय है।

दसवीं कक्षा में पढ़ते समय उन्होंने “यह मेरी राय है” शीर्षक से एक और लेख लिखा। उसमें उन्होंने एक सर्वमान्य धारणा पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए पूछा:

“संन्यासाश्रम का अनुभव लेने के बाद गृहस्थाश्रम में प्रवेश करने में क्या हर्ज है?”

उनके शिक्षकों को केवल यह प्रश्न ही प्रभावशाली नहीं लगा, बल्कि बापूजी ने जिस स्वतंत्र ढंग से यह प्रश्न रखा, वह बात भी उन्हें विशेष रूप से पसंद आई। प्रचलित विचारों की केवल पुनरावृत्ति करने के बजाय उन्होंने उनका विचारपूर्वक अध्ययन किया और अपने निष्कर्ष निकाले। किशोरावस्था में रहते हुए भी उन्होंने परंपरा का सम्मान बनाए रखते हुए विवेकपूर्ण ढंग से विचार करने की तैयारी दिखाई। यही संतुलन आगे चलकर उनके लेखन और प्रवचनों की एक विशेषता बना।

इतनी कम उम्र में कोई व्यक्ति इतनी स्पष्टता और परिपक्वता के साथ कैसे सोच सकता है, इस बात पर बापूजी के शिक्षक अक्सर आश्चर्य करते थे।

प्रतिभा की अभिव्यक्ति

शैक्षणिक उत्कृष्टता यह अनिरुद्ध बापूजी के विद्यालयी जीवन का मात्र एक पहलु था।

विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले हर अवसर में वे पूरे मन से शामील होते थे। निबंध प्रतियोगिता हो, वक्तृत्व प्रतियोगिता हो, मंच पर प्रस्तुति हो या सांस्कृतिक कार्यक्रम—वे उत्साह और लगन के साथ उसमें भाग लेते।

विभिन्न क्षेत्रों में रुचि विकसित करते हुए भी उन्होंने लगातार अपने शैक्षणिक स्तर को ऊँचा बनाए रखा।

मराठी भाषा और साहित्य के प्रति उनका प्रेम विशेष रूप से दिखाई देता था।

विद्यालयी जीवन में भी भाषा पर उनका असाधारण प्रभुत्व था और उनमें नाट्यकला के प्रति विशेष रुचि विकसित हुई थी। प्रसिद्ध रंगमंच और फिल्म अभिनेता डॉ. काशीनाथ घाणेकर उनके प्रिय कलाकारों में से एक थे। खाली समय में वे ‘गारंबीचा बापू’, ‘अश्रूंची झाली फुले’ और ‘रायगडाला जेव्हा जाग येते’ जैसे प्रसिद्ध मराठी नाटकों के प्रसंग उत्साह से प्रस्तुत करते थे।

विद्यालय की सुबह की प्रार्थना के बाद यदि कोई औपचारिक कार्यक्रम आयोजित न होता, तो शिक्षक उन्हें विद्यार्थियों के सामने बोलने के लिए आमंत्रित करते। पूरे विद्यालय के सामने खड़े होकर वे विभिन्न विषयों पर असाधारण आत्मविश्वास, स्पष्टता और सहजता के साथ भाषण देते। उनकी उम्र के किसी विद्यार्थी के लिए यह एक असामान्य क्षमता थी।

कुमार कला केंद्र की ओर से आयोजित अंतरविद्यालयी प्रतियोगिताओं में विद्यालय को मिले यश में उनके योगदान की बड़ी भूमिका थी। वक्तृत्व, निबंध-लेखन या नाटक—क्षेत्र चाहे कोई भी हो, बापूजी ने लगातार अपने विद्यालय को प्रतिष्ठा दिलाने में योगदान दिया।

डॉ. शिरोडकर हाई स्कूल की स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने रामनारायण रुइया महाविद्यालय में विज्ञान शाखा में उच्च माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की और आगे होने वाली उनकी चिकित्सकीय शिक्षा की नींव वहीं रखी गयीं।

करुणा से अंकुरित नेतृत्व

यदि शैक्षणिक सफलता से बापूजी की क्षमताएँ दिखाई देती थीं, तो लोगों के साथ उनके व्यवहार से उनका चरित्र प्रकट होता था।

स्कूल की फीस माफ़ी

बापूजी के विद्यालयी जीवन की एक घटना ने उनके सहपाठियों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।

जब वे पाँचवीं कक्षा में थे, तब कक्षा-शिक्षक ने घोषणा की कि कक्षा प्रतिनिधि (मॉनिटर) की स्कूल फीस माफ कर दी जाएगी। अनिरुद्ध बापूजी ने तुरंत इस सुविधा को अस्वीकार कर दिया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की एक सहपाठिनी की ओर निर्देश करते हुए उन्होंने अनुरोध किया कि यह सुविधा उसे दी जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता डॉक्टर हैं, इसलिए उनकी फीस भरने में वे पूरी तरह सक्षम हैं।

उनकी इस कृति से पूरी कक्षा आश्चर्यचकित रह गई।

यह एक सरल बात थी; लेकिन इससे बापूजी में होने वाली न्याय और सहानुभूति की ऐसी सहज भावना दिखाई दी, जिसे पाठ्यपुस्तकों से नहीं सिखाया जा सकता।

स्कूल की ट्रीप

लोगों के मन में बापूजी ने जो विश्वास उत्पन्न किया था, उसका परिचय देने वाला एक और प्रसंग है।

एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के बाद विद्यालय ने कई वर्षों तक ट्रीप आयोजित करना बंद कर दिया था। इतिहास के शिक्षक श्री जी. डी. पाटील सर ने जब इस परंपरा को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया, तब कई अभिभावक (पेरेंटस) अपने बच्चों को ट्रीप के लिए भेजने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि अनिरुद्ध बापूजी भी ट्रीप के लिए आने वाले हैं, तो अनेक परिवारों ने अपना निर्णय बदल दिया।

यह विश्वास बापूजी के किसी पद या अधिकार के कारण नहीं बना था। उस समय वे केवल एक विद्यार्थी थे। बल्कि उन्होंने अपने व्यवहार, जिम्मेदारी की भावना और परिपक्वता के माध्यम से यह विश्वास अर्जित किया था।

अनिरुद्ध बापूजी के नेतृत्व गुण किसी पद के कारण नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व से स्वाभाविक रूप से उत्पन्न हुए थे।

उन्हें जानने वालों के शब्दों में

कई वर्षों बाद अनिरुद्ध बापूजी के अनेक शिक्षकों और सहपाठियों ने ‘मैंने देखे हुए बापू’ नामक पुस्तक में उनकी यादें साझा कीं। यद्यपि प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग प्रसंग याद थे, फिर भी उन सभी की यादों से उभरने वाली बापूजी की छवि आश्चर्यजनक रूप से एक जैसी थी।

उनकी शिक्षिका माननीय प्रभा पराडकर को याद था कि बापूजी ने पढ़ाई, नाटक, वक्तृत्व और सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त की; लेकिन इन सफलताओं का अपनी पढ़ाई पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया। वे अक्सर दूसरे विद्यार्थियों को उनके उदाहरण से सीखने के लिए प्रोत्साहित करती थीं और उन्हें याद दिलाती थीं कि सफलता हमेशा ईमानदार प्रयास और अनुशासन का परिणाम होती है।

उनकी सहपाठिनी शुभदा भांगले को बापूजी का मराठी भाषा पर असाधारण प्रभुत्व, साहित्य और नाटक के प्रति प्रेम तथा दर्शकों का ध्यान सहज रूप से आकर्षित करने की उनकी क्षमता याद थी। लेकिन उनके मन में सबसे गहरी छाप बापूजी की प्रतिभा की नहीं, बल्कि स्कूल की फीस माफ़ी वाले प्रसंग से दिखाई देने वाली उनकी करुणा की थी।

इतिहास के शिक्षक श्री जी. डी. पाटील को याद था कि कम उम्र में ही अभिभावकों ने उन पर जो विश्वास रखा था और उन्होंने जो जिम्मेदारी दिखाई थी।

एक और सहपाठिनी, बकुल मर्चेंट ने उनके व्यक्तित्व का अत्यंत सरल शब्दों में सार प्रस्तुत किया। प्रतिष्ठित और आर्थिक रूप से संपन्न परिवार से होने के बावजूद अनिरुद्ध बापूजी ने कभी भी गर्व या श्रेष्ठता की भावना नहीं दिखाई। शिक्षक, सहपाठी, प्रयोगशाला सहायक, विद्यालय के कर्मचारी, ग्रंथपाल या कैंटीन कर्मचारी—सभी के साथ वे समान आत्मीयता और सम्मान से व्यवहार करते थे।

उनकी विनम्रता के कारण हर व्यक्ति उनसे बात कर सकता था, उनके साथ घुल-मिल सकता था; और उनकी ईमानदारी के कारण उन्होंने अपने आसपास के प्रत्येक व्यक्ति का स्नेह प्राप्त किया।

अलग-अलग लोगों द्वारा साझा की गई ये यादें मिलकर युवावस्था के अनिरुद्ध की एक अत्यंत सुसंगत छवि सामने लाती हैं।

बापूजी के ये गुण कभी-कभार प्रकट होने वाले सद्गुण नहीं थे, बल्कि उनके व्यक्तित्व का अभिन्न अंग बन चुके थे।

प्रारंभिक नींव

आज पीछे मुड़कर देखने पर बचपन के ये अनुभव केवल अलग-अलग प्रसंग या यादें नहीं लगते, बल्कि एक व्यापक जीवन-कथा के आरंभिक अध्याय प्रतीत होते हैं।

बापूजी की नानी द्वारा सहेजकर विकसित किया गया अनुशासन, बापूजी के पिता ने अपने आचरण से दिखाई निःस्वार्थ सेवा की वृत्ति, बापूजी की माँ की अडिग श्रद्धा और पिछली पीढ़ियों से प्राप्त समृद्ध आध्यात्मिक विरासत—इन सभी का आविष्कार उस युवा विद्यार्थी में दिखाई दिया, जिसने केवल कक्षा में ही नहीं, बल्कि चरित्र में भी उत्कृष्टता प्राप्त की।

उनकी जिज्ञासा आगे उन्हें चिकित्सा-विज्ञान के अध्ययन की ओर ले गई। स्वतंत्र रूप से सोचने की उनकी क्षमता उनके लेखन और प्रवचनों को आकार देने वाली थी। समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों के प्रति उनकी आत्मीयता आगे चलकर उनके चिकित्सकीय व्यवसाय, सामाजिक उपक्रमों और आध्यात्मिक कार्य में दिखाई देने वाली थी।