आध्यात्मिक सत्यों की अनुभूति कराने वाला विज्ञान
अपने पूरे लेखन में, सद्गुरु अनिरुद्ध बापू अक्सर ऐसे सिद्धांतों का उपयोग करके आध्यात्मिक संकल्पनाओं को समझाते हैं जो वैज्ञानिक समझ के साथ मेल खाते हैं।
अपने द्वारा लिखित पवित्र ग्रंथराज *श्रीमद्पुरुषार्थ ग्रंथराज* (खंड एक – सत्यप्रवेश) में सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी ‘ब्रह्मांड ऊर्जा से व्याप्त होने’ का वर्णन करते हैं। यह संकल्पना वैज्ञानिक खोज और आध्यात्मिक समझ के बीच एक महत्त्वपूर्ण सेतु का निर्माण करती है।
14 मार्च 2019 को दैनिक प्रत्यक्ष में प्रकाशित तुलसीपत्र क्र. 1610 शीर्षक संपादकीय लेख में इस संकल्पना काऔर अधिक विस्तार करते हुए सद्गुरु बापूजी ने विज्ञान और अध्यात्म दोनों शास्त्रों को मान्य ‘ब्रह्माण्ड की स्पंदनरूप शक्तिमयता’ के विषय में लिखा है।
विज्ञान से जुड़े सद्गुरु
विज्ञान और अध्यात्म का यह सुंदर समन्वय सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के स्वयं के जीवन में भी दिखाई देता है। एम.बी.बी.एस. की उपाधि और उसके बाद मेडिसिन में एम.डी. की उपाधि प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने संधिवात विशेषज्ञ तथा मेडिकल कॉलेज में लेक्चरर के रूप में भी कार्य किया। इसलिए वैज्ञानिक चिंतन, विश्लेषणात्मक तर्क और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के लिए आवश्यक अनुशासित कार्यप्रणाली का उन्हें गहरा ज्ञान है।
इसी कारण भक्तिमार्ग को समझाते समय सद्गुरु बापूजी वैज्ञानिक सिद्धांतों, चिकित्सा संबंधी ज्ञान, तर्कसंगत चिंतन और दैनिक जीवन के अनुभवजन्य निरीक्षणों का बार-बार आधार लेते हैं। उनके प्रवचनों से यह स्पष्ट होता है कि सच्चा अध्यात्म मनुष्य को तर्कसंगत चिंतन त्यागने के लिए नहीं कहता। इसके विपरीत, वे यह दर्शाते हैं कि वैज्ञानिक खोज की प्रवृत्ति और आध्यात्मिक दृष्टिकोण के बीच सामंजस्य स्थापित किया जा सकता है और इससे साधक अपनी श्रद्धा को अधिक स्पष्टता, दृढ़ता और परिपक्वता के साथ समझ सकते हैं।
जिज्ञासा और निरंतर अध्ययन
श्रद्धावानों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने के लिए किए गए निरंतर प्रयास सद्गुरु बापूजी के कार्य की एक विशेषता हैं।
उन्होंने कभी यह नहीं माना कि भक्ति करते समय समकालीन ज्ञान से अलग रहना चाहिए। इसके विपरीत, वे लोगों को अपनी बौद्धिक जिज्ञासा जागृत रखने तथा विज्ञान और टेक्नॉलॉजी के क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
डॉ. निकोला टेस्ला
बापूजी के इस दृष्टिकोण का एक उत्तम उदाहरण है - 27 मार्च 2014 को श्रीहरिगुरुग्राम में विश्वविख्यात अनुसंधानकर्ता और वैज्ञानिक डॉ. निकोला टेस्ला के जीवन और कार्य पर उनके द्वारा किया गया विस्तृत विवेचन। डॉ. टेस्ला के योगदान के महत्त्व को ध्यान में रखते हुए सद्गुरु बापूजी ने उनके आविष्कारों का और अधिक अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद डॉ. टेस्ला और उनके वैज्ञानिक कार्यों पर जानकारीपूर्ण लेखों की एक शृंखला दैनिक प्रत्यक्ष में प्रकाशित की गई।
उभरती हुई टेक्नॉलॉजी
इसी प्रकार डॉ. अनिरुद्ध डी. जोशीजी ने स्वयं श्रद्धावानों के लिए नॅनोटेक्नॉलॉजी, क्लाउड कम्प्युटिंग और स्वॉर्म इंटेलिजन्स जैसे उभरते क्षेत्रों से परिचित कराने वाले सेमिनार आयोजित किए। इन सत्रों के माध्यम से टेक्नॉलॉजी से जुड़ी इन जटिल संकल्पनाओं को समझना आसान हुआ और यह भी स्पष्ट हुआ कि भक्ति पर आधारित जीवन का वैज्ञानिक प्रगति की गति के साथ चलना पूरी तरह सुसंगत है।
ऐसे उपक्रमों से बापूजी के इस दृढ़ विश्वास का बोध होता है कि भक्ति की सहायता से विश्व को देखने के हमारे दृष्टिकोण को सीमित करने के बजाय उसे और अधिक व्यापक बनाना चाहिए।
विज्ञान के प्रति सद्गुरु अनिरुद्ध बापूजी के मन में होने वाला सम्मान केवल सिद्धांतों तक ही सीमित नहीं रहा है।
4 सितंबर 2025 के अपने अंग्रेज़ी प्रवचन में बापूजी ने कहा कि जिज्ञासा हमें जीवंत रखती है, सीखने के लिए प्रेरित करती है और हमारी प्रगति का मार्ग प्रशस्त करती है! बापूजी हमें नई-नई चीज़ें खोजने, सृजन करने और जिज्ञासु बने रहने के लिए ए.आई. (AI) टूल्स का उपयोग करने का आवाहन करते हैं। मार्मिक विनोद, वास्तविक जीवन की कथाओं और आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से बापूजी हमें यह स्मरण दिलाते हैं कि जीवन सुंदर है, ज्ञान असीमित है और जिज्ञासा प्रगति की कुंजी है।
वैज्ञानिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करते हुए बौद्धिक जिज्ञासा को बनाए रखने के लिए उन्होंने श्रद्धावानों को निरंतर प्रोत्साहित किया है।
सर्वोच्च समन्वय
सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के लिए विज्ञान और अध्यात्म ऐसे दो समानांतर प्रवास नहीं हैं, जो कभी एक-दूसरे से मिलते ही नहीं। वे एक ही अंतिम सत्य की दिशा में आगे बढ़ने वाले दो मार्ग हैं।
यह गहन दृष्टि *श्रीमद्पुरुषार्थ ग्रंथराज* (खंड तीन – आनंदसाधना) में व्यक्त हुई है :
‘विज्ञान निरंतर प्रगति करता रहेगा
और
उसका सर्वोच्च बिंदु भी परमेश्वर की अनुभूति ही होगा।’
यह कथन उनके तत्त्वज्ञान का सुंदर सार प्रस्तुत करता है।
वैज्ञानिक प्रगति के कारण भौतिक विश्व के बारे में मनुष्य की समझ निरंतर विस्तृत होती जाती है। आध्यात्मिक प्रगति के कारण इस भौतिक विश्व से परे स्थित सर्वोच्च सत्य की अनुभूति करना संभव होता है। एक बाहरी विश्व की खोज करता है, तो दूसरा अंतर्मन में परिवर्तन लाता है। जब इन दोनों को ईमानदारी और निष्ठा से अपनाया जाता है, तो अंततः दोनों सत्य की दिशा में ही ले जाते हैं।
अभूतपूर्व वैज्ञानिक प्रगति के साक्षी होने वाले इस युग में, सद्गुरु बापूजी की सीख हमें इस शाश्वत सत्य का बोध कराती है कि केवल टेक्नॉलॉजी मानव-कल्याण की गारंटी नहीं दे सकती। करुणा, नैतिकता और भक्ति के मार्गदर्शन में उपयोग किया गया वैज्ञानिक ज्ञान ऐसा भविष्य गढ़ने की शक्ति रखता है, जो न केवल अधिक उन्नत हो, बल्कि मानवीय मूल्यों से भी समृद्ध हो।
विज्ञान और अध्यात्म का यही सामंजस्यपूर्ण समन्वय सद्गुरु श्री अनिरुद्ध बापूजी के मानवता संबंधी दृष्टिकोण के केंद्र में है।
